Varun Chakaravarthy Big Statement: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज की. 4 ओवरों में महज 14 रन देकर 3 विकेट हासिल करने वाले केकेआर के स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. चक्रवर्ती ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि उनकी टीम इस सीजन सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आई है. ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने 9 विकेट खोकर 155 रन बनाए. इसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 19.4 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. केकेआर ने इस सीजन 6 मुकाबलों के बाद जीत का खाता खोला है. इससे पहले टीम ने 5 मुकाबले गंवाए थे, जबकि एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था.
सीजन में पहली जीत दर्ज करने के बाद चक्रवर्ती ने कहा,"बहुत अच्छा महसूस हो रहा है. सबसे पहले मैं पूरे कोचिंग स्टाफ को श्रेय देना चाहता हूं, क्योंकि पिछले कुछ हफ्ते मुश्किल रहे. नतीजे हमारे पक्ष में नहीं गए और बाहर काफी बातें हो रही थीं, लेकिन हेड कोच और बाकी स्टाफ ने उस शोर का असर हम पर नहीं होने दिया. हम अपनी प्रक्रिया पर टिके रहे, इसलिए यह जीत सभी की है."
उन्होंने कहा,"आज की पिच थोड़ी धीमी थी, जो हमारे लिए अनुकूल रही. मैं शुरुआती मैचों में चोटिल था, मेरे बाएं हाथ में दो फ्रैक्चर हैं और अब भी हैं. मैं बस उसे संभालने की कोशिश कर रहा हूं. यह आसान नहीं है, लेकिन मैं खेल रहा हूं." 'प्लेयर ऑफ द मैच' ने कहा,"हम नहीं जानते आखिर में कहां पहुंचेंगे, लेकिन हम यह संदेश देना चाहते हैं कि हम यहां सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए हैं. हम हर मैच जीतने और ट्रॉफी की मजबूत दावेदारी पेश करने आए हैं. हमें अभी भी उम्मीद है और आगे अच्छा करेंगे."
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए इस स्पिनर ने बताया कि यह जीत टीम के लिए क्या मायने रखती थी. वरुण ने बताया कि ड्रेसिंग रूम के अंदर इसका क्या असर हुआ. उन्होंने कहा, यह जीत बहुत, बहुत ज़्यादा महत्वपूर्ण है. मैं आपसे कह सकता हूं कि आज मैंने कई लोगों की आंखों में आंसू देखे, जो हमने उस साल नहीं देखे थे जब आईपीएल खिताब जीते थे. यहां, ड्रेसिंग रूम के अंदर. मैंने कई लोगों की आंखों में आंसू देखे."
शुरुआती मैचों में विकेट नहीं मिलने पर वरुण चक्रवर्ती ने कहा,"देखिए, सिर्फ़ इसलिए कि मैंने आज तीन विकेट लिए हैं, मैं कोई बड़ा बयान नहीं देना चाहता. यह खेल का स्वभाव है. अगले मैच में, अगर विकेट में कुछ भी नहीं हुआ, तो हर स्पिनर के साथ ऐसा ही होगा. जैसा कि आप देख सकते हैं, शुरुआत में हर स्पिनर को काफ़ी रन पड़ रहे थे. तो, ऐसा ही होता है. जैसे ही पिच धीमी होने लगती है, हम खेल में अपनी पकड़ बनाने लगते हैं और ज़्यादा असरदार साबित होते हैं. तो, यह खेल का स्वभाव है और हम इसे बदल नहीं सकते. इसलिए, मैं इस बारे में ज़्यादा नहीं सोचता." सीजन में पहली जीत के बाद केकेआर प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर पहुंच गई है. यह टीम 26 अप्रैल को अपने अगले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स का सामना करेगी.
यह भी पढ़ें: GT vs MI IPL 2026: क्या असर दिखााएगी नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच, रोहित खेलेंगे आज का मैच? जानें तमाम बातें
यह भी पढ़ें: GT vs KKR, IPL 2026: 'कब खेली थी आखिरी मैच जिताऊ पारी...' पूर्व केकेआर स्टार ने हार्दिक पांड्या से पूछे तीखे सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं