महिला एशिया कप 2026 में आज का दिन क्रिकेट फैंस के लिए बेहद रोमांचक होने वाला है. कुछ ही देर में दुबई इंटरनेशनल में भारतीय महिला टीम और पाकिस्तान टीम के बीच एक जोरदार मुकाबला होने वाला है. भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है. पाकिस्तान पर जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप में टॉप पर रहने के इरादे से उतरेगी. मैच निर्धारित समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा, जबकि दोनों कप्तान टॉस के लिए 30 मिनट पहले यानी 7:30 बजे मैदान पर आएंगे.
टीम इंडिया की नजर तीसरी जीत पर
भारतीय टीम ने थाइलैंड और हांगकांग के खिलाफ पिछले 2 मैचों में दमदार बल्लेबाजी की और बड़े अंतर से जीत दर्ज की है. थाइलैंड के खिलाफ भारत ने 94 रन से जीत दर्ज की, जबकि हांगकांग के खिलाफ 137 रन के बड़े अंतर से मैच जीता है. पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय बल्लेबाजों की भूमिका अहम रहने वाली है.
भारत के लिए चिंताजनक स्थिति यह है कि टीम के टॉप तीन बल्लेबाजों का प्रदर्शन उनकी प्रतिष्ठा के अनुरुप पाकिस्तान के खिलाफ नहीं रहा है. सलामी बल्लेबाज और टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने 2014 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में 2 अर्धशतक लगाते हुए 307 रन बनाए हैं. उनका सर्वाधिक स्कोर 68 रन है.
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2009 से 2026 के बीच 16 मैचों की 13 पारियों में 230 रन बनाए हैं. हरमन के नाम पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में एक भी अर्धशतक नहीं है. विस्फोटक सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा भी 2022 से 2026 के बीच पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की 5 पारियों में 127 रन बना सकी हैं.
हालांकि, मंधाना एशिया कप में अच्छी फॉर्म में दिखी हैं. हांगकांग के खिलाफ पिछले मैच में उन्होंने तूफानी शतक लगाया था. इसलिए मंधाना ने पाकिस्तान के खिलाफ टीम को मजबूत शुरुआत की उम्मीद रहेगी. इसके अलावा, कप्तान हरमन और शेफाली वर्मा से भी प्रभावी पारियों की जरुरत होगी.
पाकिस्तान की बात करें तो टीम ने अपना पिछला मुकाबला थाइलैंड के खिलाफ जीता था. पाकिस्तान ने अभी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं किया है. टीम को अभी 2 मैच खेलने हैं, लेकिन भारत के खिलाफ दमदार प्रदर्शन कर टीम अपना आत्मविश्वास बढ़ाना चाहेगी. भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक 17 मैच हुए हैं. टीम इंडिया ने 14, जबकि पाकिस्तान ने 3 मैच जीते हैं.
भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, गुनालन कमलिनी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव.
पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, एमान फातिमा, तुबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, मोमिना रियासत, इमान नसीर, वहीदा अख्तर.
ये भी पढ़ें- एशिया कप में पाकिस्तान के सेमीफाइनल का सपना होगा चकनाचूर? इंडिया के साथ 14 मैचों का इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं