ध्रुव जुरेल अपने साथी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को ‘असाधारण प्रतिभा' और एक ‘मेंटोर' मानते हैं जिनके टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी के प्रति दृष्टिकोण का वह बारीकी से आकलन करते हैं. जुरेल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन पंत के साथ मिलकर मात्र 14 ओवरों में 75 रन साझेदारी की, जिससे भारत ने बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के चौथे दिन रिकॉर्ड नौ विकेट 720 रन बनाकर अपनी पारी समाप्त घोषित की.
जुरेल ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,"ऋषभ असाधारण खिलाड़ी है. मैं हमेशा उससे उसकी मानसिकता के बारे में पूछता रहता हूं. जब भी हम सब सोचते हैं कि वह सामान्य तरीके से खेलेगा, तभी वह आगे बढ़कर जोरदार शॉट लगा देता है. मैं उसे एक मेंटोर के रूप में देखता हूं."
जहां पंत ने अपने शतक से सुर्खियां बटोरीं, वहीं जुरेल ने विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में अपनी जगह पक्की करने के लिए एक और शानदार पारी खेली. श्रीलंका में टेस्ट शतक लगाने के बाद जुरेल ने यहां केवल 79 गेंदों में 78 रन की आक्रामक पारी खेली जिससे पता चलता है कि वह विभिन्न परिस्थितियों की अनुकूल ढलने की योग्यता रखते हैं.
जुरेल ने कहा,"मैं परिस्थितियों को ध्यान में रखकर खेलता हूं. परिस्थितियों से अच्छी तरह सामंजस्य से बिठाने से आत्मविश्वास बढ़ता है. आप अलग-अलग तरह की परिस्थितियों में कैसा प्रदर्शन करते हैं यह मायने रखता है."
जुरेल ने कहा कि वह टीम की तरफ से हर तरह की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं फिर चाहे वह गेंदबाजी ही क्यों ना हो. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा,"जब आप देश के लिए खेलते हैं तो आप यह नहीं कह सकते कि मैं तैयार नहीं हूं. मैं गेंदबाज के रूप में भी खेलने के लिए तैयार हूं."
जुरेल ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों के बारे में बात की और कहा कि यहां पिच की तुलना में मौसम की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण होती है. उन्होंने कहा,"न्यूजीलैंड में पिच से अधिक अहमियत मौसम की होती है. यह मेरा अनुभव है, खासकर भारत ए टीम के लिए कुछ समय बिताने के बाद."
बेसिन रिजर्व की पिच धीरे-धीरे धीमी हो रही है और इसलिए उनका मानना है कि न्यूजीलैंड के बाकी बचे आठ विकेट हासिल करने के लिए उन्हें भाग्य की भी जरूरत पड़ेगी. उन्होंने कहा,"विकेट धीमी होती जा रही है और इस पर गेंद नीचे रह रही है. हमें थोड़ा किस्मत की जरूरत है. हमें ऐसी गेंदें फेंकनी होगी जिसे हम आठ विकेट ले सकें. आज हमने अच्छी रणनीति अपनाई और हम कल भी ऐसा ही करेंगे."
जुरेल ने भारी समाप्त घोषित करने की रणनीति के बारे में कहा,"हमारी योजना न्यूजीलैंड को कम से कम 135 ओवर खेलने का मौका देने की थी. ताकि उन्हें लंच के बाद कम से कम एक घंटे बल्लेबाजी करने का मौका मिल सके." जुरेल ने हेनरी निकोल्स का एक हाथ से शानदार कैच लेने के बारे में कहा,"मैंने जो कैच पकड़ा उसमें मेरी विकेटकीपिंग कौशल ने मदद की."
यह भी पढ़ें: IND vs PAK: वैभव-अभिषेक ओपनर, कुमार कुशाग्र भी शामिल, पाकिस्तान के खिलाफ इंडिया ए की संभावित प्लेइंग XI
यह भी पढ़ें: जो 149 साल में नहीं हुआ, भारतीय बल्लेबाजों ने वेलिंगटन में कर डाला, 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं