IND vs SL Trivia: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 15 अगस्त से शुरू होगी. भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट क्रिकेट का इतिहास काफी यादगार रहा है. दोनों टीमों के बीच अबतक कुल 46 मैच खेले गए हैं जिसमें भारत ने 22 जीते हैं, जबकि श्रीलंका सिर्फ सात मैच ही जीत पाया है. टेस्ट सीरीज का पहला मैच गाले स्टेडियम में खेला जाएगा तो वहीं सीरीज का दूसरा मैच कोलंबो में खेला जाएगा. भारत और श्रीलंका के बीच सालों से टेस्ट क्रिकेट में जबरदस्त टक्कर रही है, जिसमें यादगार मैच, ऐतिहासिक रिकॉर्ड और शानदार प्रदर्शन देखने को मिले हैं. ऐसे में जानते हैं भारत-श्रीलंका टेस्ट क्रिकेट इतिहास से जुड़ी 5 दिलचस्प रिकॉर्ड के बारे में.
Capturing smiles and creating travel memories on the way to Colombo 😁🎞️#TeamIndia have arrived in Sri Lanka 🛬#SLvIND pic.twitter.com/TuRFOW4gIw
— BCCI (@BCCI) August 5, 2026
- टेस्ट इतिहास में टीम का सबसे बड़ा स्कोर
साल 1997 में कोलंबो में भारत के खिलाफ श्रीलंका ने 952/6 (पारी घोषित) का स्कोर बनाया था, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. यह मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ था, लेकिन इसे खेल के इतिहास में सबसे बेहतरीन बैटिंग प्रदर्शनों में से एक माना जाता है. इस मैच में श्रीलंका के सनथ जयसूर्या ने 340 रन और रोशन महानामा ने 225 रन का स्कोर बनाया था. इसके अलावा अरविंदा डी सिल्वा ने 126 रन बनाए थे. वहीं, भारत ने 537 रन बनाए थे. भारत की ओर से सचिन तेंदुलकर ने 143 और मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 126 रन की पारी खेली थी.
श्रीलंका में सचिन तेंदुलकर का शानदार प्रदर्शन
श्रीलंका में खेले गए 12 टेस्ट मैचों में सचिन तेंदुलकर भारत के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने श्रीलंका में खेलते हुए 1,155 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक भी शामिल हैं.
भारत का विशाल 707 रनों का स्कोर
साल 2010 में कोलंबो में भारत ने 707 रन बनाए थे, जो श्रीलंकाई धरती पर भारत का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. इस पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त खेल दिखाया था. यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ था. भारत की ओर से सचिन ने 203 रन और सुरेश रैना ने 109 रन की पारी खेली थी.
कोहली की ऐतिहासिक 'क्लीन स्वीप' जीत
विराट कोहली की कप्तानी में, भारत ने साल 2017 में श्रीलंका में टेस्ट सीरीज़ में 3-0 से ऐतिहासिक 'क्लीन स्वीप' किया था. यह टीम के सबसे शानदार विदेशी प्रदर्शनों में से एक था.
श्रीलंका में भारत के टेस्ट रिकॉर्ड, नतीजों का सारांश: 24 मैचों में 9 जीत, 7 हार और 8 ड्रॉ.
- भारत का सबसे बड़ा स्कोर: कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में 225.2 ओवर में 707/10 (जुलाई 2010).
- भारत का सबसे छोटा स्कोर: गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 49.5 ओवर में 112/10 (अगस्त 2015).
- भारत की सबसे बड़ी जीत (पारी के अंतर से): भारत ने पल्लेकेले में एक पारी और 171 रनों से जीत हासिल की (अगस्त 2017).
- भारत की सबसे बड़ी जीत (रनों के अंतर से): भारत ने गाले में श्रीलंका को 304 रनों से बुरी तरह हराया (जुलाई 2017).
- भारत की सबसे छोटी जीत (रनों के अंतर से): भारत ने कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में श्रीलंका को 117 रनों से हराया (अगस्त-सितंबर 2015)
- भारत की सबसे छोटी जीत (विकेट के अंतर से): भारत ने कोलंबो के पाइकियासोथी सारावनमुट्टू स्टेडियम में 5 विकेट से जीत हासिल की (लक्ष्य: 257) (अगस्त 2010).
- भारत की ओर से सबसे बड़ा स्कोर: सचिन तेंदुलकर ने कोलंबो के सिंहलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में 347 गेंदों पर 203 रन बनाए (जुलाई 2010).
- भारत की ओर से सबसे अच्छा औसत रखने वाले बल्लेबाज (कम से कम 5 टेस्ट): वीरेंद्र सहवाग ने 6 मैचों की 11 पारियों में 692 रन बनाए.
- सबसे ज़्यादा शतक: सचिन तेंदुलकर ने 12 मैचों में 5 शतक लगाए.
- सबसे ज़्यादा अर्धशतक: सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और राहुल द्रविड़, तीनों ने 4-4 अर्धशतक लगाए.
- सबसे ज़्यादा बार शून्य पर आउट (डक): ज़हीर खान और इशांत शर्मा, दोनों 3-3 बार शून्य पर आउट हुए.
- सबसे ज़्यादा छक्के: हार्दिक पांड्या ने 3 टेस्ट मैचों में 10 छक्के लगाए.
- एक सीरीज़ में सबसे ज़्यादा रन: 2010 में भारत के श्रीलंका दौरे के दौरान सचिन तेंदुलकर ने 3 मैचों में 390 रन बनाए थे.
- सबसे ज़्यादा विकेट: रविचंद्रन अश्विन ने 6 मैचों में 38 विकेट लिए.
- बेहतरीन बॉलिंग फ़िगर (पारी): रविचंद्रन अश्विन ने गाले में 13.4 ओवर में 46 रन देकर 6 विकेट लिए (अगस्त 2015).
- बेहतरीन बॉलिंग फ़िगर (मैच): हरभजन सिंह ने गाले में 54.3 ओवर में 153 रन देकर 10 विकेट लिए (जुलाई-अगस्त 2008).
ये भी पढ़ें- बुमराह के चोटिल होने के बाद भी श्रीलंका दौरे पर नहीं चुने जाने पर मोहम्मद शमी ने तोड़ी चुप्पी
ये भी पढ़ें- क्या खत्म हुआ मोहम्मद शमी की टीम में वापसी का इंतजार? बुमराह के रिप्लेसमेंट से समझिए अजीत अगरकर का बड़ा संकेत
ये भी पढ़ें- श्रीलंका दौरे पर फेल हुए तो बढ़ेंगी मुश्किलें? कोच गौतम गंभीर के लिए बजी खतरे की घंटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं