पाकिस्तान के पूर्व लेफ्टी पेसर मोहम्मद आमिर ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. आमिर ने'द हंड्रेड' ड्राफ्ट में एक विदेशी खिलाड़ी के रूप में प्रवेश किया था. और अब वह ब्रिटेन की इस प्रतियोगिता में ट्रेंट रॉकेट्स का प्रतिनिधित्व एक घरेलू (लोकल) खिलाड़ी के रूप में कर रहे हैं. अपनी ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद कई प्रशंसक यह सोच रहे हैं कि क्या वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेल सकते हैं. दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के कारण वर्तमान में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के IPL में खेलने पर प्रतिबंध है, लेकिन लीग के नियमों के तहत आमिर अब इसके लिए पंजीकरण कराने के पात्र हैं.
हाल ही में, इस बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ से उनकी भविष्य की योजनाओं और IPL में खेलने की संभावना के बारे में पूछा गया था. इस पर आमिर ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता अभी भी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) ही है और उन्होंने कहा कि उन्होंने IPL में खेलने की संभावना पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है. 'द हंड्रेड' के इतर आमिर ने कहा, 'मैं 2027 में PSL में एक विदेशी खिलाड़ी के रूप में खेलूंगा. जहां तक IPL का सवाल है, मुझे अभी नहीं पता कि मैं इसमें भाग लूंगा या नहीं.'
पहले भी यह ब्रिटिश पाकिस्तानी खेल चुका आईपीएल में
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद ने भी 2012 से 2015 तक IPL खेला था. आमिर की ही तरह महमूद ने भी ब्रिटिश नागरिकता हासिल की थी और बाद में उन्हें पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया था. उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए भी कुछ मैच खेले थे. आमिर ने साल 2024 T20 विश्व कप के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी. इसने उनके पाकिस्तानी करियर का अंत हो गया, जिसमें 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 T20I शामिल थे.
फ्रेंचाइजी लीगों की डिमांड में हैं आमिर
अपनी पीढ़ी के सबसे बेहतरीन बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ों में से एक माने जाने वाले आमिर, दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीगों में आज भी काफी मांग में रहने वाले खिलाड़ी हैं. इससे पहले जुलाई में, ट्रेंट रॉकेट्स के लिए आमिर के अनुबंध की आधिकारिक पुष्टि होने से पहले कुछ चिंताएं जताई गई थीं. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ आलोचकों का तर्क था कि ड्राफ्ट में विदेशी खिलाड़ी के रूप में पंजीकरण कराने के बाद उन्हें 'द हंड्रेड' में घरेलू खिलाड़ी के रूप में खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी.
ईसीबी ने दी मंजूरी
उन्होंने इस बात की ओर इशारा किया कि उन परिस्थितियों में, चोटिल खिलाड़ियों के विकल्प की तलाश करने वाली टीमों को छोड़कर अधिकांश अन्य टीमें उन्हें साइन करने में असमर्थ थीं. हालांकि, इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने इस फैसले को मंजूरी देते हुए कहा कि आमिर अब एक घरेलू खिलाड़ी के रूप में वर्गीकृत होने की पात्रता आवश्यकताओं को पूरा करते हैं और इसलिए वे इस हैसियत से भाग लेने के हकदार हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं