विज्ञापन

एशिया कप में पाकिस्तान के सेमीफाइनल का सपना होगा चकनाचूर? इंडिया के साथ 14 मैचों का इतिहास

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट में कुल 17 मैच खेले गए हैं. टीम इंडिया ने अब तक 14 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच ही जीत सका है.

एशिया कप में पाकिस्तान के सेमीफाइनल का सपना होगा चकनाचूर? इंडिया के साथ 14 मैचों का इतिहास
India vs Pakistan
IANS

महिला एशिया कप 2026 में शनिवार को टूर्नामेंट का 9वां मैच खेला जाएगा. सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी भारतीय टीम की नजरें अब शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ लीग स्टेज का शानदार अंत करने पर हैं. भारत और पाकिस्तान की टीमें दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात आठ बजे से आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा हाई-वोल्टेज माने जाते हैं.

आंकड़ों की बात करें तो महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा है. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अधिकांश मुकाबलों में जीत दर्ज की है. भारत के लिए यह मैच केवल औपचारिकता नहीं होगा.

पाकिस्तान भी सेमीफाइनल की दौड़ में

एशियाई स्तर पर हालांकि भारत के आसपास भी कोई टीम नजर नहीं आती. पिछली बार भारत किसी तरह श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उपविजेता रहा था. दूसरी ओर, पाकिस्तान ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड को हराया है और अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में बना हुआ है. भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा भी शानदार फॉर्म में हैं. मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ यादगार शतक लगाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए और प्रतियोगिता की अन्य टीमों को अपनी बल्लेबाजी क्षमता का संकेत दे दिया.

आसान नहीं होगी दुबई कि पिचों पर बल्लेबाजी

दुबई की पिचों पर बल्लेबाजी आसान नहीं रही है. बल्लेबाजों को आमतौर पर पिच की गति और उछाल को समझने में करीब 10 गेंद लगती हैं और उसी के अनुसार पारी की योजना बनानी पड़ती है. मंधाना और शेफाली ने भी बृहस्पतिवार रात इसी रणनीति को अपनाया था.

मिडिल ऑर्डर में प्रतिका रावल, ऋचा घोष और कप्तान हरमनप्रीत कौर की भूमिका अहम होगी. तीनों अच्छी शुरुआत को बड़ी पारियों में तब्दील नहीं कर सकी हैं. खासकर नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर रहीं रावल पर दबाव बढ़ रहा है. वनडे में सफल रही रावल टी20 फॉर्मेट की मांगों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाई हैं.

पाकिस्तान की कमजोर बल्लेबाजी भारत के लिए प्लस प्वाइंट

गेंदबाजी में नंदनी शर्मा का शामिल होना भारत के लिए सकारात्मक कदम रहा है. वह प्रमुख तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के साथ नई गेंद संभालते हुए अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन कर रही हैं. पाकिस्तान को भारत को चुनौती देने के लिए अपनी बल्लेबाजी में बड़े सुधार की जरूरत है. बल्लेबाजी की कमजोरी लंबे समय से टीम की परेशानी रही है।

थाईलैंड के खिलाफ पिछले मैच में भी पाकिस्तान ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाकर खुद को मुश्किल में डाल लिया था, हालांकि बाद में उसने 119 रन के मामूली लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव कर लिया. टीम अब भी सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली और कप्तान एवं गेंदबाजी ऑलराउंडर फातिमा सना पर काफी निर्भर है. भारत जैसी मजबूत टीम को चुनौती देने के लिए पाकिस्तान को इस निर्भरता से बाहर निकलना होगा. 

भारत-पाकिस्तान हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट में कुल 17 मैच खेले गए हैं. टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ 14 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच ही जीत सका है. दोनों टीमों के बीच कोई भी मुकाबला टाई या बेनतीजा नहीं रहा है.

भारत और पाकिस्तान की टीम इस प्रकार हैं

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव.

पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, ईमान नसीर, ऐमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), सदफ शमास, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जाबीन, शवाल जुल्फिकार, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर.

ये भी पढ़ें-  Asian Games 2026: एशियाई खेलों में VVS लक्ष्मण संभालेंगे टीम इंडिया की कमान, गंभीर को क्यों रखा दूर?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Pakistan, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com