GT vs MI IPL 2026 Highlights: मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में हार के सिलसिले को आखिरकार तोड़ दिया है. इस टीम ने सीजन के 30वें मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 99 रन से शानदार जीत दर्ज की. इस सीजन शुरुआती दो मैच गंवाने के बाद गुजरात टाइटंस ने लगातार 3 मुकाबले अपने नाम किए थे, जिसके बाद उसे फिर से हार का सामना करना पड़ा है. यह टीम प्वाइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है. दूसरी ओर, आईपीएल 2026 के अपने पहले मैच में जीत दर्ज करने के बाद मुंबई इंडियंस को लगातार चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद मुंबई ने आखिरकार इस हार के सिलसिले को तोड़ दिया है. इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है.
मुंबई से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की पारी लड़खड़ा गई. टीम 15.5 ओवरों में महज 100 रन पर सिमट गई. पारी की पहली ही गेंद पर यह टीम साई सुदर्शन (0) का विकेट गंवा चुकी थी. अगले ओवर में उसे जोस बटलर (5) के रूप में दूसरा झटका लगा. यहां से वाशिंगटन सुंदर ने शुभमन गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 20 गेंदों में 35 रन की साझेदारी की, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही टीम फिर से लड़खड़ा गई. वाशिंगटन 17 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि शाहरुख खान ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. कप्तान शुभमन गिल ने 14 रन की पारी खेली. मुंबई की तरफ से 'इम्पैक्ट प्लेयर' के रूप में उतरे अश्विनी कुमार ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.
तिलक वर्मा की नाबाद शतकीय पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 30वें मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ जीत के लिए 200 रन का लक्ष्य रखा है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. इसके जवाब में एमआई ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 199 रन बनाए.
इस टीम को 1.5 ओवर में डेब्यूटेंट दानिश मालेवार (2) के रूप में महज 10 के स्कोर पर पहला झटका लगा. इसके बाद नमन धीर ने क्विंटन डी कॉक के साथ मोर्चा संभाला, लेकिन ये जोड़ी 10 गेंदों में 15 रन से ज्यादा नहीं बना सकी. क्विंटन टीम के खाते में महज 13 रन का योगदान दे सके. इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव 15 रन बनाकर चलते बने. मुंबई इंडियंस 44 के स्कोर तक अपने 3 विकेट गंवा चुकी थी.
यहां से नमन धीर ने तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों में 52 रन जोड़कर टीम को संकट से निकाला. नमन धीर 32 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 45 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने मोर्चा संभाला. इस जोड़ी ने पांचवें विकेट के लिए 38 गेंदों में 81 रन की साझेदारी की. पंड्या 15 रन बनाकर आउट हुए.
मुंबई ने 17वें ओवर की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 141 रन बना लिए थे. तिलक वर्मा ने 18वें ओवर की शुरुआती 5 गेंदों पर बाउंड्री लगाईं. अशोक शर्मा के इस ओवर में कुल 26 रन पिटे. 19वें ओवर की समाप्ति तक तिलक वर्मा 80 रन बना चुके थे, जिसके बाद अंतिम ओवर में 4 बाउंड्री के साथ उन्होंने अपना शतक पूरा किया. तिलक वर्मा 45 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 101 रन बनाकर नाबाद रहे. गुजरात टाइटंस की तरफ से कगिसो रबाडा ने 33 रन देकर 3 विकेट निकाले, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट निकाला.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं