पिछले कई महीनों से महंगे प्याज की मार झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने लगी है. देश की प्रमुख प्याज मंडियों में खरीफ की नई फसल की आवक शुरू होने से कीमतों में गिरावट आई है. राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जैसे राज्यों में नई फसल आने से थोक और खुदरा दोनों बाजारों में प्याज के दाम नरम पड़ने लगे हैं. सरकार का कहना है कि आने वाले दो महीनों तक नई फसल की आवक से कीमतों पर काबू रहने की उम्मीद है.
एफई से बात करते हुए उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे ने बताया कि प्याज की मंडी और खुदरा कीमतों में गिरावट शुरू हो गई है. पिछले सीजन में किसानों को प्याज की अच्छी कीमत मिलने से इस बार रबी की बुवाई को लेकर भी पॉजिटिव माहौल बना है. इससे 2026-27 में प्याज का उत्पादन और उपलब्धता बेहतर रहने की उम्मीद है.
दिल्ली की आजादपुर मंडी में कितने हुए दाम?
दिल्ली की आजादपुर मंडी में प्याज के थोक भाव घटकर 35 से 40 रुपये प्रति किलो के बीच आ गए हैं. एक महीने पहले यहां प्याज 50 से 55 रुपये प्रति किलो बिक रहा था. इसी तरह महाराष्ट्र के नासिक स्थित लासलगांव मंडी में प्याज के भाव करीब 45 से 47 रुपये प्रति किलो चल रहे हैं. पिछले महीने यहां कीमतें लगभग 50 रुपये प्रति किलो थीं.
खुदरा बाजार में क्या हैं भाव
उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को प्याज का औसत खुदरा भाव 53.83 रुपये प्रति किलो रहा. पिछले तीन महीनों में कई जगह प्याज 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था. दिल्ली के कुछ बाजारों में शुक्रवार को प्याज 40 रुपये से 60 रुपये के भाव मिल रहे हैं.
अगले 2 महीने तक कीमतों पर रह सकता है दबाव
कारोबारियों और मार्केट एनालिस्ट के मुताबिक, खरीफ प्याज की फसल को लेकर ज्यादातर राज्यों में संभावनाएं अच्छी हैं. हालांकि, उत्तर कर्नाटक में कम बारिश के कारण फसल प्रभावित होने की आशंका है. खरीफ फसल की आवक अगले 2 महीनों तक प्याज की कीमतों को काबू में रखने में मदद कर सकती है. इसके बाद रबी की बुवाई का रकबा और उत्पादन यह तय करेगा कि 2026-27 में प्याज की उपलब्धता कैसी रहती है.
प्याज की महंगाई ने बढ़ाई थी खुदरा महंगाई
प्याज की कीमतों में तेज उछाल का असर देश की खुदरा महंगाई पर भी पड़ा था. अक्टूबर 2026 में प्याज की महंगाई दर सालाना आधार पर 116 फीसदी रही. इसी वजह से अक्टूबर में खुदरा महंगाई बढ़कर 8.94 फीसदी पहुंच गई.
भारत से प्याज का निर्यात भी जारी
पिछले सीजन में उत्पादन घटने के बावजूद भारत से प्याज का निर्यात प्रभावित नहीं हुआ. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भारत ने 6.4 लाख टन प्याज का निर्यात किया, जिसकी कीमत करीब 18.4 करोड़ डॉलर रही. फाइनेंशियल ई 2025-26 में देश से कुल 15 लाख टन प्याज का निर्यात हुआ था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं