- CJI सूर्यकांत और CM ने शनिवार को किए महाकाल दर्शन.
- CJI ने शाम में पूजा की और CM शयन आरती में हुए शामिल.
- शनिवार सुबह बाबा का पंचामृत अभिषेक और राजा स्वरूप श्रृंगार हुआ.
सावन के पवित्र माह में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को के महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई. हालांकि, दोनों ने अलग-अलग समय पर दर्शन किए थे. सीजेआई सूर्यकांत शाम और सीएम शयन आरती में शामिल हुए.
CJI ने मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद लिया. इसके बाद कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने उनका स्वागत कर बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति-चिह्न भेंट किया गया. इस दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे.

बाबा की भक्ती में लीन हुए सीएम
वहीं, रात करीब 10 बजे सीएम यादव भी महाकाल मंदिर पहुंचे और धोती सोला पहनकर गर्भगृह में जाकर बाबा का पूजन किया. इसके बाद नंदी जी की पूजा की. इस दौरान वह नंदी हॉल में बैठकर शयन आरती में भी शामिल हुए. सीएम बाबा के दरबार में पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए.

आज सुबह ऐसे हुआ महाकाल का श्रंगार
सावन के माह में श्री महाकालेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की खूब भीड़ लग रही है. मंदिर में शनिवार तड़के तीन बजे रोजाना की तरह भस्म आरती हुई. मंदिर के पट खुलने के बाद गर्भगृह में विराजित देवी-देवताओं का विधि-विधान से पूजन किया गया. इसके बाद बाबा महाकाल का दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक हुआ.

पट खुलते ही सर्व प्रथम घंटा बजाकर बाबा महाकाल को ‘हरि ॐ' का जल अर्पित किया गया. इसके बाद भगवान गणेश, माता पार्वती और कार्तिकेय का पूजन कर फल और मिष्ठान का भोग लगाते हुए कपूर आरती की गई. नैवेद्य अर्पित करने के पश्चात महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से बाबा महाकाल को भस्म अर्पित कर आरती की.
राजा स्वरूप में श्रंगार
आरती के बाद बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया. उन्हें रजत ॐ और बिल्वपत्र मुकुट, रुद्राक्ष माला, रजत मुंडमाला और शेषनाग का रजत मुकुट धारण कराया गया. मस्तक पर त्रिपुंड, त्रिशूल और डमरू से अलंकरण किया गया. सुगंधित पुष्पों से श्रृंगार के बाद बाबा का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा. बाबा के साकार और निराकार स्वरूप में दर्शन होते ही श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर ‘जय श्री महाकाल' के जयघोष से गुंजा दिया.
ये भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा की अनोखी तस्वीर; 24 पोते बने श्रवण कुमार, 95 वर्षीय दादी को पालकी में बैठाकर हरिद्वार से ला रहे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं