विज्ञापन
This Article is From Feb 19, 2021

IPL Auction 2021: इन 5 बड़े दावेदारों पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं लगायी बोली, बिना बिके रह गए

IPL Auction 2021: वीरवार को हुई आईपीएल की मिनी नीलामी ने दिखाया है कि अब नीलामी कितनी क्रूर हो चुकी है! और अगर आपका दिन खराब हो, तो बड़े से बड़ा खिलाड़ी बिना बिके रह जाता है. कुछ खिलाड़ी प्रबल दावेदार थे, लेकिन उन पर किसी टीम ने बोली नहीं लगायी.

IPL Auction 2021: इन 5 बड़े  दावेदारों पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने नहीं लगायी बोली, बिना बिके रह गए
IPL Auction 2021: कंगारू वनडे कप्तान एरॉन फिंच पर किसी ने बोली नहीं लगायी
नई दिल्ली:

वीरवार को इंडियन प्रीमियर लीग 2021 के लिए हुई खिलाड़ियों की मिनी ऑक्शन में किसी को मोटी रकम मिली, तो कोई खिलाड़ी उम्मीद से कहीं कम मिले पैसे से निराश हो गया, लेकिन यहां ऐसे भी सितारे बड़ी संख्या में रहे, जिन पर किसी भी टीम ने कोई बोली ही नहीं लगायी. चलिए हम आपको ऐसे पांच बड़े सितारों से मिलवा देते हैं, जिनका एक तरह से आईपीएल करियर ही खत्म हो गया है. और अब ये शायद ही कभी आपको आईपीएल में खेलते दिखाई पड़े. ऑस्ट्रेलिया के वनडे कप्तान एरॉन फिंच सहित कई क्रिकेटरों ने बड़ी उम्मीद के साथ इस आईपीएल में आवेदन किया था, लेकिन किसी भी टीम की योजनाओं में ये क्रिकेटर फिट नहीं हुए. इनमें से कुछ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं, तो एक गेंदबाज इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही टेस्ट सीरीज में नट बॉलर है. 

इन 5 स्टार खिलाड़ियों को मिली बहुत ही कम रकम तो हैरान हुआ क्रिकेट जगत

1. एरॉन फिंच 

ऑस्ट्रेलियाई वनडे और टी20 टीम के कप्तान एरॉन फिंच को एक भी खरीददार नहीं मिलना चौंकाने वाला रहा. पिछले साल हुई नीलामी में आरसीबी के ओपनर रहे फिंच का बेस प्राइस 1 करोड़ रुपये था और विराट की टीम ने उन्हें 4.40 करोड़ में खरीदा था, लेकिन इस बार वह दुर्भाग्यशाली रहे. इस बार उनका बेस प्राइस एक करोड़ रुपये था, लेकिन कोई भी टीम उनके लिए आगे नहीं आयी. शायद इसकी वजह यह रही कि वह यूएई में हुए संस्करण में असर छोड़ने में नाकाम रहे. 

2. शेल्डन कॉट्रेल

विंडीज के लेफ्टआर्म सीमर शेल्डन कॉट्रोल को क्रिकेटप्रेमी उनके अंदाज के लिए हमेशा याद रखेंगे. विकेट चटकाकर सलामी देने के अंदाज के लिए मशहूर हुए कॉट्रेल पिछले साल के संस्करण में आकर्षण का केंद्र थे, लेकिन वह आईपीएल के लिए मौसमी बारिश ही  साबित हुए! पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स ने कॉट्रेल के लिए 8.50  करोड़ रुपये चुकाकर सभी को हैरान कर दिया था, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. दिल्ली के लिए खेले छह मैचों में कॉट्रेल इतने ही विकेट चटका सके. इस साल उनका बेस प्राइस एक करोड़ रुपये था और उनका मीटर यहीं अटक कर रह गया. किसी ने भी कॉट्रेल को नहीं खरीदा.

मुंबई इंडियंस की ओर से IPL खेलेंगे अर्जुन तेंदुलकर, 20 लाख में बिके

3. जेसन रॉय 

इंग्लैंड के बल्लेबाज जेसन रॉय ने अंतरराष्ट्रीय वनडे में अच्छी पहचान बनायी है. हालांकि, वह इंग्लैंड के लिए टी20 ज्यादा क्रिकेट नहीं खेले, लेकिन इस साल जब उन्होंने नीलामी में रुचि दिखायी, तो उम्मीद थी कि कोई न कोई टीम उन्हें जरूर खरीदेगी, लेकिन आईपीएल का ज्यादा अनुभव न होना और उपलब्धता को लेकर फ्रेंचाइजी टीमों का भरोसा न होना उनके खिलाफ गया. यही वजह रही कि 30 साल का यह उम्दा ओपनर दो करोड़ के बेस प्राइस को पाने में भी नाकाम रहा. साल 2017 में आईपीएल में आगाज करने वाले रॉय दो साल में सिर्फ 8 ही मैच खेल सके.

4. मोहित शर्मा

चेन्नई के लिए खेलने वाले हरियाणा के तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने धोनी की टीम के लिए खेलते हुए अच्छी पहचान बनायी थी. साल 2019 में हुई नीलामी में चेन्नई ने मोहित शर्मा को पांच करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी कीमत में खरीदने के बावजूद चेन्नई ने उन्हें साल 2019 में सिर्फ एक ही मैच खिलाया, तो पिछले साल भी उनके हिस्से में एक ही मैच आया. शायद यही वजह रही कि भारत के लिए 26 वनडे खेल चुके इस साल नीलामी में 
मोहित किसी टीम की योजना में फिट नहीं हो सके. उनकी 32 साल की उम्र भी बिक्री में आड़े  आयी और ये कारण रहे कि बेस प्राइस पचास लाख होने के बावूजद मोहित को कोई खरीददार नहीं मिला.

क्रिकेट के शाहरूख खान नीलामी में 5.25 करोड़ में बिके, ऐसा रहा है उनका करियर

5. अंकित राजपूत

उत्तर प्रदेश के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज अंकित राजपूत भले ही बड़ा नाम नहीं हैं, लेकिन वह राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजरों में कितनी अहमियत रखते हैं, यह आप इससे समझ सकते हैं कि वह इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही सीरीज में चार में से एक नेट बॉलर हैं. साल 2018 में पंजाब ने उन्हें तीन करोड़ रुपये में खरीदा था, तो पिछले साल वह राजस्थान के लिए खेले थे, लेकिन इस बार उन्हें किसी ने नहीं खरीदा. अंकित युवा हैं और उनका बेस प्राइस भी तीस लाख रुपये था, लेकिन उन पर किसी ने दांव नहीं खेला और वह बिना बिके रह गए. 

VIDEO: कुछ दिन पहले विराट ने करियर को लेकर बड़ा ऐलान किया था. ​

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Aaron James Finch, Indian Premier League 2021, Ankit Singh Rajpoot, Board Of Control For Cricket In India, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com