India vs Australia, Women's T20 World Cup 2023 Semi-Final: भारतीय टीम फिर से नॉकआउट मैच के दबाव में आ गई जिससे गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को केपटाउन में पांच रन की जीत से लगातार सातवीं बार आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में प्रवेश किया. भारत के खराब क्षेत्ररक्षण और कैच लपकने के मौके छोड़ने से ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 172 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.
भारत ने 28 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे लेकिन कप्तान हरमनप्रीत कौर (52 रन, 34 गेंद) और जेमिमा रोड्रिग्स (43 रन, 24 गेंद) के बीच चौथे विकेट के लिए 41 गेंद में 69 रन की साझेदारी से उसने मैच में वापसी की.
That's that from our semi-final game.
— BCCI Women (@BCCIWomen) February 23, 2023
Australia win by 5 runs.
Scorecard - https://t.co/fVVsNjFbjU #INDvAUS #T20WorldCup pic.twitter.com/lq17aY6L9W
भारत को अंतिम 30 गेंद में 39 रन की जरूरत थी जो ज्यादा मुश्किल नहीं था और उसके पांच विकेट बाकी थी. लेकिन बीती कहानी फिर दोहराई गई और टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन ही बना सकी.
भारतीय टीम पांच बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले वर्ल्ड कप फाइनल में भी हार गई थी और हाल में उसे राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में भी पराजय का सामना करना पड़ा था. नॉकआउट मैच में मिली हार के बाद भारत का वर्ल्ड खिताब के लिए लंबा इंतजार और बढ़ गया.
विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना के सस्ते में आउट होने के बाद रोड्रिग्स और हरमनप्रीत ने सुनिश्चित किया कि बाउंड्री लगती रहें.
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक दिन पहले तेज बुखार के बावजूद इस नॉकआउट मैच खेलने का फैसला किया, उन्होंने जेस जोनासेन पर लांग ऑन में ऊंचा छक्का जड़ा.
रोड्रिग्स शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी कर रही थीं, उन्होंने एशले गार्डनर की पहली दो गेंदों पर लगातार चौके जड़े.
दस ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 93 रन था और टीम जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी. लेकिन डार्सी ब्राउन की धीमी गेंद पर रोड्रिग्स की पारी समाप्त हुई जो उनकी गेंद पर बल्ला छुआकर विकेटकीपर को कैच दे बैठी.
हरमनप्रीत अपनी बेहतरीन फॉर्म में दिख रही थीं और शानदार स्ट्रोक्स लगा रही थीं. उन्होंने 15वें ओवर में जार्जिया वारेहैम पर लगातार चौके जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन उनके रन आउट होने से मैच का रुख ही बदल गया. वह दूसरा रन लेने के प्रयास में पवेलियन पहुंच गईं, जब एलिसा हीली ने गेंद लेकर तेजी से उन्हें रन आउट किया.
* VIDEO: हार के बाद हरमनप्रीत कौर ने बताया सेमीफाइनल का टर्निंग पॉइंट, कहा- इससे ज्यादा अनलकी..
* VIDEO: "शोएब अख्तर ने इतने इंजेक्शन लिए हैं कि...", शाहिद अफरीदी ने अपने पूर्व साथी के खोले राज
भारत का गेंदबाजी का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा, जिससे बेथ मूनी की 37 गेंद में 54 रन की शानदारी पारी से मूनी ने भारत के खिलाफ अपना बेहतरीन रिकॉर्ड जारी रखा.
खेल की सर्वश्रेष्ठ 'पावर हिटर' खिलाड़ियों में शुमार एशले गार्डनर ने 18 गेंद में 31 रन बनाए जबकि कप्तान मेग लैनिंग 34 गेंद में 49 रन बनाकर नाबाद रहीं.
स्विंग नहीं मिलने से भारत की स्टार गेंदबाज रेणुका सिंह को काफी मुश्किल हुई.
एलिसा हीली (26 गेंद में 25 रन) आमतौर पर मूनी के साथ पहली पारी की साझेदारी में काफी आक्रामकता दिखाती हैं लेकिन गुरुवार को ऐसा नहीं हुआ. मूनी ने 52 रन की भागीदारी के दौरान नियमित अंतराल पर बाउंड्री लगाना जारी रखा. मूनी जब 32 रन पर थीं, तब लांग ऑन पर शेफाली वर्मा ने उनका कैच छोड़ दिया.
टूर्नामेंट में भारत की सबसे निरंतर स्पिनर रहीं दीप्ति शर्मा ने अपने शुरूआती स्पैल में काफी शार्ट गेंद फेंकी. उनके दूसरे ओवर में 12 रन बने जिसमें मूनी ने वाइड लांग ऑफ पर गगनचुंबी छक्का जड़ा.
गेंदबाजों की अनिरंतर लाइन और लेंथ के अलावा खराब क्षेत्ररक्षण और कैच छोड़ने से भारत ने काफी रन लुटाए.
लैनिंग ने अपनी पारी के शुरुआत में मिले जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 34 गेंद में नाबाद 49 रन बनाए जिसमें 20वें ओवर में रेणुका पर दो छक्के और एक चौका भी शामिल रहा.
रेणुका कोई विकेट नहीं ले सकीं और चार ओवर में उन्होंने 41 रन लुटाए.
पूजा वस्त्राकर की जगह खेल रहीं स्नेह राणा कोई विकेट नहीं चटका सकीं, हालांकि उन्होंने अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान किया. उनके पहले ओवर में लैनिंग विकेट के पीछे आउट हो सकती थीं लेकिन विकेटकीपर ऋचा घोष ने मौका गंवा दिया. ऋचा ने लैनिंग का एक स्टंपिंग का मौका भी खराब कर दिया.
अंतिम पांच ओवर में ऑस्ट्रेलिया ने 59 रन जोड़े.