जब कभी भी भारतीय ही नहीं, बल्कि विश्व मॉडर्न क्रिकेट में वापसी के कुछ शानदार उदाहरण दिए जाएंगे, तो इनमें इशान किशन का नाम जरूर होगा. साल 2023 के आखिरी में 'मानसिक थकान' के चलते बीच दौरा छोड़कर भारत लौटे इशान को क्या-क्या झेलना पड़ा, इसे सभी ने देखा. वह BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट तक से बाहर हो गए, लेकिन इशान ने हार नहीं मानी. पिछले दिनों टी20 विश्व कप में दो प्लेयर ऑफ द मैच. और अब जल्द ही आईपीएल 2026 में हैदराबाद की कप्तानी करने जा रहे इशान सफलता का पूरा लुत्फ उठा रहे हैं. हैदराबाद ने बुधवार को एक वीडियो जारी किया और इसमें इशान ने नई चुनौतियों के बारे में बताया है.
इशान ने कहा, 'मैं बहुत ही विस्मित और खुश हूं कि मुझे अब हैदराबाद की कप्तानी करने का मौका मिला है. ईमानदारी से कहूं, तो मैं चीजों को एकदम सरल रखने जा रहा हूं. मैं कुछ ज्यादा नहीं करने जा रहा क्योंकि जब खिलाड़ी आईपीएल के लिए आते हैं, तो मैं सोचता हूं कि वे सभी अच्छे खिलाड़ी हैं. आपको बस यह सुनिश्चित करना है कि वह सही ट्रैक पर रहें'
इशान बोले, 'कुछ पारियों के इधर-उधर होने के बाद इन खिलाड़ियों की मनोदशा में बदलाव नहीं होता. मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक बढ़िया सीजन होने जा रहा है. हम मिल-जुलकर इसे एक बढ़िया सीजन बनाएंगे.' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि इस सीजन में मेरे लिए सीखने के लिए बहुत ही ज्यादा है. पिछले कुछ सीजने में एक बात मुझे समझ आई है कि किसी भी क्रिकेटर के लिए पूरे सीजन में अच्छी मनोदशा में रहना सबसे अहम बात है.'
हैदराबाद के नए कप्तान ने कहा, 'इसलिए इस सीजन में हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हम वर्तमान में बने रहें. हम चीजों को सरल रखें और हर मैच से पहले ज्यादा से ज्यादा कड़ी मेहनत करें. लेकिन मैच के दौरान हम एक समय में एक ही मैच के बारे में सोचने और इसका भरपूर आनंद लेने जा रहे हैं.' पिछले दिनों टी20 विश्व कप के दिनों को याद करते हुए इशान ने कहा, 'मेरा मानना है कि ये मेरे जीवन के कुछ सर्वश्रेष्ठ दिन थे क्योंकि मुझे एकदम से ही टीम में चुना गया. इसके बाद हमने विश्व कप जीता. इसलिए ये मेरे जीवन के कुछ सर्वश्रेष्ठ पल बन गए. हमने इस दौरान बहुत ही कड़ी मेहनत की क्योंकि कुछ खिलाड़ी फॉर्म में नहीं थे, लेकिन जब सबसे बड़ी जरूरत का मौका आया, तो हर किसी ने सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेली.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं