क़रीब एक-डेढ़ दशक पहले 30 की उम्र को पार करते ही खिलाड़ियों को बुज़ुर्ग की श्रेणी में रखकर उनके रिटायरमेंट की बहस तेज़ हो जाती थी. पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सुनील गावस्कर 37 की उम्र में, वर्ल्ड कप विजेता क्रिकेट कप्तान कपिलदेव 35 की उम्र में और सर डॉन ब्रैडमैन 40 की उम्र में रिटायर हुए. यही नहीं टेनिस किंग ब्योन बोर्ग 26, बोरिस बेकर 28, आंद्रे अगासी 28, स्टेफ़ी ग्राफ़ 30 और अमेरिकी टेनिस स्टार पीट सैम्प्रास ने 32 की उम्र में अपने टेनिस को अलविदा कह दिया.
यही नहीं फ़ुटबॉल की दुनिया में महानतम पेले और मैराडोना और ज़िनेडिन ज़िडान ने भी फ़ुटबॉल को 37 साल की उम्र में अलविदा कह दिया. ऐसे में विराट कोहली, 37 साल, रोहित शर्मा, 38 साल, लियोनेल मेसी, 39 साल और क्रिस्टियानो रोनाल्डो, 41 साल जैसे खिलाड़ियों की दाद देनी होगी जो उम्र और विज्ञान को एक साथ चुनौती दे रहे हैं और वर्ल्ड कप 2026 में उनका जलवा भी कायम है.
रोनाल्डो और मेसी के अलावा भी कई ऐसे दिग्गज हैं जिन्होंने मौजूदा वर्ल्ड कप में अपनी उम्र को फेल कर 20 साल के खिलाड़ियों को भी चुनौती दे रहे हैं. एक नज़र कुछ ऐसे ही खिलाड़ियों पर-
41 के रोनाल्डो का जलवा
41 साल के पुर्तगाली कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो या CR 7 की स्पीड और स्किल अब भी दुनिया भर के फ़ुटबॉल फ़ैन्स को हैरान करती है. 230 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में सबसे ज़्यादा 145 गोल करने वाले रोनाल्डो ने इसी लगातार 6 वर्ल्ड कप में गोल करने का एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है जो बरसों तक नहीं टूटनेवाला दिखता है. रोनाल्डो ने मौजूदा वर्ल्ड कप में 2 गोल समेत कुल 10 गोल किए हैं. लेकिन उनके नाम अब भी कोई वर्ल्ड कप का ख़िताब नहीं है. ये एक मलाल उनके फ़ैन्स के दिल का भी बड़ा दर्द बना हुआ है.
वोज़िन्हा- 40 साल का सुपरस्टार गोलकीपर
अपना पहला वर्ल्ड कप खेल 64वें नंबर की टीम काबो वेर्दे या केप वेर्दे का नाम अब दुनिया भर के फ़ुटबॉल फ़ैन्स की ज़ुबां पर है और उसकी बड़ी वजह हैं उसके 40 साल के गोलकीपर वोज़िन्हो. 40 साल और 12 दिन की उम्र के साथ वर्ल्ड कप का पहला मैच खलनेवाले गोलकीपर ने सबसे उम्रदराज़ फ़ुटबॉल खिलाड़ी के तौर पर वर्ल्ड कप के लिए डेब्यू करने का रिकॉर्ड तो बना डाला और अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत रहे हैं.
पिछले कुछ दिनों में ही 5 लाख की आबादी वाले केप वेर्दे के स्टार वोज़िन्हा के इंस्टाग्राम पर फ़ॉलोअर्स की संख्या 50,000 से बढ़कर त़करीबन 16 मिलियन यानी 1 करोड़ और 60 लाख हो गई है. केप वेर्दे टीम ने वर्ल्ड कप के अपने पहले दोनों मैच को ड्रॉ रखकर 2 क हासिल किये हैं और नॉकआउट की रेस में बरक़रार है.
37 साल के एलॉय रूम बन गए कुरासाओ की दीवार
सिर्फ़ डेढ़ लाख की आबादी. दुनिया के सबसे छोटे देशों में से एक है कुरासाओ. इक्वाडोर की अनुभवी और वर्ल्ड नंबर 30 टीम के ख़िलाफ़ कुरासाओ की गोलपोस्ट पर 6 फ़ीट 3 इंच लंबे एलॉय रूम टीम के लिए दीवार बनकर खड़े रहे हैं.
एलॉय रूम ने इक्वाडोर के ख़िलाफ़ 15 Saves कर अमेरिका के टिम हॉवर्ड के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. यही नहीं अपना रिकॉर्ड क्लीन रखा. 0-0 की बराबरी से उसने ऐतिहासिक 1अंक भी अपने नाम कर लिया. मैच के बाद उन्होंने ये भी कहा कि शायद ‘कुरासाओ में उनकी मूर्ति बन जानी चाहिए.'
43 साल के सबसे उम्रदराज़ गोलकीपर क्रैग गॉर्डन
ब्राज़ील के ख़िलाफ 43 साल के फ़ीफ़ा 2026 के सबसे उम्रदराज़ स्कॉटलैंड के गोलकीपर क्रेग गॉर्डन के लिए काफ़ी व्स्यत दिन साबित हुआ. ब्राज़ील ने एक के बाद एक कम से कम 8 शॉट टारगेट पर निशाना लगाया. लेकिन क्रेग गॉर्डन ने 8 में से 5 बचाव किए और गोलों के अंतर को उतना बड़ा नहीं होने दिया जितना हो सकता था. मिस्र के एसाम अल हदारि, 45, के बाद वर्ल्ड कप खेलनेवाले वाले वो दूसरे सबसे उम्रदराज़ फ़ुटबॉल खिलाड़ी हैं.
40 साल के गोलकीपर जिलेमो ओचोआ के ख़िलाफ़ कोई गोल नहीं
मेक्सिको ने अपने ग्रुप मैच में एक भी गोल नहीं खाया है तो उसकी एक बड़ी वजह उनके 40 साल के धुरंधर गोलकीपर जिलेमो ओचोआ भी हैं. मेमो के नाम से मशहूर ओचोआ ने चेकिया के ख़िलाफ़ वर्ल्ड कप के लिए अपना डेब्यू मैच खेला.
चेकिया के ख़िलाफ़ 77वें मिनट में कोच हावियर एग्यूरि ने रॉल रंगेल की जह ओचोआ को मेक्सिको के गोलपोस्ट पर जाने का मौक़ा दिया. ओचोआ पहले ही एलान कर चुके हैं कि ये उनका आख़िरी वर्ल्ड कप भी है. ओचोआ अगले महीने की 13 जुलाई को 41 साल के हो जाएंगे.
ल्यूका मॉड्रिच क्रोएशिया के सेंट्रल मिडफ़ील्डर कप्तान
सिर्फ़ गोलकीपर ही नहीं, रोनाल्डो की तरह दौड़ते-भागते विपक्षियों को मात देनेवाले उम्रदराज़ खिलाड़ियों में क्रोएशिया के कप्तान ल्यूका मॉड्रिच का नाम भी आता है. 40 साल के कप्तान ल्यूका को उनकी ‘टीम की धड़कन- Heartbeat of his side' कहा जाता है. वो अपना पांचवां वर्ल्ड कप खेल रहे हैं.
ल्यूका की गिनती दुनिया में अबतक के बेहतरीन मिडफ़ील्डों में होती है. उनके नाम 34 बड़ी ट्रॉफ़ियां हैं. उन्होंने क्रोएशिया के लिए 200 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 29 गोल भी किए हैं. क्रोएशिया को अबतक मौजूदा वर्ल्ड कप में इंग्लैंड से हार और पनामा से जीत हासिल हुई है.
एदिन ज़ेको- बोस्निया हर्ज़ेगोविना के 40 साल के स्ट्राइकर कप्तान
बोस्निया हर्ज़ेगोविना के स्ट्राइकर कप्तान एदिन ज़ेको ने अपना 150वां मैच खेलते हुए क़तर के अल-ब्रेक और अबुनादा को मात देते हुए क़तर को सेल्फ़ गोल के लिए मजबूर कर दिया. बोस्नियाई टीम ने क़तर को 3-1 से हराकर पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट में जगह बना ली.
मैन्युएल नोएर जर्मनी के 40 साल के गोलकीपर
मैन्युएल नोएर को दुनिया के महानतम गोलकीपर में से एक माना जाता है. नोएर अपना पांचवां वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. वो जर्मनी के लिए 2010 में वर्ल्ड कप का ख़िताब जीत चुके हैं जबकि 2014 में फ़ाइनल तक का सफ़र कर चुके हैं. उनकी कमाल की स्पीड की वजह से उन्हें ‘स्वीपर कीपर' भी कहा जाता है. IFFHS (द इंटरनेशनल फ़ेडेरेशन ऑफ़ फ़ुटबॉल हिस्ट्री एंड स्टैटिस्टिक्स) ने उन्हें 2011 से 2020 तक दशक के बेस्ट गोलकीपर के ख़िताब से नवाज़ा था.
मेसी समेत 37 से 39 साल के कई दिग्गज खिलाड़ी
इनके अलावा 37 से 39 साल के भी कई खिलाड़ी वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे हैं. लियोनेल मेस्सी तो 39 के होते हुए भी एक हैट्रिक समेत 5 गोल कर इनमें सबसे आगे हैं. उरुग्वे के फ़र्नांडो मुस्लेरा, 40 साल, जापान के 39 साल के लेफ़्टबैक युतो नागातोमो, इजिप्ट के 39 साल के महदी सुलेमान, अमेरिका के 38 साल के डिफ़ेंडर टिम रीम, अर्जेन्टीना के 38 साल के डिफेंडर निकोलस ओतामेन्डी और न्यूज़ीलैंड के 39 साल के डिफेंडर माइकल बोक्साल ऐसे दिग्गज खिलाड़ी हैं जो उम्र की सीमा को धता बताकर सबका दिल जीत रहे हैं.
यह भी पढ़ें: IND vs IRE: वैभव के डेब्यू पर फिरेगा पानी! बारिश ने बढ़ाई फैंस की चिंता, जानें क्या है ताजा अपडेट
यह भी पढ़ें: ENG vs NZ: लैथम-कॉन्वे ने 317 की साझेदारी कर रिकॉर्ड बुक की तहस-नहस, 149 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं