IPL 2026 Points Table Updated After GT vs SRH Match: अमहादाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 82 रनों की धमाकेदार जीत के बाद गुजरात टाइटंस ना सिर्फ अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है बल्कि उसका नेट रन रेट भी बेहतर हुआ है. गुजरात की जीत का मतलब है कि हैदराबाद अब अधिकतम 18 अंकों तक जा पाएगी. चेन्नई और राजस्थान भी 18 अंक हासिल कर सकती हैं. इसके अलावा इसकी संभावना भी अधिक है कि हैदराबाद अब टॉप-2 में फिनिश नहीं कर पाएगी. बता दें, लीग अपने आखिरी चरण में हैं और हर मैच के साथ प्लेऑफ की रेस काफी दिलचस्प होती जा रही है.
गुजरात टॉप पर, चार टीमों का बिगड़ा गणित
गुजरात की जीत का मतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद में से कोई एक टीम ही अब अधिकतम 18 अंकों तक पहुंच पाएगी. इसके अलावा 22 मई को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाला मुकाबला अब कई टीमों के भाग्य का फैसला करेगा. इस मैच की विजेता टीम से तय होगा कि रेस में कौन बाजी मारता है, क्योंकि अगर बेंगलुरु ने अपने बचे सभी मैच जीते, तो हैदराबाद प्लेऑफ की दौड़ से बाहर भी हो सकती है.
फिलहाल बात अगर प्वॉइंट्स टेबल की करें तो गुजरात के 12 मैचों के बाद 16 अंक हैं. गुजरात ने 8 मैच जीते हैं, 4 में उसे हार मिली है और उसका नेट रन रेट +0.551 का है. जबकि दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है. जिसके 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के बाद 14 अंक हैं. वहीं हैदराबाद अब भी तीसरे स्थान पर है. हैदराबाद के 12 मैचों के बाद 7 जीत और 5 हार के साथ 14 अंक हैं. पंजाब किंग्स ने 11 मैचों में 6 जीते हैं, 4 में मात मिली और उसके 13 अंक हैं और वह चौथे स्थान पर है.

इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स हैं. दोनों ही टीमों के 12-12 अंक हैं. जबकि 10 प्वॉइंट के साथ दिल्ली सातवें, 9 अंक लेकर कोलकाता आठवें स्थान पर है. यह टीमें अभी प्लेऑफ की रेस में हैं. जबकि मुंबई और लखनऊ अब बाहर हो गए हैं और वो बाकी टीमों का खेल खराब करना चाहेंगे.
गुजरात की लगातार 5वीं जीत
जीत के लिये 169 रन के लक्ष्य के जवाब में सनराइजर्स ने सात विकेट 60 रन पर गंवा दिये थे. रबाडा ने अपने चार ओवर में तीन विकेट चटकाते हुए सनराइजर्स को लगातार झटके दिये. वहीं मोहम्मद सिराज ने पहला ओवर ही मैडन डालते हुए ट्रेविस हेड का अहम विकेट लिया जिन्होंने निशांत सिंधू को आसान कैच थमाया. सिराज ने तीन ओवर में सिर्फ 11 रन देकर एक विकेट लिया.
अभिषेक शर्मा (छह) को भी रबाडा ने ही रवाना किया. चौथे ओवर में ईशान किशन (11) ने विकेट के पीछे कैच थमाया. रबाडा ने अपने आखिरी ओवर में आर स्मरण को मिड आन पर शुभमन गिल के हाथों लपकवाया तब सनराइजर्स का स्कोर चार विकेट पर 32 रन था. हेनरिच क्लासेन 11 रन बनाकर होल्डर का शिकार हुए जिनका कैच विकेट के पीछे जोस बटलर ने लपका । होल्डर ने ही नीतिश कुमार रेड्डी (दो) का भी विकेट लिया. प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन ओवर में 23 रन देकर दो विकेट चटकाये.
इससे पहले साइ सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर के अर्धशतकों की मदद से गुजरात टाइटंस ने पांच विकेट पर 168 रन बनाये. सुदर्शन ने 44 गेंद में पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाये . वहीं सुंदर ने 33 गेंद में सात चौकों और एक छक्के के साथ 50 रन की पारी खेली. सनराइजर्स के लिये प्रफुल्ल हिंगे ने तीन ओवर में 17 रन देकर दो विकेट लिये जबकि कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट चटकाया.
यह भी पढ़ें: PAK vs BAN 1st Test: सलमान आगा ने दिया बांग्लादेश था ओपन चैलेंज, 24 घंटे के अंदर धूल चाटता दिखा पाकिस्तान
यह भी पढ़ें: WTC Updated Points Table: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 104 रनों से चटाई धूल, प्वॉइंट टेबल में मचाई हलचल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं