क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त होने के बेहद करीब है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज आज (04 नवंबर 2026) से हो रहा है. दोनों टीमें ऑकलैंड स्थित ईडन पार्क में आमने-सामने होंगी. मैच से पहले हर किसी का बस एक ही सवाल है. संपन्न हुए टी20 इंटरनेशनल सीरीज की तरह ही ईडन पार्क में भी छ्क्के-चौके देखने को मिलेंगे या गेंदबाजों का बोलबाला रहेगा. अगर आपका भी यही सवाल है तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं. ईडन पार्क की गिनती दुनिया के अनोखे क्रिकेट स्टेडियम में होती है. मैदान की बनावट बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए हमेशा चुनौती भरा रहा है. यहां की सीधी बाउंड्री महज 52 से 55 मीटर की है. वहीं विकेट के पीछे का क्षेत्र भी काफी छोटा है. जिससे बल्लेबाजों को रन बनाने का अवसर खूब मिलता है.
ईडन पार्क में गेंदबाजों के लिए भी काफी कुछ है. तेज गेंदबाज अगर सही लाइन लेंथ पर गेंद डालें तो वह बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसा सकते हैं. मिले आंकड़ों के मुताबिक जारी दशक में यहां खेले गए वनडे मुकाबलों में तेज गेंदबाजों ने अच्छी लेंथ पर गेंदबाजी करते हुए केवल 4.21 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं. वहीं गेंदें छोटी रखने पर उनकी खूब कुटाई हुई है. इस दौरान उन्होंने10.66 की इकॉनमी से रन लुटाए हैं.
स्पिनरों के पास भी प्रभावित करने का मौका
तेज गेंदबाज ही नहीं ईडन पार्क में स्पिनरों के लिए भी काफी कुछ है. ऑकलैंड में जब तेज हवाएं चलती हैं तो उनके लिए काफी कारगर साबित होता है. साल 2020 से खबर लिखे जाने तक यहां वनडे मुकाबलों में स्पिन गेंदबाजों की इकॉनमी 5.45 की रही है, जबकि तेज गेंदबाजों ने 5.64 की इकॉनमी से रन खर्च किए हैं.
शतक नहीं जड़ पाए हैं रोहित शर्मा
दुनिया के सभी देशों में धूम मचाने वाले भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा न्यूजीलैंड में वनडे फॉर्मेट के तहत अबतक एक भी शतक नहीं जड़ पाए हैं. 'हिटमैन' शर्मा ने यहां 13 पारियों में 36.41 की औसत और 72.95 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं.
खूब चल रहा है गिल का बल्ला
जारी साल में शुभमन गिल ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से हर किसी को प्रभावित किया है. उनके शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस साल वनडे क्रिकेट में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं. उन्होंने सिर्फ 11 पारियों में 111.87 की औसत और 118.7 के स्ट्राइक रेट से 895 रन बनाए हैं.
पहले वनडे के लिए भारत और न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह.
न्यूजीलैंड: विल यंग, टिम सिफर्ट/हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी/ब्लेयर टिकनर और जैकब डफी.
यह भी पढ़ें- CSK ने पिछले साल जिस खिलाडी को गाजे बाजे के साथ टीम में किया शामिल, उसे अब दिखाने जा रही है बाहर का रास्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं