विज्ञापन
This Article is From Nov 18, 2017

IND vs SL: लाहिरु तिरिमाने और एंजेलो मैथ्‍यूज के अर्धशतक, पहले टेस्‍ट में श्रीलंका की स्थिति मजबूत

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्‍ट मैच में दबाव अब टीम इंडिया पर है. पहली पारी में विराट कोहली ब्रिगेड की ओर से बनाए गए 172 रन के स्‍कोर के जवाब में श्रीलंका ने पहली पारी में चार विकेट पर 165 रन बना लिए हैं.

IND vs SL: लाहिरु तिरिमाने और एंजेलो मैथ्‍यूज के अर्धशतक, पहले टेस्‍ट में श्रीलंका की स्थिति मजबूत
लाहिरु तिरिमाने ने श्रीलंका के लिए 51 रन की बेहतरीन पारी खेली (AFP फोटो)
  • तीसरे दिन श्रीलंका का स्‍कोर 4 विकेट पर 165 रन
  • तिरिमाने ने 51 और एंजेलो मैथ्‍यूज ने 52 रन बनाए
  • भारत की पहली पारी 172 रन पर सिमट गई थी
कोलकाता: श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्‍ट मैच में दबाव अब टीम इंडिया पर है. पहली पारी में विराट कोहली ब्रिगेड की ओर से बनाए गए 172 रन के स्‍कोर के जवाब में श्रीलंका ने पहली पारी में चार विकेट पर 165 रन बना लिए हैं. मेहमान टीम अब भारत के स्‍कोर से महज 7 रन ही पीछे है. खराब रोशनी के कारण शनिवार का खेल जब समाप्‍त घोषित किया गया, उस समय कप्‍तान दिनेश चंदीमल 13 और निरोशन डिकवेला 14 रन बनाकर क्रीज पर थे. श्रीलंका टीम को 165 के स्‍कोर तक पहुंचाने में लाहिरु तिरिमाने (51) और एंजेलो मैथ्‍यूज (52) का अहम योगदान रहा. भारत के लिए भुवनेश्‍वर कुमार और उमेश यादव ने दो-दो विकेट लिए. इससे पहले भारतीय टीम ने आज तीसरे दिन अपनी पारी पांच विकेट पर 74 रन से आगे शुरू की और पूरी टीम 172 रन बनाकर आउट हो गई. चेतेश्‍वर पुजारा ने सर्वाधिक 52 रन बनाए. श्रीलंकाई तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल ने सर्वाधिक चार विकेट लिए.

स्‍कोरकार्ड यहां देखें

श्रीलंकाई पारी: भुवी और उमेश यादव ने लिए है दो-दो विकेट
श्रीलंकाई बल्‍लेबाजी के दौरान भारत की ओर से पहला ओवर भुवनेश्‍वर कुमार ने फेंका, जिसकी पहली ही गेंद पर सदीरा समरविक्रमा ने चौका जमा दिया. भारतीय टीम को पहली दो सफलताएं भुवनेश्‍वर कुमार ने दिलाईं. उन्‍होंने पहले दिमुथ करुणारत्‍ने (8) को एलबीडब्‍ल्‍यू किया और इसके बाद अपने अगले ही ओवर में आक्रामक अंदाज में बैटिंग कर रहे सदीरा समरविक्रमा (23 रन, 22 गेंद, तीन चौके) को विकेटकीपर साहा से कैच करा दिया. पहले क्रम पर बल्‍लेबाजी के लिए आए तिरिमाने को उस समय जीवनदान मिला जब उमेश यादव की गेंद पर पहली स्लिप पर शिखर धवन ने उनका कैच ड्रॉप कर दिया. तिरिमाने उस समय 27 रन पर थे.

तिरिमाने और मैथ्‍यूज ने शानदार बल्‍लेबाजी करते हुए श्रीलंका का स्‍कोर 100 रन के पार पहुंचा दिया.चायकाल तक श्रीलंका का स्‍कोर दो विकेट पर 113 रन था. टीम इंडिया के कप्‍तान विराट कोहली ने आश्‍चर्यजनक रूप से रवींद्र जडेजा से इस समय तक गेंदबाजी नहीं कराई थी.चायकाल के बाद तिरिमाने ने अपना 5वां अर्धशतक पूरा किया. इस दौरान उन्‍होंने 86 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए. तिरिमाने और मैथ्‍यूज की जोड़ी जब भारत के लिए मुश्किल बन रही थी तभी तेज गेंदबाज उमेश यादव टीम के लिए तीसरी सफलता लेकर आए. उन्‍होंने तिरिमाने (51 रन, 94 गेंद, आठ चौके) को स्लिप में विराट कोहली से कैच कराया. इन दोनों बल्‍लेबाजों के बीच 99 रन की साझेदारी हुई. इसी दौरान एंजेलो मैथ्‍यूज ने भी अर्धशतक पूरा किया. उन्‍होंने इसके लिए 88 गेंदों का सामना करते हुए आठ चौके लगाए. उमेश ने अपने अगले ही ओवर में सेट हो चुके एंजेलो मैथ्‍यूज (52 रन, 94 गेंद, आठ चौके) को भी केएल राहुल से कैच करा दिया. जल्‍दी-जल्‍दी दो विकेट गिरने से ईडन गार्डंस में मौजूद क्रिकेटप्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई. उमेश यादव के अगले ही ओवर में अम्‍पायर ने डिकवेला को विकेट के पीछे कैच आउट दे दिया था, लेकिन रिव्‍यू में थर्ड अम्‍पायर ने फैसला पलट दिया. इसके बाद चंदीमल और डिकवेला ने अपनी बल्‍लेबाजी से तीसरा दिन सुरक्षित निकाल दिया. खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल भी जल्‍दी समाप्‍त घोषित करना पड़ा.

विकेट पतन: 29-1 (करुणारत्‍ने, 4.5), 34-2 (समरविक्रमा , 6.4), 133-3 (तिरिमाने, 36.2), 138-4 (मैथ्‍यूज, 38.5)

भारतीय पारी : चेतेश्‍वर पुजारा ने जमाया अर्धशतक
cheteshwar pujara
चेतेश्‍वर पुजारा 52 रन बनाकर भारत के टॉप स्‍कोरर रहे (फाइल फोटो)

इससे पहले, तीसरे दिन भारत ने पांच विकेट पर 74 रन से आगे खेलना शुरू किया. चेतेश्‍वर पुजारा ने स्पिन गेंदबाज रंगना हेराथ की गेंद पर चौका जमाकर अपना 16वां अर्धशतक पूरा किया.  उन्‍होंने 108 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके जमाए. पुजारा (52 रन, 117 गेंद, 10 चौके) अर्धशतक पूरा करने के बाद ज्‍यादा देर नहीं टिके.उन्‍हें गमागे ने बोल्‍ड किया. उनके आउट होने से टीम इंडिया के सम्‍मानजनक स्‍कोर तक पहुंचने के अभियान को बड़ा झटका लगा. पुजारा के आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा बैटिंग के लिए आए, उन्‍होंने कुछ देर खामोश रहने के बाद स्पिनर दिलरुवान परेरा की गेंद पर बेहतरीन छक्‍का जमाया. साहा भी अपनी पारी को आगे बढ़ाते जा रहे थे. वैसे, साहा को जीवनदान भी मिला जब दिलरुवान परेरा की गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला स्‍टंपिंग चूक गए. साहा का स्‍कोर इस समय 25 रन था.

पारी का 52वां ओवर श्रीलंका के लिए दो सफलताएं लेकर आया. इस ओवर में रवींद्र जडेजा (22 रन, 37 गेंद, दो चौके, एक छक्‍का) और ऋद्धिमान साहा (29 रन, 83 गेंद, छह चौके) के विकेट लिए. ये दोनों विकेट स्पिन गेंदबाज दिलरुवान परेरा के खाते में गए. मजे की बात यह रही कि दोनों ही फैसले तीसरे अम्‍पायर ने दिए. भारतीय टीम का नौवां विकेट भुवनेश्‍वर कुमार (13रन, 17 गेंद, एक चौका) के रूप में गिरा जिन्‍हें तेज गेंदबाज लकमल ने विकेटकीपर डिकवेला से कैच कराया. नौ विकेट गिरने के बाद मो. शमी और उमेश यादव ने आक्रामक शॉट लगाते हुए भारतीय स्‍कोर को 150 रन के पार पहुंचाया. टीम इंडिया का आखिरी विकेट मो. शमी (24रन, तीन चौके) के रूप में गमागे के खाते में गया. उमेश यादव छह रन बनाकर नाबाद रहे. श्रीलंका के लकमल ने चार विकेट लिए. लाहिरु गमागे, दासुन शनाका और दिलरुवान परेरा के खाते में दो-दो विकेट आए.भारतीय पारी खत्‍म होते ही लंच ब्रेक घोषित कर दिया गया.

विकेट पतन: 0-1 (राहुल, 0.1), 13-2 (धवन, 6.2), 17-3 (विराट, 10.1), 30-4 (रहाणे, 17.2), 50-5 (अश्विन, 25.6), 79-6 (पुजारा, 37.2), 127-7 (जडेजा, 51.2), 128-8 (साहा, 51.5), 146-9 (भुवनेश्‍वर, 56.2), 172-10 (शमी, 59.3)

मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने तीन विकेट पर 17 रन से आगे खेलना प्रारंभ किया था. अजिंक्‍य रहाणे ज्‍यादा देर नहीं टिके और केवल चार रन बनाने के बाद आउट हो गए. उनका कैच मध्‍यम गति के गेंदबाज दासुन शनाका की गेंद पर विकेटकीपर डिकवेला ने लपका. चार स्‍थापित बल्‍लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय टीम को सम्‍मानजनक स्थिति में पहुंचाने का सारा दबाव चेतेश्‍वर पुजारा पर आ गया था. भारतीय टीम का पांचवां विकेट रविचंद्रन अश्विन (4 रन, 29 गेंद) के रूप में गिरा, जिन्‍हें शनाका ने करुणारत्‍ने के हाथों कैच कराया. इससे पहले, मैच में पहले दिन बल्‍लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत निराशाजनक रही थी और टीम ने 17 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे.वर्षा के कारण पहले दो दिन का खेल बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
वीडियो: गावस्‍कर बोले, निडर गेंदबाज हैं कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल दोनों टीमें इस प्रकार हैं....

भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्‍तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्‍वर पुजारा, अजिंक्‍य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, ऋद्धिमान साहा, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्‍वर कुमार, उमेश यादव और मो. शमी.

श्रीलंका टीम: दिनेश चंदीमल (कप्‍तान), दिमुथ करुणारत्‍ने, सदीरा समरविक्रमा, लाहिर तिरुमाने, एंजेलो मैथ्‍यूज, निराशन डिकवेला, दासुन शनाका, दिलरुवान परेरा, रंगना हेराथ, सुरंगा लकमल और लाहिरु गमागे.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs Sri Lanka, 1st Test, Live Cricket Score
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com