क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 15 नवंबर की रिटेंशन डेडलाइन से पहले ऑलराउंडर खिलाड़ी प्रशांत वीर को रिलीज करने पर विचार कर रही है. फ्रेंचाइजी ने वीर को आईपीएल 2026 की नीलामी में 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था. मगर टूर्नामेंट के दौरान उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. जिसके बाद टीम उनको रिलीज करने के लिए सोच रही है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स के पास फिलहाल 2.4 करोड़ रुपये का पर्स बचा हुआ है. अगर वह वीर को रिलीज कर देते हैं तो उनकी सैलरी कैप बढ़ जाएगी. खबर यह भी सामने आ रही है कि मिनी ऑक्शन में एक बार फिर से फ्रेंचाइजी युवा ऑलराउंडर पर दाव लगा सकती है. मगर उन्हें कम कीमत पर खरीदने का प्रयास रहेगा.
प्रशांत वीर का प्रदर्शन
आईपीएल के पहले सीजन में प्रशांत वीर का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. पिछले सीजन में उन्होंने अपनी टीम की तरफ से कुल छह मुकाबलों में हिस्सा लिया था. इस बीच वह पांच पारियों में 91 रन ही बना पाए थे. जिसमें 43 रनों की खेली गई पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च पारी रही. गेंदबाजी के दौरान वीर को कोई सफलता हाथ नहीं लगी.
प्रशांत वीर का घरेलू क्रिकेट करियर
खबर लिखे जाने तक प्रशांत वीर ने घरेलू क्रिकेट में कुल तीन फर्स्ट क्लास, आठ लिस्ट 'ए' और 15 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से फर्स्ट क्लास की दो पारियों में 3.50 की औसत से सात, लिस्ट 'ए' की सात पारियों में 44.33 की औसत से 133 और टी20 की 12 पारियों में 33.66 की औसत से 202 रन निकले हैं.
वहीं गेंदबाजी के दौरान उन्होंने फर्स्ट क्लास की चार पारियों में 14.00 की औसत से दो, लिस्ट 'ए' की आठ पारियों में 36.90 की औसत से 10 और टी20 की 10 पारियों में 18.75 की औसत से 12 सफलता प्राप्त की है.
यह भी पढ़ें- शोएब अख्तर की ऑल टाइम ODI XI, शेन वॉर्न कप्तान, सचिन-गॉर्डन ओपनर, धोनी, गिलक्रिस्ट युवराज को भी मिला मौका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं