विज्ञापन

RBI-MPC मीटिंग के बाद घर खरीदारों को क्‍या सलाह दे रहे एक्‍सपर्ट्स, अभी होम लोन लेना सही रहेगा?

आरबीआई ने लगातार चौथी बार रेपो रेट 5.25% पर स्थिर रखा है. इससे होम लोन की ईएमआई में फिलहाल बदलाव नहीं होगा. जानिए एक्सपर्ट्स नए घर खरीदने वालों को अभी क्या सलाह दे रहे हैं.

RBI-MPC मीटिंग के बाद घर खरीदारों को क्‍या सलाह दे रहे एक्‍सपर्ट्स, अभी होम लोन लेना सही रहेगा?
होम लोन वालों को राहत.

अगर आप नया घर खरीदने की सोच रहे हैं और होम लोन लेने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. आरबीआई ने लगातार चौथी बार रेपो रेट को 5.25% पर ही रखा है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इससे फिलहाल होम लोन की ब्याज दरों में अचानक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है. ऐसे में जिन लोगों का घर खरीदने का प्लान तैयार है, उनके लिए अभी लोन लेना एक अच्छा समय माना जा सकता है.

रेपो रेट नहीं बदला तो घर खरीदारों को क्या फायदा

आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को एमपीसी बैठक के फैसलों का ऐलान किया. केंद्रीय बैंक ने रेपो रेट को 5.25% पर ही बरकरार रखा. यह लगातार चौथी बार है, जब ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इससे पहले फरवरी 2026, अप्रैल 2026 और जून 2026 की बैठकों में भी रेपो रेट स्थिर रखा गया था. आखिरी बार दिसंबर 2025 में रेपो रेट 5.50% से घटाकर 5.25% किया गया था.

यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब दुनिया के कई हिस्सों में अनिश्चितता बनी हुई है. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों की वजह से महंगाई का दबाव भी बना हुआ है. ऐसे माहौल में आरबीआई ने ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया, ताकि महंगाई और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बना रहे.

एक्सपर्ट्स क्यों कह रहे हैं कि अभी सही समय है

रियल एस्टेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि जिन लोगों ने पहले से होम लोन, कार लोन या फ्लोटिंग ब्याज दर वाला कोई दूसरा लोन लिया हुआ है, उनकी ईएमआई फिलहाल नहीं बढ़ेगी. इससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा. वहीं जो लोग नया होम लोन लेने की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए भी फिलहाल राहत की स्थिति है. ब्याज दरों में तुरंत बढ़ोतरी की संभावना नहीं दिख रही है. अगर आपकी नौकरी स्थिर है, डाउन पेमेंट तैयार है और घर खरीदने की योजना पहले से बनी हुई है, तो अभी लोन लेने पर विचार किया जा सकता है.

एक्सपर्ट्स का यह भी मानना है कि स्थिर ब्याज दरों का फायदा रियल एस्टेट सेक्टर को भी मिलेगा. इससे घरों की खरीदारी को सपोर्ट मिलेगा और लोगों का भरोसा बना रहेगा. सिर्फ घर खरीदार ही नहीं, बल्कि कारोबार और उद्योगों के लिए भी यह फैसला सकारात्मक माना जा रहा है. उधारी की लागत फिलहाल स्थिर रहेगी, जिससे नए निवेश को बढ़ावा मिल सकता है. वहीं बैंकों पर भी ब्याज दरों में अचानक बदलाव का दबाव नहीं रहेगा. 

एक्सपर्ट्स क्‍या कह रहे हैं...

गौड़ ग्रुप के सीएमडी मनोज गौड़ का कहना है कि आरबीआई द्वारा रेपो रेट को पहले की स्थिर रखने का फैसला रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए सकारात्मक है. इससे घर खरीदार और डेवलपर्स दोनों अपनी योजनाओं को अधिक भरोसे के साथ आगे बढ़ा सकेंगे. एनसीआर में मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और स्थिर ब्याज दरें आने वाले समय में आवासीय बाजार की मांग को और मजबूती देंगी.

मिगसन ग्रुप के एमडी यश मिगलानी ने कहा रेपो दर में कोई बदलाव नहीं करना हाउसिंग सेक्टर के लिए उत्साह बढ़ाने वाला फैसला है. इससे घर खरीदने वाले लोग आसानी से अपने बजट की योजना बना सकेंगे और डेवलपर्स भी नए प्रोजेक्ट्स पर अधिक विश्वास के साथ काम कर पाएंगे. बेहतर कनेक्टिविटी और लगातार बढ़ते विकास कार्यों से एनसीआर का रियल एस्टेट बाजार आगे भी मजबूत बना रहेगा.

निंबस ग्रुप के सीईओ साहिल अग्रवाल ने कहा वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच रेपो दर को स्थिर रखना संतुलित और दूरदर्शी फैसला है. इससे डेवलपर्स को परियोजनाओं की आर्थिक योजना बनाने में आसानी होगी और घर खरीदार भी लंबे समय का निवेश अधिक भरोसे के साथ कर सकेंगे.

पायनियर अर्बन लैंड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऋषभ पेरीवाल ने कहा,  स्थिर ब्याज दरों से होम लोन की लागत में स्थिरता बनी रहती है, जिससे घर खरीदारों का भरोसा बढ़ता है और आवासीय बाजार में मांग बनी रहती है.

कार्यन ग्रुप के डायरेक्टर वरुण गर्ग ने कहा, “आरबीआई का रेपो रेट को बिना बदले रखने का फैसला हाउसिंग सेक्टर के लिए एक पॉजिटिव सिग्नल है, खासकर ऐसे समय में जब खरीदारों का सेंटिमेंट मजबूत बना हुआ है. स्थिर ब्याज दरें खरीदारों को घर खरीदने का फैसला लेने के लिए प्रोत्साहित करती हैं, वहीं डेवलपर्स को भी अपनी परियोजनाओं की रफ्तार बनाए रखने में मदद मिलती है.”

व्हाइटलैंड कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर (स्ट्रैटेजी) सुदीप भट्ट ने कहा, "ईएमआई (EMI) और उधारी की लागत स्थिर रहने से घर खरीदारों का भरोसा बढ़ेगा और निवेशकों की रुचि भी मजबूत होगी. इससे रियल एस्टेट सेक्टर के विकास की रफ्तार को और गति मिलेगी.”

ये भी पढ़ें - PM Surya Ghar Yojana: 50 लाख परिवारों का बिजली बिल जीरो! जानिए छत पर सोलर लगवाने के लिए क्या करना होगा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
RBI MPC, Repo Rate Today, Housing Loan, Real Estate India, Home Buying Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com