आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के छठवें मुकाबले में आज (14 जून) भारतीय महिला टीम की भिड़ंत पाकिस्तानी महिला टीम के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह हाई वोल्टेज मुकाबला बर्मिंघम में खेला जाएगा. जहां हर किसी की नजर भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) के ऊपर टिकी रहेगी. उनका बल्ला चलता है तो वह अकेली विपक्षी टीम के खिलाफ भारी हैं. 37 वर्षीय भारतीय शेरनी के अनुभव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह भारत की तरफ से सबसे ज्यादा टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली खिलाड़ी हैं. हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला टीम की तरफ से 2009 से टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रही है. जारी टूर्नामेंट उनके टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप है. इससे पहले वह ब्लू टीम की तरफ से कुल नौ टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुकी हैं.
हरमनप्रीत कौर के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 बड़े कारनामे
1 - हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी है. खबर लिखे जाने तक उन्होंने भारत की तरफ से कुल 197 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 176 पारियों में 30.18 की औसत से 4075 रन निकले हैं.
2 - हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे ज्यादा मुकाबलों में अगुवाई करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी हैं. उन्होंने भारतीय महिला टीम की 142 से अधिक मुकाबलों में कप्तानी की है.
3 - यहीं नहीं हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी करते हुए सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली दुनिया की पहली कप्तान भी हैं. खबर लिखे जाने तक उन्होंने भारतीय महिला टीम को 77 जीत टी20 मुकाबलों में जीत दिलाई है.
4 - हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला टीम की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन के आंकड़े को पार करने वाली पहली खिलाड़ी बनी थीं. मौजूदा समय में भारतीय महिला टीम की तरफ से दो खिलाड़ियों ने ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3000 रन के आंकड़े को पार किया है. वो दोनों खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर (4075) और स्मृति मंधाना (4333) हैं.
5 - हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला टीम की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे पहले शतक जड़ने वाली खिलाड़ी हैं. उन्होंने 2018 टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड महिला टीम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 103 रन बनाए थे.
6 - हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की एक पारी में चार कैच पकड़ने वाली एकमात्र भारतीय महिला खिलाड़ी हैं. कौर ने यह विशेष उपलब्धि ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ हासिल की थी.
7 - भारत की तरफ से महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी खिलाड़ी ने 100 मैच खेलने की उपलब्धि सबसे पहले हासिल की थी तो वह हरमनप्रीत कौर ही थीं. उन्होंने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के एक मुकाबले के दौरान यह विशेष उपलब्धि हासिल की थी.
8 - आपको जानकर हैरानी होगी कि हरमनप्रीत कौर भारत की तरफ से किसी विदेशी टी20 लीग में हिस्सा लेने वाली पहली खिलाड़ी हैं. उन्होंने 2016-17 में ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित लीग महिला बिग बैश लीग में शिरकत किया था.
9 - हरमनप्रीत कौर 2021-22 में महिला बिग बैश लीग में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का अवॉर्ड हासिल करने वाली पहली गैर-ऑस्ट्रेलियाई/न्यूजीलैंड खिलाड़ी बनी थीं. उन्होंने उस दौरान मेलबर्न रेनेगेड्स की तरफ से शिरकत करते हुए 399 रन बनाए थे. वहीं गेंदबाजी के दौरान 15 सफलता हासिल की थी.
10 - हरमनप्रीत कौर की देखरेख में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2020 के टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश किया था. हालांकि, फाइनल मुकाबले में टीम जीत हासिल नहीं कर पाई और शिकस्त का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- मानव सुथार ने टीम इंडिया के बाद काउंटी क्रिकेट में भी किया धमाका, डेब्यू मैच में ही छा गए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं