टी20 सीरीज में आयरलैंड का एकतरफा अंतर से 'सफाया' करने के बाद विराट कोहली ब्रिगेड अब मजबूत इंग्लैंड का सामना करने के लिए तैयार है. दोनों देशों के बीच मंगलवार से शुरू हो रही तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में मंगलवार को टीम इंडिया का मुकाबला इयोन मोर्गन की इंग्लैंड टीम से होगा. इंग्लैंड टीम ने पिछले कुछ समय में शॉर्टर फॉर्मेट के क्रिकेट में जोरदार प्रदर्शन किया है. इस लिहाज से कोहली तथा उनकी टीम के लिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण रहेगा. सीरीज में क्रिकेटप्रेमियों को संघर्षपूर्ण क्रिकेट दावत मिलेगी. जहां पिछले एक दशक में भारत की सीमित ओवरों की टीम में प्रदर्शन में निरंतरता दिखाई है, वहीं जोस बटलर, जेसन राय और बेन स्टोक्स जैसे स्टार खिलाड़ियों की बदौलत इंग्लैंड भी वनडे और टी20 मैचों में दमदार प्रदर्शन कर रही है. भारतीय टीम के लिए चिंता का कारण सिर्फ एक है कि उसे डेथ ओवर्स के विशेषज्ञ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी. बुमराह अंगूठे में चोट के कारण टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं. मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होगा.
यह भी पढ़ें: कोहली और रोहित शर्मा के पास है टी20 में यह 'बड़ा' रिकॉर्ड बनाने का मौका...
वर्ल्डकप-2019 में अब 12 महीने से भी कम का समय बचा है. ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह तैयारी का भी अच्छा मौका होगा. भारत ने इससे पहले दो मैचों की टी 20 सीरीज में आयरलैंड पर 72 और 143 रन की जीत दर्ज की थी, लेकिन कोहली इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि इंग्लैंड को आसानी से नहीं लिया जा सकता. भारत को हालांकि इस तथ्य से आत्मविश्वास मिलेगा कि उसने अपने पिछले 20 टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से 15 में जीत दर्ज की है जिसमें श्रीलंका में निदाहस ट्रॉफी और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसकी सरजमीं पर सीरीज जीतना भी शामिल है. इंग्लैंड की टीम ने भारत के खिलाफ सीरीज से ठीक पहले सीमित ओवरों में ऑस्ट्रेलिया को 6-0 से शिकस्त दी और इस दौरान बटलर , जेसन राय , जॉनी बेयरस्टॉ ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. जून 2017 से इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ नौ टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से पांच में जीत दर्ज की. ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ मार्च में हुई त्रिकोणीय सीरीज में हालांकि टीम ने चार में से तीन मैच गंवाए.
यह भी पढ़ें: वॉशिंगटन सुंदर व बुमराह हुए बाहर, 'इन्हें' मिली जगह
भारतीय टीम के लिए आयरलैंड दौरा अभ्यास मैचों से अधिक कुछ नहीं था और कोहली को छोड़कर शीर्ष क्रम के सभी बल्लेबाज रन बनाने में सफल रहे जबकि कलाई के स्पिनरों कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल ने प्रभावी गेंदबाजी की. जसप्रीत बुमराह की अंगूठे की चोट टीम के लिए चिंता का सबब है क्योंकि वह डेथ ओवरों की गेंदबाजी में अहम भूमिका निभा रहे थे. यह देखना रोचक होगा कि उनके विकल्प के तौर पर टीम में शामिल दीपक चाहर को पदार्पण का मौका मिलता है या नहीं. सीनियर गेंदबाज उमेश यादव को बुमराह का संभावित विकल्प माना जा रहा है. हालांकि उमेश के प्रदर्शन में स्थिरता का अभाव है. कभी वे बेहद प्रभावी नजर आते हैं तो कभी काफी महंगे साबित होते हैं. फरवरी के बाद यह पहला मौका था जब भारत के सभी शीर्ष खिलाड़ी एक साथ खेलते नजर आए. इस दौरान खिलाड़ियों ने आईपीएल 2018 के बाद अच्छी वापसी की. भारतीय टीम प्रबंधन के हालांकि सीरीज की शुरुआत में तय संयोजन के साथ उतरने की उम्मीद है. मैनचेस्टर में दो दिन से काफी अधिक गर्मी पड़ी है और ऐसे में दोनों स्पिनरों को भी मौका मिल सकता है. टीम में हार्दिक पंड्या एकमात्र आलराउंडर है. उनके भाई क्रुणाल और दीपक चाहर को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: राहुल द्रविड़ और रिकी पोंटिंग को ICC ने इस खास सम्मान से नवाजा..
मध्यक्रम में कोहली के लिए अधिक बदलाव करने की उम्मीद नहीं है. कोहली, सुरेश रैना और महेंद्र सिंह धोनी मध्यक्रम की रीढ़ हैं जबकि मनीष पांडे की नजरें चौथे बल्लेबाज के स्थान पर टिकी हैं. पांडे ने पिछले 10 टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 92 की औसत और 127. 18 के स्ट्राइक रेट के साथ 276 रन जुटाए हैं और उनके इस प्रदर्शन की अनदेखी करना आसान नहीं होगा. कोहली ने आयरलैंड में संकेत दिया था कि टीम में किसी भी स्थान के लिए समान बदलाव होगा. इसका मतलब हुआ कि बैकअप सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल को बाहर बैठना पड़ सकता है और धोनी के विकल्प दिनेश कार्तिक के साथ शायद ऐसा ही होगा. हालांकि अगर इस नियम पर अमल किया जाता है तो 50 ओवर के प्रारूप में भारत की तैयारी प्रभावित हो सकती है क्योंकि राहुल और कार्तिक इस प्रारूप में मध्यक्रम में बल्लेबाजी के दावेदार हैं. इंग्लैंड के लिहाज से बात करें तो इस समय जोरदार बैटिंग कर रहे जोस बटलर भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. इसके अलावा जेसन राय और एलेक्स हेल्स की मौजूदगी भी टीम के शीर्ष क्रम को खतरनाक बनाती है.
वीडियो: पुजारा बोले, धोनी और विराट में जीत की भूख है कॉमन
दोनों टीमें इस प्रकार हैं....
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन , रोहित शर्मा , लोकेश राहुल , सुरेश रैना , मनीष पांडे , महेंद्र सिंह धोनी , दिनेश कार्तिक , युजवेंद्र चहल , कुलदीप यादव , कृणाल पंड्या , भुवनेश्वर कुमार , दीपक चाहर , हार्दिक पंड्या , सिद्धार्थ कौल और उमेश यादव.
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन (कप्तान), मोईन अली , जॉनी बेयरस्टॉ , जैक बाल , जोस बटलर , सैम कुरेन , एलेक्स हेल्स , क्रिस जॉर्डन , लियाम प्लंकेट , आदिल राशिद , जो रूट , जेसन राय, डेविड विली और डेविड मलान. (इनपुट: एजेंसी)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं