दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल मुकाबला छह सितंबर से 10 सितंबर के बीच चेन्नई में खेला गया. जहां ईस्ट जोन की टीम साउथ जोन के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत हासिल करने में कामयाब रही. मैच के हीरो स्वयं ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन रहे. टीम के लिए पहली पारी में उन्होंने जुझारू 270 रनों की दोहरी शतकीय पारी खेली. वह यहीं नहीं रुके. दूसरी पारी में भी उनका बल्ला जमकर चला. टीम के लिए चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 98 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 81.63 की स्ट्राइक रेट से 80 रन बनाने में कामयाब रहे. दोनों पारियों में किशन के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से नवाजा गया.
किशन ईस्ट जोन की तरफ से खिताब जीतने वाले बने दूसरे कप्तान
दलीप ट्रॉफी 2026-27 का खिताब जीतते ही ईशान किशन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है. वह ईस्ट जोन की तरफ खिताब अपने नाम करने वाले महज दूसरे कप्तान बन गए हैं. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि केवल नटराज बेहरा के नाम दर्ज थी. जिन्होंने ईस्ट जोन की टीम को अपनी कप्तानी में दलीप ट्रॉफी का खिताब दो बार जिताया है. बेहरा ने पहली बार टीम को 2011–12 के सत्र में चैंपियन बनाया था. उसके बाद वह 2012–13 के सीजन में भी खिताब पर कब्जा जमाने में कामयाब रहे.
ईस्ट जोन ने फाइनल मुकाबले में साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी के आधार पर हासिल की जीत
दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल छह सितंबर से 10 सितंबर के बीच चेन्नई में खेला गया. जहां मुकाबला ड्रॉ होने के बावजूद ईस्ट जोन की टीम बाजी मारने में कामयाब रही. कई क्रिकेट प्रेमियों के मन में सवाल है कि मैच ड्रॉ होने के बावजूद ईस्ट जोन की टीम जीत हासिल करने में कैसे कामयाब रही? अगर आपका भी यही सवाल है तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं.
दरअसल, दलीप ट्रॉफी के नियमानुसार मुकाबला ड्रॉ होने की स्थिति में जो टीम पहली पारी में सबसे बड़ा स्कोर करने में कामयाब होती है. उसे मैच का विजेता घोषित किया जाता है.
दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 708 रन बनाने में कामयाब हुई थी. वहीं साउथ जोन की टीम अपनी पहली पारी में महज 336 रनों पर ऑल आउट हो गई थी. जिसके आधार पर ईस्ट जोन की टीम को फाइनल मुकाबले का विजेता घोषित किया गया.
यह भी पढ़ें- जीत के जश्न में जमकर थिरके ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी, 13 साल बाद दलीप ट्रॉफी पर ईस्ट जोन का कब्जा - VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं