India vs Sri Lanka Test Series: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया की तैयारियों के बीच पिच को लेकर विवाद सामने आया है. भारतीय टीम मैनेंजमेंट को कोलंबो में श्रीलंका इलेवन के खिलाफ होने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच की पिच पर छोड़ी गई घास पसंद नहीं आई. हालांकि एनसीसी के अधिकारी ए. फ्रांके ने साफ कहा कि तीन दिन के मैच के लिए घास होना जरूरी है और यह एक बैलेंस विकेट होगी.
रेवस्पोर्ट्ज की एक रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले प्रैक्टिस मैच के लिए विकेट पर घास छोड़ने के फैसले से भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट खुश नहीं है. भारत को शुक्रवार से कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) ग्राउंड पर श्रीलंका XI के खिलाफ तीन दिन का प्रैक्टिस मैच खेलना है. हालांकि श्रीलंका में हालात स्पिनरों के लिए मददगार होंगे, फिर भी श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने प्रैक्टिस मैच के लिए विकेट पर कुछ घास छोड़ने का फैसला किया- एक ऐसा फैसला जो भारत को पसंद नहीं आया.
हालांकि, नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) के अधिकारी ए. फ्रैंके ने कहा कि यह तीन दिन के मैच के लिए एक अच्छी पिच होगी और खेल का नतीजा टीमों के खेलने के तरीके पर निर्भर करेगा. उन्होंने 'रेवस्पोर्ट्ज़' से बातचीत में कहा, 'भारतीय टीम ने कहा कि विकेट पर बहुत ज्यादा घास है, लेकिन हम इसे ऐसा ही रखते हैं क्योंकि यह तीन दिन का खेल है. आप बिना घास वाला विकेट नहीं दे सकते. इसके अलावा, वे इससे खुश थे. हमने जो विकेट दिया है वह एक अच्छा विकेट है, इसलिए मैं यह नहीं कह सकता कि यह किसी टीम के पक्ष में होगा या नहीं. यह इस बात पर निर्भर करता है कि वे कैसे खेलते हैं.'
SLC ने किया था पिच पर घास छोड़ने का अनुरोध
फ्रैंके ने आगे बताया कि SLC ने पिच पर घास छोड़ने का अनुरोध किया था. उन्होंने कहा, 'श्रीलंका क्रिकेट ने घास छोड़ने का अनुरोध किया था, इसलिए हम इसे वैसा ही रखेंगे. हो सकता है कि हालात बदल जाएं, लेकिन आम तौर पर NCC के विकेट अच्छी बैटिंग पिच होते हैं. हमें उम्मीद है कि यहां बड़े स्कोर बनेंगे, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों को गाले जाने से पहले यहां अच्छी प्रैक्टिस मिल सकती है.' उन्होंने आगे कहा, 'हमारा विकेट दूसरे या तीसरे दिन स्पिनरों की मदद कर सकता है, लेकिन मैं किसी को भी यही सलाह दूंगा कि जो भी टॉस जीते, वह पहले बल्लेबाजी करे. हम हमेशा अच्छे और निष्पक्ष विकेट तैयार करते हैं.'
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच कब है?
भारत और श्रीलंका के बीच सीरीज का पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. इसके बाद सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच की मेजबानी कोलंबो का सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान करेगा, जिसका आगाज 23 अगस्त से होना है. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दमदार रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी.
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी.
ये भी पढ़ें- जब एक ही मैच में 5 खिलाड़ियों पर लगा बैन! सचिन पर दाग लगते ही दो धड़ों में बंटी दुनिया, रातोंरात बदला फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं