विज्ञापन

IND vs NZ 1st Test: बैटिंग पैराडाइज बनी पिच, आखिरी दिन कैसे मिलेंगे 8 विकेट? भारतीय गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा

वेलिंगटन की पिच बल्लेबाजी के लिए स्वर्ग बन चुकी है, जिस पर गेंदबाजों के लिए कुछ भी नहीं है, ऐसे में 8 विकेट निकाला भारतीय गेंदबाजों के लिए किसी अग्निपरीक्षा की तरह होगा.

IND vs NZ 1st Test: बैटिंग पैराडाइज बनी पिच, आखिरी दिन कैसे मिलेंगे 8 विकेट? भारतीय गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा
बैटिंग पैराडाइज बनी पिच, आखिरी दिन कैसे मिलेंगे 8 विकेट?

ऋषभ पंत के रिकॉर्ड नौवें शतक की मदद से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के चौथे दिन रविवार को नौ विकेट पर 720 रन का विशाल स्कोर बनाकर पारी घोषित की जिसके जवाब में मेजबान टीम शुरूआती झटकों से उबरकर संभलती दिख रही है. दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए थे. न्यूजीलैंड अभी भी भारत से 233 रन पीछे है. हालांकि, टेस्ट का आखिरी दिन है, ऐसे में किसी भी फैंस को लग सकता है कि यह आसान होने जा रहा है, लेकिन वेलिंगटन की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ण बन गई है. फिलहाल इस पिच पर तेज़ गेंदबाज़ों के लिए कुछ खास नहीं है. ऐसे में सोमवार को भारतीय तेज गेंदबाजों की अग्निपरीक्षा होनी है कि आखिर वह विकेट कैसे निकालेंगे?

सबसे बड़ा सवाल, आखिरी दिन कैसे मिलेंगे विकेट

तीसरे दिन स्टंप्स पर पिच की रंगत तेजी से बदल रही थी. चौथे दिन दूसरे सेशन तक आते-आते इस पर गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं बचा. ऐसे में भारत ने पहली पारी में 720/9 स्कोर पर पारी घोषित करके, हार को समीकरण से बाहर कर दिया. इसके बाद बल्लेबाजी करने आई न्यूजीलैंड को बुमराह और प्रसिद्ध ने शुरुआती झटके दिए, लेकिन फिर रचिन रवींद्र और डेवेन कॉन्वे क्रीज पर जम गए. 

भारतीय गेंदबाजों ने इस दौरान अपना प्लान भी बदला और वो राउंड द विकेट आए. कोशिश रफ्फ एरिया से मदद हासिल करने की थी. गेंदबाजी स्टंप्स की लाइन पर हुई. टीम इंडिया को इससे कोई विकेट तो नहीं मिला, लेकिन उन्होंने रन रेट को जरूर 3 से नीचे रखा है. 

पिच कैसी है, इसे न्यूजीलैंड के इस आंकड़े से साबित किया जा सकता है कि दूसरी पारी में कीवी बल्लेबाजों ने पहले 30 ओवरों में 81.6% कंट्रोल के साथ शॉट खेले, जबकि उसके बाद के 15 ओवरों में यह आंकड़ा 98.9% रहा. यानी गेंद अच्छे से बैट पर आ रही है. 

ऐसे में भारतीय गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और टीम मैनेजमेंट जरूर प्लान बनाएंगे कि आखिरी दिन कैसे जीत हासिल की जाए. टीम इंडिया अगर कल शुरुआती सेशन में विकेट निकालने में सफल हुई तो मेजबान टीम दबाव में आ सकती है. कल दिन के दूसरे सेशन में भारत के पास नई गेंद भी होगी. बुमराह एंड कंपनी की पूरी कोशिश बल्लेबाजों से गलती करवाने और उन्हें अपने जाल में फंसाने की होगी. आज हेनरी निकोल्स का विकेट भी इसी नतीजे पर आया था. 

भारतीय पारी में लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

भारत की पहली पारी में कई रिकॉर्ड टूटे. पंत दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड , आस्ट्रेलिया (एसईएनए देश) में शतक लगाने वाले एशिया के पहले विकेटकीपर और भारत के छठे बल्लेबाज बन गए. इससे पहले केएल राहुल एसईएनए देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने.सचिन तेंदुलकर, मोहम्मद अजहरूद्दीन, राहुल द्रविड़ और विराट कोहली यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं.

पंत ने इंग्लैंड में चार ( ओवल पर 2018 में 118, बर्मिंघम में 2022 में 146 और लीड्स में 2025 में 134 और 118), आस्ट्रेलिया में एक (2019 में सिडनी में 159) और दक्षिण अफ्रीका में एक (2022 में केपटाउन में 100) शतक लगाया है. भारत का यह तीसरा सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है. इससे पहले भारत ने चेन्नई में 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 759 और 2009 में मुंबई में श्रीलंका के खिलाफ नौ विकेट पर 726 रन बनाये थे.

यह विदेशी धरती पर भारत का सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है. इससे पहले आस्ट्रेलिया के खिलाफ 2004 में सिडनी टेस्ट में भारत ने सात विकेट पर 705 रन बनाये थे जो उसका सर्वोच्च स्कोर था. चौथे दिन का खेल समाप्त होने पर डेवोन कोंवे 59 और रचिन रविंद्र 27 रन बनाकर खेल रहे थे. न्यूजीलैंड को पारी की हार से बचने के लिये अभी 233 रन और बनाने हैं.

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार लगातार सात अर्धशतकीय साझेदारियां बनी. पहले विकेट के लिये 130, दूसरे के लिये 165, तीसरे के लिये 91, चौथे के लिये 100, पांचवें के लिये 68, छठे और सातवें विकेट के लिये क्रमश: 75 और 54 रन की साझेदारियां बनी.

इससे पहले बेसिन रिजर्व का विकेट राजकोट या रावलपिंडी की तरह लग रहा था. बुमराह ने जब नयी गेंद संभाली तो हरी भरी पिच भूरे रंग में बदल चुकी थी. खराब दौर से गुजर रहे न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमाया .

कोंवे और हेनरी निकोल्स (31) ने दूसरे विकेट के लिये 60 रन जोड़े और उन्हें बल्लेबाजी में कोई दिक्कत नहीं हुई. पहली पारी में जरूरत से ज्यादा शॉर्ट या फुल लैंग्थ गेंदबाजी के लिये आलोचना झेलने वाले प्रसिद्ध कृष्णा ने निकोल्स को शॉर्ट लेग पर ध्रुव जुरेल के हाथों लपकवाया. इसके बाद कोंवे और रविंद्र ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए पारी को संभाला.

यह भी पढ़ें: 'भारतीय क्रिकेट में ऐसा कभी नहीं हुआ'... मदन लाल ने सिराज को बाहर करने पर लगे आरोपों को किया खारिज

यह भी पढ़ें: जो 149 साल में नहीं हुआ, भारतीय बल्लेबाजों ने वेलिंगटन में कर डाला, 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' रिकॉर्ड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com