Vaibhav Sooryavanshi Debut Dilemma: भारत के पूर्व चयनकर्ता सरनदीप सिंह चाहते हैं कि डरहम में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला के पहले मैच में वैभव सूर्यवंशी भारतीय एकादश का हिस्सा बनें. वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ उस सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला था जिसे विश्व चैंपियन भारत 0-2 से हार गया था. अगर वह आज इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हैं तो वह भारत के लिए खेलने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे. सरनदीन ने यहां डीपीएल नीलामी के दौरान कहा, ‘‘उन्हें (आयरलैंड के खिलाफ) खेलना चाहिए था. टीम प्रबंधन को यह देखना होगा कि उन्हें प्लेइंग 11 में कैसे शामिल किया जाए. कभी-कभी कड़े फैसले लेने पड़ते हैं.
रोटेशन पॉलिसी के तहत सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर वैभव को देना चाहिए मौका
कुछ सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाए और उसे मौका मिल सकता है.'' उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप भविष्य के लिए टीम बना रहे हैं तो रोटेशन नीति अपनानी होगी. तब आपको कुछ खिलाड़ियों को बाहर बैठाना होगा और उसे मौका देना होगा.''
15 साल के सूर्यवंशी ने आईपीएल में शानदार फॉर्म दिखाया था और उसके बाद श्रीलंका में त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भारत ए के लिए मेजबान टीम के खिलाफ 29 गेंद में 94 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी. सरनदीप को उम्मीद है कि सूर्यवंशी शीर्ष स्तर पर भी फॉर्म बरकरार रखेंगे. इस पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा, ‘‘यह उसे परखने का समय है.. उसे बाहर नहीं रखें. अगर मौका मिले तो उसे प्लेइंग 11 में खिलाएं. जिस फॉर्म में वह अभी है, यह सही समय है कि उसे जल्द से जल्द खिलाना शुरू किया जाए. जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहा है, वह अकेले दम पर मैच जिता सकता है. ''
सरनदीप का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी आगे चलकर सभी प्रारूप में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं. न्होंने कहा, ‘‘वह बहुत युवा है. वह लाल गेंद का कौशल भी सीख सकता है. वह रणजी ट्रॉफी में बिहार के लिए भी खेल रहा है. उसमें तीनों प्रारूप में खेलने की प्रतिभा है. ''
ये भी पढ़ें- ओलंपिक में होगी भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत? ऐसा है पूरा समीकरण
ये भी पढ़ें- IND vs ENG T20I: वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में होगा या नहीं? ऐसा बन रहा समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं