विज्ञापन
This Article is From Jan 22, 2026

बांग्लादेश ही नहीं पहले भी ये टीमें कर चुकी हैं वर्ल्ड कप मेजबान देश में खेलने से इनकार, जानें कब हुआ और क्या थे कारण

क्रिकेट इतिहास में पहले भी कई मौकों आए हैं जब किसी न किसी वजह से टीमों ने वर्ल्ड कप के मेजबान देश में खेलने से इनकार कर दिया. जानें कब-कब ऐसा हुआ और वो क्या कारण रहे जिनके चलते टीमों ने विश्व कप के मेजबान देश का दौरा करने से इनकार कर दिया

बांग्लादेश ही नहीं पहले भी ये टीमें कर चुकी हैं वर्ल्ड कप मेजबान देश में खेलने से इनकार, जानें कब हुआ और क्या थे कारण
बांग्लादेशी खिलाड़ी
  • BCB ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में खेलने से इनकार कर दिया है और यह विवाद अंतिम चरण में है
  • अमिनुल इस्लाम ने कहा कि आईसीसी ने भारत से बाहर मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था
  • इतिहास में कई बार सुरक्षा या राजनीतिक कारणों से टीमों ने विश्व कप के मेजबान देश में खेलने से मना किया है

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेशी टीम भारत दौरे पर आएगी या नहीं? यह विवाद अब आखिरी मोड़ पर आ गया है. बीते बुधवार (21 जनवरी) को कथित तौर पर आईसीसी की बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 24 घंटे का समय दिया गया था. जिसपर बीसीबी ने बड़ा फैसला लेते हुए वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार कर दिया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमिनुल इस्लाम ने बृहस्पतिवार (22 जनवरी) को कहा, 'आईसीसी ने भारत से बाहर हमारे मैचों को स्थानांतरित करने के हमारे अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था. हमें वर्ल्ड क्रिकेट की स्थिति के बारे में यकीन नहीं है. इसकी लोकप्रियता नीचे जा रही है. उन्होंने 20 करोड़ लोगों को बंद कर दिया है. क्रिकेट ओलंपिक्स में जा रहा है, लेकिन अगर हमारे जैसे देश वहां नहीं जा रहे हैं, तो यह आईसीसी की विफलता है.' 

अमिनुल इस्लाम ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'हम आईसीसी के साथ संवाद जारी रखेंगे. हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन हम भारत में नहीं खेलेंगे. हम लड़ते रहेंगे. आईसीसी बोर्ड की बैठक में कुछ चौंकाने वाले फैसले हुए थे. मुस्तफिजुर का मुद्दा अकेला मुद्दा नहीं है. उस मुद्दे में वे (भारत) अकेले निर्णय लेने वाले थे.'

आपको बता दें कि क्रिकेट इतिहास में पहले भी कई मौकों आए हैं जब किसी न किसी वजह से टीमों ने वर्ल्ड कप के मेजबान देश में खेलने से इनकार कर दिया. जानें कब-कब ऐसा हुआ और वो क्या कारण रहे जिनके चलते टीमों ने विश्व कप के मेजबान देश का दौरा करने से इनकार कर दिया

1996 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका का इनकार

यह वह दौरा था जब श्रीलंका लिट्टे के आतंक के साये में गृहयुद्ध की आग में घिरा हुआ था. समस्या तब बढ़ गई, जब टूर्नामेंट शुरू होने से दो हफ्ते पहल ही जनवरी के महीने में कोलंबो में दो बड़े धमाके हुए. और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया और विंडीज ने कोलंबो में मैच खेलने से इनकार कर दिया. इन्हें भरोसा देने के लिए भारत-पाकिस्तान की एक संयुक्त टीम बनाई गई. और अजहरुद्दीन की कप्तानी वाली टीम ने श्रीलंका के खिलाफ एक मैत्री मैच खेला. लेकिन इसके बावजूद भी कंगारुओं और विंडीज का डर खत्म नहीं हुआ और इन्होंने खेलने से इनकार कर दिया.इसके कारण दोनों ही टीमों को अपने प्वाइंट्स गंवाने बड़े.  इसके बावजूद श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज तीनों ने क्वार्टर‑फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. श्रीलंका ने लाहौर में खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता.

2003 वनडे विश्व कप: इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड का इनकार

यह अफ्रीका में आयोजित पहला विश्व कप (दक्षिण अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और केन्या की संयुक्त मेज़बानी) विश्व कप था, लेकिन यह भी खासा विवादों में रहा, जब  दो टीमों ने मेज़बान देशों में खेलने से इनकार किया.  इंग्लैंड ने ब्रिटेन सरकार (तत्कालीन प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर) की ज़िम्बाब्वे के राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे की सरकार के विरोधी नीति के चलते हरारे में मैच खेलने से इनकार कर दिया. वहीं न्यूज़ीलैंड ने केन्या की राजधानी नैरोबी में सुरक्षा कारणों से खेलने से मना कर दिया क्योंकि कुछ महीने पहले मोम्बासा में बम धमाका हुआ था. दोनों टीमों ने अपने मैच स्थल बदलने की मांग की, लेकिन ICC ने इनकार कर दिया और ज़िम्बाब्वे व केन्या को वॉकओवर दे दिया गया. इंग्लैंड पहले दौर में बाहर हो गया, जबकि न्यूज़ीलैंड सुपर सिक्स में पहुंचा. केन्या सेमीफाइनल तक पहुँचने में सफल रहा.

2009 टी20 विश्व कप: ज़िम्बाब्वे ने नाम वापस लिया

साल 2009 टी20 विश्व कप से पहले ज़िम्बाब्वे और ब्रिटेन के रिश्ते तभी भी तनावपूर्ण बने हुए ते. इससे यह आशंका थी कि ज़िम्बाब्वे के खिलाड़ियों को इंग्लैंड का वीज़ा नहीं मिलेगा. जुलाई 2008 में ICC और ज़िम्बाब्वे के बीच एक समझौता हुआ. ज़िम्बाब्वे ने 'खेल के व्यापक हित में' टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया और कहा कि वे ऐसी टीम नहीं बनना  चाहते, जहां उन्हें बुलाया ही नहीं गया. इसके बदले उन्हें पूरी सहभागिता राशि दी गई. उनकी जगह स्कॉटलैंड को क्वालीफायर से चुना गया.

2016 अंडर‑19 विश्व कप: ऑस्ट्रेलिया टीम का इनकार

अक्टूबर 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज़ रद्द कर दी थी, तो साल  2016 अंडर‑19 विश्व कप तक भी उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताएँ बनी रहीं. ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि बांग्लादेश में ऑस्ट्रेलियाई हितों को खतरा अब भी उच्च स्तर पर है, इसके बाद ICC ने ऑस्ट्रेलिया के फैसले का सम्मान किया लेकिन निराशा जताई. टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की जगह आयरलैंड को शामिल किया गया.

2025 चैंपियंस ट्रॉफी: भारत ने पाकिस्तान जाने से इनकार किया

साल  2025 चैंपियंस ट्रॉफी 29 वर्षों बाद पाकिस्तान में होने वाला पहला ICC टूर्नामेंट था. पाकिस्तान को नवंबर 2021 में मेज़बानी सौंपी गई थी, लेकिन सबसे बड़ा सवाल भारत की भागीदारी को लेकर था, क्योंकि भारत 2008 के बाद पाकिस्तान नहीं गया था. हालांकि पाकिस्तान 2023 वनडे विश्व कप के लिए भारत आया, लेकिन भारत की पाकिस्तान यात्रा पर अनिश्चिता के बादल मंडरा रहे थे. टूर्नामेंट नज़दीक आने पर BCCI ने कहा कि उसे भारत सरकार से अनुमति नहीं मिली है. इसके बाद  यह तय हुआ कि भारत या पाकिस्तान में होने वाले किसी भी ICC टूर्नामेंट में दोनों देशों के बीच के मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे. इसी के तहत भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के अपने सभी मैच दुबई में खेले और टूर्नामेंट जीत लिया.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड बनाम IPL विवाद: ‘इस फ़ैसले ने मुस्ताफ़िजुर को तोड़ दिया था', साथी खिलाड़ी ने खोले राज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mohammad Mustafizur Rahman, India, Bangladesh, Board Of Control For Cricket In India, International Cricket Council, Indian Premier League 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com