पहले दो मैच में जीत हासिल करके क्लीन स्वीप की दहलीज पर खड़ी भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अपनी गेंदबाजी की गुत्थी सुलझानी होगी जिसमें अनुभवी रविंद्र जडेजा के प्रदर्शन पर नजर रहेगी. भारत ने सीरीज में दबदबा बनाए रखा है, लेकिन उनके प्रदर्शन के बजाय चर्चा पिच के बल्लेबाजी के अनुकूल होने पर केंद्रित रही है, क्योंकि पिछले वनडे में 800 से अधिक रन बने थे. इन परिस्थितियों की आलोचना करने वालों में भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी शामिल हैं, जो बल्ले और गेंद के बीच संतुलन देखना चाहते हैं. सीरीज में पहले ही अजेय बढ़त ले चुकी भारतीय टीम अब अपने गेंदबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी.
कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन गेंदबाजी कमजोर रही है. दोनों मैचों में पहले 10 ओवरों में सिर्फ एक विकेट मिला है और दोनों पावरप्ले में 177 रन लुटाए गए. भारत को बीच के ओवरों में भी विकेट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। कुलदीप यादव को अन्य गेंदबाजों से ज्यादा सहयोग नहीं मिल रहा है. जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ी पर भी सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने पिछले आठ मैचों में सिर्फ तीन विकेट लिए हैं.
गिल बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का 2024 से घरेलू वनडे मैचों में औसत 79.3 है और इस सीरीज में वह पहले ही एक शतक और एक दोहरा शतक लगा चुके हैं. गिल की नाबाद 223 रन की पारी की मदद से भारत ने पिछले मैच में रिकॉर्ड 406 रन का लक्ष्य हासिल किया था.
रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी इस सीरीज में उपयोगी पारियां खेलने का मौका मिला. लेकिन अब तक केवल चार भारतीय बल्लेबाजों को ही बल्लेबाजी का मौका मिला है. केएल राहुल, नमन धीर और जडेजा ने अभी तक बल्लेबाजी नहीं की है.
भारत के लिए सबसे बड़ी समस्या गेंदबाजी आक्रमण है. प्रसिद्ध कृष्णा बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) में चोट के कारण अंतिम वनडे से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया है. मोहम्मद सिराज को पहले दो मैच में खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन वह इस मैच में वापसी कर सकते हैं. हैदराबाद के इस तेज गेंदबाज ने श्रीलंका दौरे के बाद से अपनी सर्वश्रेष्ठ लय नहीं पकड़ी है. वह हालांकि सीमित ओवरों के प्रारूप में अपनी छाप छोड़ने के लिए उत्सुक होंगे.
भारत के वनडे तेज गेंदबाजी आक्रमण में जगह पाने की होड़ लगातार बढ़ती जा रही है. गुरनूर बराड़, प्रसिद्ध और आकिब नबी जैसे खिलाड़ी भी दावेदारों में शामिल हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह की जगह पक्की बनी हुई है. इसलिए युवा तेज गेंदबाजों के लिए यह आखिरी वनडे मैच इस साल के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की सीरीज से पहले अपनी दावेदारी मजबूत करने का एक और मौका होगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे कब खेला जाएगा?
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे शानिवार 3 अक्टूबर को खेला जाएगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे कहां खेला जाएगा?
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे PCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, ग्राउंड A, न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे कितने बजे शुरू होगा?
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे दोपहर 2:00 बजे शुरू होगा. टॉस 30 मिनट पहले होगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे किन टीवी चैनलों पर दिखाया जाएगा?
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव दिखाया जाएगा.
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे की लाइव स्ट्रीमिंग कहां देखें?
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे जियोस्टार ऐप और वेबसाइट पर लाइव स्ट्रीम किया जाएगा.
फ्री में कहां देख पाएंगे लाइव?
भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा वनडे फ्री में डीडी फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में लाइव देख पाएंगे.
यह भी पढ़ें: उधर प्रणवी ने एशियाड में रचा स्वर्णिम इतिहास, इधर मंगेतर करनदीप कोचर NDTV Golf Pro-AM में बिखेरेंगे जलवा
यह भी पढ़ें: 7 छक्के, 61 रन और वर्ल्ड नंबर-2 की छलांग, अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ मचाई तबाही, गेल का रिकॉर्ड टूटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं