विज्ञापन

वैभव सूर्यवंशी की वजह से राजस्थान रॉयल्स को छोड़ना चाहते हैं यशस्वी जायसवाल? इरफान पठान का चौंकाने वाला बयान

यशस्वी जायसवाल के राजस्थान रॉयल्स छोड़ने की अटकलों के बीच इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि कप्तानी नहीं मिलना और टीम में बदली परिस्थितियां इसकी वजह हो सकती हैं.

वैभव सूर्यवंशी की वजह से राजस्थान रॉयल्स को छोड़ना चाहते हैं यशस्वी जायसवाल? इरफान पठान का चौंकाने वाला बयान
यशस्वी जायसवाल, वरुण चक्रवर्ती और इरफान पठान

ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि यशस्वी जायसवाल राजस्थान रॉयल्स के बेड़े में खुश नहीं हैं. वह जल्द ही आरआर का साथ छोड़ सकते हैं. जारी कयासों के बीच भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने भी अपना विचार साझा किया है. उन्होंने अनुमान लगाया कि जायसवाल के टीम छोड़ने की एक बड़ी वजह कप्तान नहीं बनाया जाना भी हो सकता है. 

पठान का कहना है, 'मैंने जो देखा है और जो कुछ सुना है. उस हिसाब से लगता है कि वहां वह ज्यादा खुश नहीं हैं. शायद कप्तानी करना चाहते हैं वह. मुझे नहीं पता. इस बारे में काफी चर्चाएं हो रही हैं. मगर मैं नहीं जानता कि अंदर की बात क्या है.'

यहीं नहीं पठान ने वैभव सूर्यवंशी के प्रभाव का भी जिक्र किया है. उनके मुताबिक जायसवाल के राजस्थान छोड़ने का एक कारण वैभव भी हो सकते हैं. पिछले सीजन में 15 वर्षीय वैभव ने शानदार प्रदर्शन से हर किसी का ध्यान आकर्षित किया था.

उन्होंने कहा, 'पिछले साल हमने देखा कि वैभव सूर्यवंशी टीम में आए और रियान पराग ने टीम की अगुवाई की थी. कहीं न कहीं मुझे लगा कि यशस्वी अपने असली अंदाज में नजर नहीं आए. अगर ऐसा है और मैं सिर्फ अनुमान लगा रहा हूं, तो हो सकता है कि वह लखनऊ या कोलकाता में कप्तानी करना चाहते हों.'

इरफान पठान का मानना है कि आईपीएल 2027 से पहले यशस्वी जायसवाल का राजस्थान रॉयल्स को छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में जाना दोनों टीमों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. 

इरफान ने कहा, 'कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम को कप्तान की जरूरत है. ऐसे में यशस्वी केकेआर में चले जाते हैं और बदले में वरुण चक्रवर्ती राजस्थान रॉयल्स में आ जाते हैं, तो मुझे इसमें कोई परेशानी नजर नहीं आती है.'

पठान ने कहा, 'केकेआर को एक कप्तान की जरूरत है. फिलहाल वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन पहले जैसा नहीं है, लेकिन वह अब भी बहुत अच्छे गेंदबाज हैं. उन्होंने केकेआर के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया है. उनके लिए केकेआर छोड़ना आसान नहीं होगा. मगर उनके बदले में केकेआर को भविष्य का कप्तान मिल जाएगा.'

यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड की घास वाली पिच देखकर चौंके रवींद्र जडेजा, बोले- इतनी घास तो मेरे घोड़े भी नहीं खाते!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Royals, Kolkata Knight Riders, Yashasvi Bhupendra Kumar Jaiswal, Irfan Khan Pathan, Varun Chakaravarthy Vinod, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com