IND vs SL 2nd Test Pitch Weather: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जाएगा. गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त बनाई थी. अब टीम इंडिया की नजर दूसरे मुकाबले में भी दमदार प्रदर्शन पर होगी. हालांकि, कोलंबो टेस्ट से पहले मौसम ने दोनों टीमों की टेंशन बढ़ा दी है. मैच के पांचों दिन बारिश का पूर्वानुमान है.
कोलंबो टेस्ट में पांचों दिन बारिश का खतरा
AccuWeather की रिपोर्ट के मुताबिक, 23 अगस्त को टेस्ट के पहले दिन बारिश की संभावना 64 प्रतिशत है. दिन के समय आसमान में ज्यादातर बादल छाए रहने के साथ दोपहर में एक-दो बार बारिश हो सकती है. इस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि अगले दिन 24 अगस्त को मौसम और ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने वाला है. दूसरे दिन बारिश की संभावना 96 प्रतिशत है. सुबह के समय बारिश के दौर के बाद दोपहर में भी हल्की बारिश हो सकती है. इस दिन करीब 12.6 मिमी बारिश का अनुमान है और लगभग 5 घंटे तक बारिश होने की संभावना जताई गई है.
टेस्ट के तीसरे दिन भी बारिश की टेंशन
25 अगस्त यानी टेस्ट के तीसरे दिन भी बारिश का खतरा बरकरार है. इस दिन बारिश की संभावना 91 प्रतिशत है. सुबह कुछ बारिश के बाद दोपहर में भी बारिश हो सकती है. अनुमान के मुताबिक करीब 9.3 मिमी बारिश हो सकती है और करीब साढ़े चार घंटे तक बारिश रहने की संभावना है. 26 और 27 अगस्त को भी बारिश की आशंका बनी रहने का पूर्वानुमान है. ऐसे में मैच के आखिरी दो दिनों में भी मौसम दोनों टीमों के लिए चुनौती बन सकता है.
कैसी होगी कोलंबो की पिच?
कोलंबो के SSC मैदान की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए काफी सपोर्टिव मानी जाती है. यहां की पिच पर बल्लेबाजों के लिए रन बनाने के मौके रहते हैं और पहली पारी में बड़ा स्कोर देखने को मिल सकता है. हालांकि, मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिनरों की भूमिका बढ़ सकती है.
SSC मैदान का रिकॉर्ड
SSC में अब तक 46 टेस्ट खेले गए हैं. यहां पहली पारी का औसत स्कोर 323 रन है, जबकि दूसरी पारी में औसतन 354 रन बने हैं. तीसरी पारी का औसत 273 और चौथी पारी का औसत 182 रन है. इससे संकेत मिलता है कि शुरुआत में बल्लेबाजों को अच्छी मदद मिल सकती है, लेकिन मैच के आगे बढ़ने के साथ परिस्थितियां बदल सकती हैं. इस मैदान पर बल्लेबाजी पहले करने और गेंदबाजी पहले करने वाली टीमों की जीत की संख्या भी बराबर है. दोनों ने 16-16 मुकाबले जीते हैं. ऐसे में टॉस का फैसला परिस्थितियों को देखते हुए काफी अहम हो सकता है.
स्पिनरों का रहेगा दबदबा?
SSC में पिछले तीन टेस्ट मैचों में स्पिनरों ने 45 विकेट लिए हैं, जो तेज गेंदबाजों से 10 विकेट ज्यादा हैं. इसका मतलब है कि मैच आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों को पिच से मदद मिलने की उम्मीद की जा सकती है. भारत के पास रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मैनव सुथार जैसे विकल्प मौजूद हैं। वहीं, श्रीलंका की टीम भी अपनी स्पिन गेंदबाजी पर काफी निर्भर करेगी.
क्या बारिश से धुल सकता है पूरा मैच?
पांचों दिन बारिश की संभावना निश्चित तौर पर चिंता बढ़ाने वाली है, लेकिन सिर्फ बारिश की संभावना देखकर यह कहना सही नहीं होगा कि पूरा टेस्ट मैच धुल जाएगा. टेस्ट के दौरान बारिश के बीच कई बार खेल के लिए पर्याप्त समय भी मिल जाता है. हालांकि, 24 और 25 अगस्त को बारिश की संभावना क्रमशः 96 और 91 प्रतिशत होने के कारण मैच में रुकावट की आशंका जरूर काफी ज्यादा है. अगर बारिश के कारण कई सत्र प्रभावित होते हैं तो पांच दिन के भीतर पूरा टेस्ट खेलना मुश्किल हो सकता है.
कोलंबो में भारत का रिकॉर्ड कैसा है?
SSC मैदान पर भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 9 टेस्ट खेले गए हैं. भारत ने इनमें 3 मुकाबले जीते हैं, जबकि श्रीलंका को 2 जीत मिली हैं. चार मैच ड्रॉ रहे हैं. ओवरऑल टेस्ट रिकॉर्ड में भारत का पलड़ा काफी भारी है. दोनों टीमों के बीच अब तक 47 टेस्ट खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 23 और श्रीलंका ने 7 मुकाबले जीते हैं। 17 मैच ड्रॉ रहे हैं.
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जड़ेजा, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, सरफराज खान, सारांश जैन, औकिब नबी, गुरनूर बराड़.
श्रीलंका टीम: लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंदरा, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सहान अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन प्रियनाथ रथनायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो.
ये भी पढ़ें- SL vs IND, 2nd Test: कोलंबो में शुभमन गिल के सामने 3 बड़े माइलस्टोन, जो रूट को भी छोड़ सकते हैं पीछे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं