Injury concerns for Team India: हाल के समय में भारतीय क्रिकेट टीम चोटों की समस्या से जूझ रही है. भारतीय खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि 13 भारतीय खिलाड़ी इस समय चोट की समस्या से गुजर रहे हैं. ऐसे में यकीनन टीम इंडिया के मैनेजमेंट के सामने यह एक चिंता का विषय है. 'दैनिक जागरण' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अभी 13 खिलाड़ी जो या तो टीम का हिस्सा हैं या भविष्य में चुने जा सकते हैं, ये सभी क्रिकेटर बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं. कोलंबो में श्रीलंका XI के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन शुभमन गिल नहीं खेले, जिससे चिंता और बढ़ गई है. जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और नीतीश कुमार रेड्डी पहले ही दौरे से बाहर हो चुके हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर और साई सुदर्शन की फिटनेस को लेकर अभी भी संशय के बादल मंडरा रहे हैं.
टीम इंडिया का चोट संकट गहराया
रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह बाएं घुटने में सूजन के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पहुंचे थे और रिहैबिलिटेशन के दौरान उन्हें जॉगिंग और एक पैर से की जाने वाली एक्सरसाइज करते समय परेशानी महसूस हुई. नतीजतन, उनकी वापसी के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है. वहीं, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हार्दिक पंड्या को बाएं क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबरने के दौरान एक नई मुश्किल का सामना करना पड़ा, जब उन्होंने अपनी पूरी ताकत के साथ पूरी तेजी से बॉलिंग शुरू की. हाल ही में उन्हें दाहिनी पिंडली में दर्द की शिकायत हुई और हालांकि टेस्ट में कोई गंभीर चोट नहीं दिखी, फिर भी उन्हें और दिक्कतों से बचने के लिए दौड़ना और बॉलिंग करना बंद करने को कहा गया. हालांकि, इलाज का उन पर अच्छा असर हुआ है और उन्होंने फिर से दौड़ना शुरू कर दिया है. उम्मीद है कि वह अपनी बॉलिंग का वर्कलोड बढ़ाएंगे.
गिल की चोट ने चयनकर्ताओं की बढ़ाई परेशानी
इससे पहले, शुक्रवार को SLC XI के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के पहले दिन शुभमन गिल मैदान पर नहीं उतरे, क्योंकि प्रैक्टिस के दौरान उनकी दाहिनी उंगली में चोट लग गई थी. गुरुवार को यहां ट्रेनिंग सेशन के दौरान गिल को हल्की चोट लगी थी और इसी वजह से उनकी गैर-मौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे हैं.
गिल के पहले टेस्ट में खेलने को संशय
BCCI ने अपने 'X' हैंडल पर पोस्ट किया, "गुरुवार को भारत की प्रैक्टिस के दौरान कप्तान शुभमन गिल की दाहिनी रिंग फिंगर में चोट लग गई. एहतियात के तौर पर, वह SLC XI के खिलाफ वार्म-अप मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरेंगे. BCCI की मेडिकल टीम उनकी रिकवरी पर नज़र रख रही है." दूसरी ओर वार्म अप मैच में भारत के शुभमन गिल भारत की पारी के दौरान बल्लेबाजी करने क्रीज पर नहीं आ सके हैं जिससे उनके पहले टेस्ट में खेलने को लेकर संशय बना हुआ है, वैसे, नंबर 3 पर देवदत्त पडिक्कल बल्लेबाजी करने आए और उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी कर यह भरोसा जताया है कि गिल के न खेलने पर वो प्लेइंग 11 का हिस्सा बन सकते हैं.
ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे पर फेल हुए तो बढ़ेंगी मुश्किलें? कोच गौतम गंभीर के लिए बजी खतरे की घंटी
ये भी पढ़ें- 23 करोड़ टैक्स भरने वाले ऋषभ पंत की कितनी है Net Worth , जानिए कहां-कहां से होती है कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं