Shubman Gill Takes Stunning Catch of Kamindu Mendis: श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में ही भारतीय स्पिन अटैक का जादू साफ तौर पर मैदान पर दिखा, लेकिन इन सब के बीच कप्तान शुभमन गिल के फुर्तीले अंदाज और चुस्त फील्डिंग ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मानव सुथार के बाद कुलदीप यादव ने भी श्रीलंका को बड़ा झटका देते हुए कामिंदु मेंडिस को पवेलियन भेज दिया. मेंडिस क्रीज से बाहर निकलकर कुलदीप की गेंद पर ड्राइव लगाने गए, लेकिन उनका शॉट हवा में उठ गया.
इस दौरान एक्स्ट्रा कवर पर तैनात भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बेहतरीन फील्डिंग प्रदर्शन करते हुए अपनी बाईं ओर पूरी लंबाई में छलांग लगाई और एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया. नीचे आती गेंद को पकड़ना आसान नहीं था, लेकिन गिल ने पूरा संतुलन बनाए रखा और जमीन पर गिरते समय भी गेंद पर अपनी पकड़ नहीं छोड़ी. कैच पूरा होते ही भारतीय कप्तान खुशी से झूम उठे, जबकि कामिंदु मेंडिस को निराश होकर वापस लौटना पड़ा.
That was a blinder from Shubman Gill to dismiss Kamindu Mendis.. 👏👏 #SLVIND pic.twitter.com/Dl9BrLSpJQ
— Nibraz Ramzan (@nibraz88cricket) August 17, 2026
मानव सुथार और उसके बाद अब कुलदीप यादव की फिरकी ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को शुरुआती झटके देने के साथ ही घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. एक खास रणनीति और लाइन लेंथ को ध्यान में रख कर की गई गेंदबाजी का इनाम भी साफ तौर पर टीम को मिला.
462 रन बनाकर ऑलआउट हुई टीम इंडिया
इससे पहले भारत की पूरी टीम 462 रन बनाकर ऑलआउट हुई. टेस्ट के तीसरे दिन के पहले ही ओवर में असिथा फर्नांडो ने प्रसिद्ध कृष्णा को 2 रनों के स्कोर पर आउट करते हुए भारतीय टीम की पारी को समेटा. भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली. पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रनों की लाजवाब पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया. पडिक्कल ने केएल राहुल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़े जबकि पंत संग मिलकर उन्होंने 71 रन जोड़े.
वहीं, केएल राहुल ने 175 गेंदों में 82 रन बनाए. राहुल ने अपनी इस पारी में 10 चौके और एक छक्का लगाया. ध्रुव जुरेल ने भी बढ़िया बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली और उन्होंने 68 गेंदों में 51 रन बनाए. हालांकि, ऋषभ पंत और यशस्वी जायसवाल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे. पंत 62 गेंदों का सामना करने के बाद 39 रन बनाकर आउट हुए जबकि यशस्वी ने 37 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाए.
कप्तान शुभमन गिल ने 16 रन बनाए तो रवींद्र जडेजा ने 13 रनों का योगदान दिया. मानव सुथार ने 43 गेंदों में 24 रन बनाए. मोहम्मद सिराज ने 11 रन बनाए जबकि कुलदीप यादव ने 13 रन बनाकर नाबाद रहे. गौरतलब है कि टेस्ट के दूसरे दिन भारी बारिश के चलते पहले सेशन का खेल पूरी तरह से बारिश से धुल गया था. वहीं, पहले दिन भी बारिश ने खेल काफी देर के लिए बाधित किया था. गेंदबाजी में श्रीलंका की तरफ से स्पिन गेंदबाज प्रभात जयसूर्या का जादू चला और उन्होंने 109 रन देकर चार विकेट चटकाए. वहीं, टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू कर रहे केशरा नुवांथा ने 3 विकेट निकाले जबकि असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट झटके.
(IANS इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं