GT Bowlers Most Wickets of Short Ball, IPL 2026: आईपीएल 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 4 विकेट से एक रोमांचक जीत दर्ज की है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहले ही ओवर में अपने दो विकेट गंवा दिए. कप्तान श्रेयस अय्यर (19) और प्रभसिमरन सिंह (15) ने 33 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनके आउट होते ही टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 9 विकेट पर महज 163 रन ही बना सकी.
जवाब में गुजरात ने साईं सुदर्शन (57) के शानदार अर्धशतक और वॉशिंगटन सुंदर (40)* की नाबाद जुझारू पारी की बदौलत 19.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत के साथ गुजरात अब अंक तालिका में 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि पंजाब हार के बावजूद शीर्ष पर बरकरार है.इस मैच की सबसे बड़ी हाईलाइट गुजरात के तेज गेंदबाजों का 'सुपर कमाल' प्रदर्शन रहा, जिन्होंने अपनी शॉर्ट पिच गेंदों से पंजाब के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
गुजरात टाइटन्स के पेसर इस सीजन में शॉर्ट पिच गेंदों पर सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में अब मीलों आगे निकल गए हैं और कोई भी टीम उनके आसपास नजर नहीं आ रही है. जेसन होल्डर (4/24), मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की तिकड़ी ने अपनी सटीक बाउंसरों और गति से विपक्षी खेमे में खलबली मचा दी.
इस सीजन में पेसरों के शॉर्ट पिच गेंदों पर सबसे ज्यादा विकेट
29 - GT
19 - KKR
16 - RR
15 - RCB
13 - SRH
11 - CSK
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं