विज्ञापन

मानव सुथार ने टीम इंडिया के बाद काउंटी क्रिकेट में भी किया धमाका, डेब्यू मैच में ही छा गए

हाल ही में भारतीय टीम की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन में भी डेब्यू करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया है. उन्होंने वारविकशर के लिए खेलते हुए अपने पहले मैच में तीन विकेट झटके हैं.

मानव सुथार ने टीम इंडिया के बाद काउंटी क्रिकेट में भी किया धमाका, डेब्यू मैच में ही छा गए
मानव सुथार ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन में झटके तीन विकेट

भारत के लिए टेस्ट में यादगार पदार्पण करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (Manav Suthar) ने काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन में वारविकशर की ओर से पदार्पण मैच में यॉर्कशर के खिलाफ पहली पारी में तीन विकेट हासिल किए. अफगानिस्तान के खिलाफ इस सप्ताह खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में सात विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच' बने सुथार ने मैच के दूसरे दिन शनिवार को 21 ओवर में 85 रन पर तीन विकेट झटके. यॉर्कशर की पहली पारी 110.4 ओवर में 469 रन पर सिमटी. इस 23 साल के गेंदबाज ने अपने काउंटी करियर का पहला विकेट शुक्रवार को मैच के शुरुआती दिन तीसरे क्रम के बल्लेबाज सैम व्हाइटमैन के रूप में लिया. व्हाइटमैन 55 रन बनाकर आउट हुए.

सुथार ने दिन के अंतिम लम्हों में सलामी बल्लेबाज विलियम लक्सटन को पगबाधा आउट कर यॉर्कशर को बड़ा झटका दिया. लक्सटन ने 261 गेंदों पर 167 रन की मैराथन पारी खेली. सुथार ने दूसरे दिन जॉर्ज हिल को पवेलियन की राह दिखाई जिससे पहले दिन छह विकेट पर 386 रन बनाने वाली यॉर्कशर की पारी शुरुआती सत्र में 15 ओवर के अंदर 469 रन पर सिमट गयी. 

सुथार को मौजूदा काउंटी चैम्पियनशिप के अगले दो दौर के लिए वारविकशर ने अनुबंधित किया है. उनके अगले सप्ताह टॉनटन में समरसेट के खिलाफ भी खेलने की संभावना है. राजस्थान के इस स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में भी अपने पहले ही ओवर में विकेट हासिल किया था. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 33 रन देकर छह विकेट के साथ शानदार प्रदर्शन किया और दूसरी पारी में 29 रन देकर एक विकेट लिया था. भारत ने वह मैच एक पारी और 300 रन से जीता था.

सुथार के नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 136 विकेट है. राजस्थान के इस गेंदबाज ने 24.89 रन की औसत से विकेट चटकाये है. इस बीच, भारत के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने भी ससेक्स के लिए अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा. उन्होंने ग्लेमोर्गन के खिलाफ 14.2 ओवर में 29 रन देकर चार विकेट चटकाए.

उनादकट की घातक गेंदबाजी की बदौलत ग्लेमोर्गन की टीम 51.2 ओवर में 155 रन पर सिमट गई. उनादकट ने 2024 में ससेक्स के साथ दो वर्ष का अनुबंध करने के बाद काउंटी टीम के लिए दोबारा खेलना शुरू किया है.

यह भी पढ़ें- INDW vs PAKW: पाकिस्तान के खिलाफ जीत के लिए देश के लिए में दुआओं का दौर चालू

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Manav Jagdusakumar Suthar, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com