
Rohit Sharma, Most Ducks in IPL in Career: मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए आईपीएल 2025 अभियान काफी निराशाजनक रहा और रोहित बिना कोई रन बनाए पवेलियन लौटे. रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान वह शून्य पर आउट हो गए. मैच के पहले ही ओवर में, रोहित ने खलील अहमद की गेंद को लेग साइड की ओर फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन शॉट से पूरी तरह से चूक गया और मिडविकेट पर खड़े शिवम दुबे के हाथों में कैच थमा बैठे. रोहित शर्मा जैसे ही आउट हुए वैसे ही वो एक शर्मनाक रिकॉर्ड लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए, जिससे कोई भी बल्लेबाज दूर भागेगा.
रोहित शर्मा के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
यह आईपीएल इतिहास में रोहित शर्मा के करियर का 18वां मौका था, जब वह शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौटे थे. रोहित शर्मा अब आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक मौकों पर डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से टॉप पर पहुंच गए हैं. रोहित के अलावा ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल और भारत के पूर्व स्टार दिनेश कार्तिक भी 18 बार शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौटे हैं. इस लिस्ट में पीयूष चावला, सुनील नरेन भी हैं.
आईपीएल इतिहास में सबसे अधिक बार डक होने वाले बल्लेबाज
बल्लेबाज का नाम | मैच | कितनी बार हुए डक |
ग्लेन मैक्सवेल | 134 | 18 |
दिनेश कार्तिक | 257 | 18 |
रोहित शर्मा | 258 | 18 |
पीयूष चावला | 192 | 16 |
सुनील नरेन | 178 | 16 |
राशिद खान | 121 | 15 |
मनदीप सिंह | 111 | 15 |
मयंक पांडे | 171 | 14 |
अंबाती रायडू | 204 | 14 |
हरभजन सिंह | 163 | 13 |
मुंबई के हारने की 'परंपरा' जारी
मुंबई इंडियंस को लीग के अपने शुरुआती मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए थे. चेन्नई ने इस लक्ष्य को पांच गेंद रहते ही हासिल किया. इस हार के साथ ही मुंबई का लीग का अपना शुरुआती मैच हारने का सिलसिला जारी रहा. यह लगातार 13वां सीजन रहा, जब मुंबई लीग का अपना शुरुआती मैच हारी है. मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2012 में अपना शुरुआती मैच जीता था.
ऐसा रहा मैच का हाल
अफगानिस्तान के 'मिस्ट्री' स्पिनर नूर अहमद (18 रन देकर चार विकेट) के यादगार डेब्यू के बाद कप्तान रूतुराज गायकवाड (53 रन) और रचिन रविंद्र (नाबाद 65 रन) के अर्द्धशतक से चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से शिकस्त दी. रचिन रविंद्र ने 45 गेंद का सामना करते हुए अपनी नाबाद पारी में दो चौके और चार छक्के जमाए. उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई.
पारी का आगाज करने के बजाय तीसरे नंबर पर उतरे गायकवाड ने 26 गेंद की पारी के दौरान छह चौके और तीन छक्के जड़े. इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 67 रन की साझेदारी निभाई. चेन्नई ने टॉस जीतकर नूर अहमद के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस को 20 ओवर में नौ विकेट पर 155 पर रोक दिया. मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा 31 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे. उसके लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव 29 रन का ही योगदान दे सके. अंत में दीपक चाहर ने 15 गेंद में नाबाद 28 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. सीएसके लिए नूर अहमद के अलावा खलील अहमद ने 29 रन देकर तीन विकेट झटके.
यह भी पढ़ें: IPL 2025: ईशान किशन की होगी टीम इंडिया में वापसी? शतकीय पारी के बाद बचपन के कोच ने जताई ये उम्मीद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं