विज्ञापन

IPL 2026: मुंबई इंडियंस की हो गई IPL से छुट्टी, इन 3 बड़ी चूक ने पलट दी बाजी

Mumbai Indians 3 Major Blunders Against RCB IPL 2026: मुंबई इंडियंस (MI) ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 166 रन लगाए और आरसीबी (RCB) ने मैच की आखिरी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल किया.

IPL 2026: मुंबई इंडियंस की हो गई IPL से छुट्टी, इन 3 बड़ी चूक ने पलट दी बाजी
Mumbai Indians 3 Major Blunders Against RCB IPL 2026:

Mumbai Indians 3 Major Blunders Against RCB IPL 2026: आईपीएल 2026 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (MI) को 2 विकेट से हराया. रायपुर में एमआई से मिले 167 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने मैच की आखिरी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल किया. इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है. इससे पहले, मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 166 रन लगाए. एमआई की शुरुआत खराब रही और रयान रिकेल्टन को भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में 2 रनों के स्कोर पर आउट किया. रोहित शर्मा 10 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद आउट हुए. सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह बिना खाता खोले आउट हुए.

नमन धीर और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी निभाई. नमन 32 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक ने 42 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए. एक समय मैच पर पकड़ मजबूत होने के बावजूद मुंबई ने कुछ ऐसी रणनीतिक गलतियाँ कीं, जिसकी कीमत उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होकर चुकानी पड़ी.

1. राज बाबा को आखिरी ओवर देना पड़ा भारी

मैच का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला फैसला आखिरी ओवर में देखने को मिला. जब आरसीबी को जीत के लिए 15 रनों की दरकार थी, तब कप्तान ने गेंद युवा राज बाबा के हाथों में थमा दी. अनुभव की कमी का फायदा उठाते हुए भुवनेश्वर कुमार ने राज बाबा को निशाने पर लिया और चौथी गेंद पर छक्का जड़कर मैच का रुख ही बदल दिया. अनुभवी गेंदबाजों के विकल्प होने के बावजूद एक अनकैप्ड खिलाड़ी पर दांव लगाना मुंबई के लिए आत्मघाती साबित हुआ और इसी ओवर में जीत उनके हाथों से फिसल गई.

2. तिलक और नमन के बीच 'कन्फ्यूजन' ने टपकाया कैच

फील्डिंग में तालमेल की कमी मुंबई की हार का दूसरा सबसे बड़ा कारण रही. 18वें ओवर में जब मैच किसी भी तरफ झुक सकता था, तब आरसीबी के बल्लेबाज ने एक ऊंचा शॉट खेला. गेंद तिलक वर्मा और नमन धीर के बीच में थी, लेकिन आपसी तालमेल के अभाव में दोनों ही खिलाड़ी कैच के लिए नहीं जा पाए और गेंद गिर गई. इस छूटे हुए मौके ने आरसीबी को जीवनदान दिया, जिसने अंत में मुंबई के प्लेऑफ के अरमानों को मिट्टी में मिला दिया.

3. विल जैक्स का गलत इस्तेमाल

रणनीतिक मोर्चे पर तीसरी बड़ी चूक सबसे किफायती गेंदबाज विल जैक्स से केवल 2 ओवर कराना रही. जहां एक तरफ मुंबई के बाकी गेंदबाज रन लुटा रहे थे, वहीं विल जैक्स ने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से आरसीबी पर दबाव बनाए रखा था. हैरानी की बात यह रही कि इतनी किफायती गेंदबाजी के बावजूद कप्तान ने उनसे उनके कोटे के पूरे 4 ओवर नहीं कराए. अगर जैक्स बीच के ओवरों में गेंदबाजी जारी रखते, तो शायद आरसीबी को 167 के लक्ष्य तक पहुंचने से रोका जा सकता था. इन्हीं गलतियों के कारण पांच बार की चैंपियन अब घर वापसी की तैयारी कर रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com