विज्ञापन

IPL 2026: जीत के बाद कप्तान अक्षर पटेल को झटका, इस वजह से लगा 12 लाख का जुर्माना

Axar Patel Fined Rupees 12 Lakh for Slow Over: धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया.

IPL 2026: जीत के बाद कप्तान अक्षर पटेल को झटका, इस वजह से लगा 12 लाख का जुर्माना
Axar Patel Fined Rupees 12 Lakh for Slow Over:

Axar Patel Fined Rupees 12 Lakh for Slow Over: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल मुश्किल में फंस गए हैं. टीम पर स्लो ओवर रेट बनाए रखने के कारण IPL ने अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. आईपीएल की ओर से जारी मीडिया एडवाइजरी के मुताबिक, पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स तय समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर सकी. यह इस सीजन में टीम का स्लो ओवर रेट से जुड़ा पहला मामला था. IPL कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

PBKS vs DC: दिल्ली ने पंजाब को 3 विकेट से हराया

सोमवार को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया. टीम की जीत में कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर ने शानदार अर्धशतक लगाए. दोनों बल्लेबाजों ने दबाव के बीच आक्रामक बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई.

DC Playoff Chances: प्लेऑफ की उम्मीदें अभी जिंदा

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें अभी कायम हैं. टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है. दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला रविवार को अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स से होगा.

PBKS के खिलाफ मिली जीत के बाद अक्षर ने कहा

पीबीकेएस के खिलाफ मिली जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ने कहा, "मैं जैसा पिछले कुछ मुकाबलों से कह रहा था, अहम परेशानी उन जरूरी पलों को गंवाना था. मैच में जब भी महत्वपूर्ण पल आते थे, तो नतीजे हमारे पक्ष में नहीं जा रहे थे. तब भी, मैं कहता रहा कि यह बहुत अच्छी टीम है और हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं. बस मैच में एक-दो पलों की वजह से हमें नुकसान हुआ. हालांकि, लंबे टूर्नामेंट में ऐसा होता है. हर दिन अलग होता है. इस मुकाबले में टीम ने जिस तरह खेला, उससे बहुत खुश हूं और उम्मीद है कि हम इस लय को बरकरार रख पाएंगे."

अक्षर ने कहा कि बीच के ओवरों में मुकेश और माधव की बढ़िया गेंदबाजी डीसी के लिए अहम साबित हुई. उन्होंने कहा, "हमने शुरुआत के 3-4 ओवर में ही 60 रन दे दिए थे. हालांकि, बीच के ओवरों में जिस तरह से मुकेश कुमार और माधव तिवारी ने गेंदबाजी की, उसने मुझे राजस्थान रॉयल्स के मैच की थोड़ी याद दिला दी और मुझे लगता है कि वह एक बड़ा पल रहा. फिर बल्लेबाजी में मेरे और डेविड मिलर के बीच साझेदारी ने मामला संभाल लिया, और उसके बाद आशुतोष शर्मा और माधव जैसे युवाओं ने मैच को खूबसूरती से खत्म किया."

मैच में खुद न गेंदबाजी करने के फैसले पर अक्षर ने कहा, "विकेट अलग तरह से बर्ताव कर रहा था. पहले कुछ ओवर के बाद, खासकर जब आकिब नबी ने गेंदबाजी की, तो मुझे लगा कि बॉल स्विंग हो रही है और सीम भी हो रही है. हमने शायद पहले 3-4 ओवर में सही एरिया में गेंदबाजी नहीं की, लेकिन जब हमें एहसास हुआ कि तेज गेंदबाजों के लिए मदद है, तो मुझे लगा कि स्पिन की ज्यादा जरूरत नहीं है. जब मैंने माधव और आकिब को अतिरिक्त ओवर दिए, तब भी गेंद के साथ कुछ हो रहा था. इसी वजह से मैंने सोचा कि अगर तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही है, तो मुझे खुद को लाने के बजाय उनका इस्तेमाल करते रहना चाहिए."
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com