विज्ञापन

RCB vs GT: बल्लेबाज या गेंदबाज, क्वालीफायर में मिली हार का दोषी कौन? शुभमन गिल ने इन पर फोड़ा ठीकरा

Shubman Gill Statement: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात को पहले क्वालीफायर में 92 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई. वहीं हार के बाद शुभमन गिल ने बताया कि आखिर टीम से चूक कहां हुईं.

RCB vs GT: बल्लेबाज या गेंदबाज, क्वालीफायर में मिली हार का दोषी कौन? शुभमन गिल ने इन पर फोड़ा ठीकरा
Shubman Gill Statement After RCB beat GT by 92 Runs

Shubman Gill Statement After RCB beat GT by 92 Runs: गुजरात टाइटंस को धर्मशाला में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के क्वालीफायर 1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 92 रनों की करारी हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने स्वीकार किया कि खराब फील्डिंग और दबाव में की गई गलतियां टीम पर भारी पड़ीं, जिसके कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा.  गुजरात को हराकर जहां बेंगुलरु सीधे फाइनल में पहुंच गई है तो दूसरी तरफ गुजरात को अब एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ना होगा. मौजूदा चैंपियन आरसीबी के 254/5 के विशाल स्कोर के जवाब में गुजरात 162 रन पर ढेर हो गई. 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल ने कहा,"मुझे लगता है कि हम 12वें या 13वें ओवर तक अच्छा खेल रहे थे. मुझे नहीं लगता कि हमारी फील्डिंग अच्छी थी. हमने कुछ कैच छोड़े और हमारी ग्राउंड फील्डिंग भी संतोषजनक नहीं थी."

बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने इन छूटे हुए मौकों का गुजरात के खिलाफ जमकर फायदा उठाया और सिर्फ 39 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए. मध्य ओवरों में मिसफील्डिंग और नो-बॉल के जरिए भी गुजरात ने रन लुटाए, जिसके चलते आरसीबी ने आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया.

हार पर विचार करते हुए गिल ने इसे ऐसा मैच बताया, जिससे टीम जल्द से जल्द उबरना चाहेगी. उन्होंने कहा,"यह उन मैचों में से एक है, जिसे हम भूलकर मोहाली में नए सिरे से शुरुआत करना चाहेंगे."

निराशाजनक परिणाम के बावजूद गुजरात के कप्तान ने कहा कि टीम अभ्यास सत्र और टीम मीटिंग में नियमित रूप से फील्डिंग पर काम करती है. गिल ने आगे कहा,"टीम मीटिंग और अभ्यास सत्रों में हम इस पर चर्चा जरूर करते हैं. जोश तो था, लेकिन दबाव में हम उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके."

बल्लेबाजी के अनुकूल धर्मशाला की पिच पर 255 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए. गिल खुद भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर मात्र दो रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर के तेज 29 रन शुरुआती संघर्ष में एकमात्र सकारात्मक पहलू रहे. इसके बाद राहुल तेवतिया ने 43 गेंदों में 68 रन बनाकर अकेले संघर्ष किया.

हालांकि, गिल का मानना था कि अगर गुजरात पावरप्ले में अच्छी शुरुआत कर पाती तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता था. उन्होंने कहा,"अच्छी शुरुआत ही सब कुछ है. इस तरह के मैदान पर, जहां गेंद तेजी से जाती है और आउटफील्ड तेज है, अगर हमारा पावरप्ले अच्छा होता तो विकेट की स्थिति को देखते हुए कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता था."

गुजरात के कप्तान ने साई सुदर्शन के दुर्भाग्यपूर्ण आउट होने पर भी प्रतिक्रिया दी. शॉट खेलते समय सुदर्शन का बल्ले पर नियंत्रण छूट गया और बल्ला स्टंप्स से टकराकर बेल्स गिरा गया. गिल ने कहा,"इस तरह का आउट होना अक्सर देखने को नहीं मिलता, इसलिए यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था." गुजरात टाइटंस अब मोहाली में होने वाले अपने अगले नॉकआउट मुकाबले से पहले तेजी से खुद को संभालने की कोशिश करेगी, क्योंकि टीम आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार रखना चाहती है.

यह भी पढ़ें: 'बेहद घटिया लोग...' विराट कोहली से विवाद पर ट्रेविस हेड की पत्नी को पड़ी गाली को फूटा पूर्व स्टार का गुस्सा

यह भी पढ़ें: क्रिकेटर्स के खिलाफ सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने का चार्ज- 25 हजार से 2 लाख तक: रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com