तेज गेंदबाज नवदीप सैनी को बुधवार को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में हर्षित राणा की जगह शामिल किया गया. आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है. सैनी और राणा दोनों भारत के लिए खेल चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं. राणा ने पिछले महीने घुटने की सर्जरी कराई थी, जिसके कारण वे टी20 विश्व कप से बाहर हो गए. आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और गुजरात टाइटन्स (GT) ने क्रमशः नवदीप सैनी और कुलवंत खेजरोलिया को विकल्प के तौर पर चुना है.' खेजरोलिया गुजरात टाइटन्स की टीम में पृथ्वीराज यारा की जगह लेंगे.
सैनी ने अब तक 32 आईपीएल मैचों में 23 विकेट लिए हैं, इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी 23 विकेट अपने नाम किए हैं. वह केकेआर में 75 लाख रुपये के अनुबंध के तहत शामिल होंगे. बयान में कहा गया, ‘इसी तरह खेजरोलिया चोटिल यारा की जगह गुजरात टाइटन्स में शामिल होंगे. बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के नाम आईपीएल में छह विकेट हैं. वह इससे पहले गुजरात के अलावा केकेआर और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेल चुके हैं.' खेजरोलिया 30 लाख रुपये में गुजरात टाइटंस से जुड़ेंगे.
IPL 2024 में केकेआर को खिताब जिताने में राणा ने निभाई थी अहम भूमिका
हर्षित राणा का नाम केकेआर के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शुमार है. टीम को तीसरी बार खिताब जिताने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. आईपीएल 2024 में उन्होंने केकेआर के लिए कुल 19 विकेट चटकाए थे. जिसके बाद उनका भारतीय में भी शामिल होने का दरवाजा खुल गया था. लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के बदौलत उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी जगह बना ली थी. मगर टूर्नामेंट के आगाज से पहले चोटिल होने की वजह से उनका प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शिरकत करने का सपना टूट गया था. 24 वर्षीय राणा ने खबर लिखे जाने तक कुल 33 मैच खेले हैं. इस बीच उनको 32 पारियों में 25.73 की औसत से 40 सफलता हाथ लगी है. 24 रन खर्च कर तीन विकेट उनका एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है. वहीं बल्लेबाजी में उन्होंने इतने ही मुकाबलों की 10 पारियों में 9.83 की औसत से 59 रन बनाए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं