भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सदस्य रविवार तड़के एशियाई गेम्स के लिए रवाना होने से पहले सही साइज की किट का इंतजार कर रहे हैं. PTI के रिपोर्ट के अनुसार खिलाड़ियों की जर्सी को लेकर बीसीसीआई और भारतीय ओलंपिक संघ के किट सप्लायर JSW इंस्पायर के बीच काफी बातचीत हुई है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी से रवाना होने वाली है. भारतीय खिलाड़ी 28 सितंबर से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए आधिकारिक एशियाई खेलों की जर्सी पहनने से पहले, 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र T20I मैच के लिए अपनी सामान्य किट पहनेंगे.
ओलंपिक संघ के एक सूत्र ने PTI को बताया, "क्रिकेटरों की किट के साइज को लेकर कुछ दिक्कतें थीं, जिनमें से ज्यादातर को ठीक कर लिया गया है. कुछ किट अभी बाकी हैं और वे जल्द ही टीम को पहुंचा दी जाएंगी. चूंकि खिलाड़ियों को वहां दो अलग-अलग जर्सी की जरूरत है, एक द्विपक्षीय सीरीज के लिए और दूसरी एशियाई गेम्स के लिए, इसलिए खिलाड़ियों के कपड़ों को लेकर थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ा है.
BCCI ने कोई कसर नहीं छोड़ी, होटल का इंतजाम खुद किया
नागोया में रहने की जगह मिलने में दूसरे भारतीय एथलीटों को हुई देरी को देखते हुए, बीसीसीआई ने टूर्नामेंट के लिए अपने होटल का इंतजाम करने का फैसला किया है. वहां खेल के मैदान समेत क्रिकेट सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, भारतीय महिला टीम IOA की ओर से उपलब्ध कराई गई जगह पर ही रह रही है.
एक सूत्र ने कहा, "महिला टीम के रहने की जगह कभी कोई समस्या नहीं थी, पुरुष टीम के लिए आयोजकों की ओर से दिए गए कमरों में किट बैग रखने की भी जगह नहीं थी. वहां बहुत ज़्यादा बड़े होटल नहीं हैं, लेकिन बीसीसीआई ने जापान रवाना होने से ठीक पहले अपने इंतजाम पूरे कर लिए हैं" एशियाई गेम्स में हिस्सा ले रहे कुछ एथलीटों को अपने रहने की जगह में चेक-इन करने से पहले घंटों इंतजार करना पड़ा. इस बार कोई खास 'गेम्स विलेज' नहीं है और आयोजक एथलीटों को क्रूज शिप, कंटेनर और होटलों में ठहरा रहे हैं.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026 Live Updates: क्विंसी डिसूज़ा की नजर पदक पक्का करने पर, सेमीफाइनल की लाइव अपडेट्स
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स के आगाज के साथ छलका नीरज चोपड़ा का दर्द, बोले- दिल टूट गया...
ये भी पढ़ें- पथिरागे नंबर-1, नीरज चोपड़ा टॉप-10 से बाहर, एशियन गेम्स के आगाज के साथ जानें कौन है एशिया के टॉप 10 एथलीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं