भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के बीच न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की है. पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले फिलिप्स का मानना है कि बुमराह मेजबान टीम के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं और उनसे निपटने के लिए बल्लेबाजों को धैर्य दिखाना होगा. फिलिप्स ने कहा कि बुमराह की अनूठी गेंदबाजी शैली बल्लेबाजों को लगातार परेशान करती है. उन्होंने स्वीकार किया कि भारतीय तेज गेंदबाज के खिलाफ रन बनाना आसान नहीं है.
'बुमराह सबसे बड़ा खतरा हैं'
ग्लेन फिलिप्स ने कहा, 'बुमराह अविश्वसनीय गेंदबाज हैं और सबसे बड़ा खतरा भी. दूसरे गेंदबाजों के खिलाफ आपको रन बनाने के मौके मिल सकते हैं, लेकिन बुमराह की गेंदबाजी अलग है. उनका एक्शन इतना तेज है कि बल्लेबाज को लगता है कि वह गेंद पर देर से पहुंच रहा है. इसके अलावा गेंद हवा और पिच दोनों से मूव करती है.' उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को बुमराह के खिलाफ जल्दबाजी से बचना होगा.
फिलिप्स ने कहा, 'उन्हें निष्प्रभावी करने का तरीका यही है कि आप लंबे समय तक बल्लेबाजी करें और रन बनाने के सही मौके का इंतजार करें. शायद हमें बाकी गेंदबाजों के खिलाफ ज्यादा स्कोरिंग अवसर मिले,'
पहली पारी में बुमराह का शानदार प्रदर्शन
जसप्रीत बुमराह ने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 29 ओवर गेंदबाजी करते हुए 92 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. उन्होंने कप्तान टॉम लैथम को बिना खाता खोले आउट किया और इसके बाद डेरिल मिचेल तथा टॉम ब्लंडेल को भी जल्दी पवेलियन भेजा. बाद में मैट हेनरी का विकेट लेकर उन्होंने न्यूजीलैंड की बढ़त को और बड़ा होने से रोका. हालांकि फिलिप्स (118) और हेनरी निकोल्स (नाबाद 175) की शानदार पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए.
स्पिनरों की बढ़ती भूमिका पर भी बोले फिलिप्स
ग्लेन फिलिप्स का मानना है कि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बेसिन रिजर्व की पिच धीमी और नीची होती जाएगी, जिससे स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना बढ़ जाएगी. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मुकाबला फिलहाल बराबरी पर है. भारत ने नई गेंद का शानदार उपयोग किया, लेकिन 368 रन हमारे लिए अच्छा स्कोर है. पिच अब धीमी और नीची होती जा रही है.'
फिलिप्स ने यह भी कहा कि आगामी दिनों में स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने कहा कि, 'मैच आगे बढ़ने के साथ में, रचिन रविंद्र और वॉशिंगटन सुंदर बड़ी भूमिका निभा सकते हैं. बेसिन रिजर्व को तेज गेंदबाजों की पिच माना जाता है, लेकिन अगर गेंद पर पर्याप्त स्पिन मिले तो उछाल भी मिल सकती है.'.
न्यूजीलैंड की पहली पारी के 368 रन के जवाब में भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 39 ओवर में 159/1 रन बना लिए थे. यशस्वी जायसवाल ने 85 रन की शानदार पारी खेली, जबकि केएल राहुल 52 रन बनाकर नाबाद लौटे. देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. भारत अभी न्यूजीलैंड से 209 रन पीछे है, लेकिन उसके पास नौ विकेट शेष हैं. ऐसे में टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें- नंबर-1 मोहम्मद अब्बास, नंबर-3 पर मिचेल स्टार्क, 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
यह भी पढ़ें- SRH की मालकिन काव्या मारन की शादी में कर्मचारियों की लगी लॉटरी! गिफ्ट में मिली गोल्ड रिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं