भारतीय हेड कोच गौतम गंभीर का मानना है कि शुभमन गिल वनडे में कप्तानी के तौर पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे, भले ही इस फ़ॉर्मेट में उनकी कप्तानी की शुरुआत मुश्किल रही हो.गिल ने कप्तान के तौर पर 12 वनडे मैचों में से सिर्फ छह जीते हैं, जिससे इस फ़ॉर्मेट में उनकी कप्तानी की काबिलियत पर सवाल उठ रहे हैं. अगले साल वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है, ऐसे में यह बतौर कप्तान गिल सभी के निशाने पर हैं. 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज शुरू होने वाली है.गंभीर को भरोसा है कि गिल एक कप्तान के तौर पर बेहतर होंगे, क्योंकि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी अभी भी इस फ़ॉर्मेट में टीम का हिस्सा हैं. गंभीर ने बताया कि गिल कितने किस्मत वाले हैं कि उन्हें मैदान के अंदर और बाहर गाइड करने के लिए कोहली और रोहित दोनों मिले हैं.
जियोस्टार के साथ बातचीत में गौतम गंभीर ने कहा,"वनडे में, वह (गिल) बहुत किस्मत वाले हैं कि उन्हें मैदान के अंदर और बाहर मदद करने के लिए रोहित और विराट जैसे खिलाड़ी मिले हैं. गंभीर ने यह भी कहा कि कप्तान के तौर पर गिल ने अब तक हर कसौटी पर खुद को साबित किया है, जिसमें टीम चुनने से जुड़े कुछ मुश्किल फैसले लेना भी शामिल है, जिन्हें उन्होंने बखूबी संभाला है.
गंभीर ने कहा,"भारतीय क्रिकेट में प्लेइंग इलेवन से किसी को बाहर करना हमेशा मुश्किल होता है. लेकिन जब एक युवा कप्तान के तौर पर आपको ऐसा करना पड़ता है, तो यह किसी भी कोच और कप्तान के लिए शायद सबसे मुश्किल काम होता है. अब तक उन्होंने ऐसा किया है. उन्होंने सच में हर कसौटी पर खुद को साबित किया है."
उन्होंने आगे कहा,"मुझे लगता है कि उन्होंने सब कुछ सही किया है. वनडे क्रिकेट में उनका समय थोड़ा मुश्किल रहा है, लेकिन मुझे यकीन है कि हालात बदलेंगे क्योंकि उन्होंने सब कुछ सही किया है."
हेड कोच के तौर पर अपने दो साल के कार्यकाल में, गंभीर ने भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप जिताया, लेकिन घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज भी गंवाई.
बाएं हाथ के पूर्व ओपनर ने माना है कि अब तक का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है. उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि मैंने भी उतार-चढ़ाव देखे हैं, मैंने भी अपनी नाकामियां और कामयाबियां देखी हैं. लेकिन फिर भी, मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि जब आप इस तरह की ज़िम्मेदारी लेते हैं, तो उतार-चढ़ाव तो आते ही हैं.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: 'गोल्ड मिस हो गया' 3.88 सेकेंड से स्वर्ण पदक से चूके तो रोने लगे सतनाम
यह भी पढ़ें: कौन हैं रोशिबिना देवी: ट्रायल्स में हारीं, एशियन गेम्स में चमकीं, वुशु में मेडल की हैट्रिक लगाकर रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं