आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 40 रनों से हरा दिया और खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है, जहां उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा. यह पांचवां मौका है जब इंग्लैंड टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. केनिंग्टन ओवल में हुए मुकाबले ने इंग्लैंड ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने 169 रन बनाए. इसके जवाब में अफ्रीकी टीम 129 रन ही बना पाई. बता दें, खिताबी मुकाबला 5 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा.
इंग्लिश टीम से मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी. टीम को कप्तान लौरा वोल्वार्ट और ताजमिन ब्रिट्स ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े. वोल्वार्ट 15 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुईं. हालांकि, इसके बाद प्रोटियाज टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। एनेरी डर्कसेन महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौटीं.
वहीं, टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आईं मारिजाने कैप भी सेमीफाइनल में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और महज 5 रन बनाकर चार्ली डीन का शिकार बनीं. सुने लुस 11 रन ही बना सकीं, जबकि क्लो ट्रायोन को 12 रनों के स्कोर पर सोफी एक्लेस्टोन ने क्लीन बोल्ड किया.
ब्रिट्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 51 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. नादिन डी क्लर्क 14 रन बनाकर नाबाद रहीं. अयाबोंगा खाका ने 4 रन बनाए. गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल ने 28 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
इससे पहले, टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. एमी जोन्स महज 2 रन बनाकर शबनम इस्माइल की गेंद पर आउट हुईं. वहीं, डैनी व्याट को 12 रनों के स्कोर पर मारिजाने कैप ने पवेलियन भेजा. एलिसा कैप्सी भी महज एक रन ही बना सकीं. 23 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही इंग्लैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और हीथर नाइट ने संभाला. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 90 गेंदों में 133 रन जोड़े. नाइट ने 47 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए.
वहीं, साइवर-ब्रंट ने 47 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 11 चौके और एक छक्का लगाया, जिसके दम पर इंग्लैंड 5 विकेट खोकर 169 रन बनाने में सफल रही. गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से शबनम इस्माइल ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 25 रन देकर 2 विकेट निकाले. इंग्लैंड ने पांचवीं बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है. खिताबी मुकाबले में टीम का सामना छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर होगा.
यह भी पढ़ें: क्रिस्टियानो रोनाल्डो के नाम हुआ एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड, क्रोएशिया के खिलाफ गोल दागकर रचा इतिहास
यह भी पढ़ें: रोनाल्डो का गोल, पुर्तगाल ने क्रोएशिया को हराया, आखिरी पलों में गोल पर हुआ विवाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं