पिछले साल के संस्करण के आधार पर टीम इंडिया के टी20 फॉर्मेट में जगह बनाने के बाद प्लानिंग से बाहर हो गए गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) पर फिर से आलोचकों की नजरें लगी हुई हैं. यह संस्करण गिल के लिए यह साबित करने के लिए बहुत ही अहम है कि वह आगे भी भारत के लिए इस फॉर्मेट में में खेलने का दम-खम रखते हैं. वह इसमें कितना सफल हो पाएंगे, यह तो समय ही बता पाएगा, लेकिन उनके लिए सुझाव आने का सिलसिला जरूर शुरू हो गया है. भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि गिल को अहमदाबाद में GT के लिए फिर से बल्लेबाज़ी करने के मौके का भरपूर फायदा उठाना चाहिए. इस मैदान पर उन्होंने सभी फॉर्मेट में रन बनाने में मजबूत पहचान बनाई है.
अश्विन ने कहा, 'इन दिनों अहमदाबाद में उन्हें आउट करना बेहद मुश्किल हो गया है, वह वहां लगभग एक डॉन जैसे बन गए हैं. ऐसे में मुझे लगता है कि गिल को चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है और अगर मैं उनकी जगह होता, तो खुद से यही कहता कि फिर से जाकर जमकर रन लूटने हैं. खुद को चयन की दौड़ में बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका ढेर सारे रन बनाना है. वह GT के लिए सबसे बेहतरीन बल्लेबाज़ होंगे.' अश्विन ने यह भी कहा कि गिल को ज्यादा स्ट्राइक रेट के पीछे भागने के बजाय ज्यादा से ज्यादा रन बनाने को प्राथमिकता देनी चाहिए.
सक्रिय खेल के दिनों में ही महान खिलाड़ी का दर्जा पा सके अश्विन ने कहा, 'मुझे इसमें कोई शक नहीं है कि शुभमन इस सीज़न में भी पिछले साल की तरह ही अपनी बल्लेबाज़ी करेंगे. अगर शुभमन स्ट्राइक रेट के पीछे भागते रहे और रन नहीं बनाए, तो GT को भारी नुकसान होगा. मुझे उम्मीद है कि वह ऐसा नहीं करेंगे. वह बिना ज्यादा स्ट्राइक रेट का पीछा किए भी रन बना सकते हैं.' पूर्व ऑफ स्पिनर ने कहा, 'गिल, (साई) सुदर्शन और (जोस) बटलर की टॉप-3 में शुभमन इस सीज़न में बेहद भूखे खिलाड़ी के तौर पर उतरेंगे. हमें एक और सीज़न देखने को मिल सकता है, जहां गिल ऑरेंज कैप की दौड़ में होंगे. यह भी हो सकता है कि वह ऑरेंज कैप जीत लें, क्योंकि टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में वापसी के लिए वह कुछ भी करने को तैयार होंगे.'
IPL 2026: 'यह मेरा प्लान है', हैदराबाद के नए कप्तान इशान किशन ने किया रणनीति का खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं