बुधवार से भारत-न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज शुरू हुई. ऑकलैंड में पहला वनडे खेला गया, जिसमें विराट कोहली की 74 रनों की पारी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को बारिश से बाधित मुकाबले में 5 विकेट से हरा दिया. इस मैच पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 185 रन बनाए थे. अंशुक कंबोज की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया. इसके जवाब में भारत ने 143 रन बनाकर आसानी से मुकाबला अपने नाम किया. वहीं इस मुकाबले के बाद विराट कोहली इस सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं, जबकि सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में अर्शदीप.
विराट कोहली नंबर-1 बल्लेबाज
भारत-न्यूजीलैंड के बीच जारी वनडे सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली हैं. बुधवार को उन्होंने 74 रनों की पारी खेली. जबकि दूसरे स्थान पर कीवी बल्लेबाज टिम सीफर्ट हैं. उन्होंने 38 रन बनाए. इसके बाद कप्तान शुभमन गिल, टिकनर, ग्लेन फिलिप्स और डेरेल मिशेल हैं.
सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
- विराट कोहली- 74
- टिम सीफर्ट- 38
- शुभमन गिल- 37
- ब्लेयर टिकनर- 34
- ग्लेन फिलिप्स- 30
गेंदबाजों में अर्शदीप सबसे आगे
जबकि अर्शदीप ने आज चार शिकार किए. जबकि गुरनूर बराड़ ने 3 शिकार किए.वहीं जैकब डफी न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, उन्होंने 3 शिकार किए.
सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
- अर्शदीप सिंह-4
- गुरनूर बराड़-3
- जैकब डफी-3
- अंशुल कंबोज-2
- नाथन स्मिथ-1
भारत ने जीत से की शुरुआत
तेज गेंदबाजों के कमाल और विराट कोहली की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने बारिश से प्रभावित पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्वति से पांच विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की.तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (70 रन देकर चार विकेट), गुरनूर बराड़ (44 रन देकर तीन) और अंशुल कंबोज (10 ओवर में 22 रन देकर दो) ने मिलकर नौ विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 40.2 ओवर में में 185 रन पर ढेर कर दिया.
बारिश के व्यवधान से एक घंटे से अधिक समय तक खेल नहीं हो पाने के कारण भारत के सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 40 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा गया. इसके बाद 2.1 ओवर का खेल ही हो पाया था कि फिर से बारिश आ गई. खेल शुरू होने पर भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य दिया गया.
भारत ने कोहली (51 गेंद पर 74 रन, 13 चौके, एक छक्का) और कप्तान शुभमन गिल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की मदद से 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया. भारत ने हालांकि जिस तरह से 22 रन के अंदर चार विकेट गंवाए वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय हो सकता है.
पहली बार जब बारिश के कारण खेल रुका तब भारत ने एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। दूसरे व्यवधान के समय उसका स्कोर एक विकेट पर 64 रन था.भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे. कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे और उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती.
अब केवल वनडे प्रारूप में खेलने वाले कोहली ने ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का लगाया और इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका लगाकर 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने इस ओवर में दो और चौके लगाए. गिल ने हालांकि नाथन स्मिथ की तेजी से उठती गेंद पर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दे दिया. उन्होंने अपनी 56 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए. जैकब डफी (49 रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में कोहली और अक्षर पटेल को आउट करके मैच में कुछ रोमांच भरा. टिम सीफर्ट ने कोहली का डीप स्क्वायर लेग पर एक हाथ से शानदार कैच लिया. डफी ने श्रेयस अय्यर (15) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया. नमन धीर (नाबाद पांच) ने विजयी चौका लगाया.
यह भी पढ़ें: IND vs NZ 1st ODI: न बल्लेबाजी की, सिर्फ 2 विकेट लिए, अंशुल कंबोज ने बनाई अनोखी रिकॉर्ड लिस्ट में जगह
यह भी पढ़ें: अब नंबर-1 कोहली, तेंदुलकर नंबर-3 पर, 'किंग' का 'विराट' कारनामा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं