विज्ञापन

'रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ाई, एक रात में भविष्य नीलाम', NEET पेपर लीक को लेकर भड़के राहुल-प्रियंका

NEET Paper Leak: NTA ने कहा है कि नीट (स्नातक) 2026 का आयोजन पूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत किया गया और कथित अनियमितताओं की राजस्थान एसओजी द्वारा की जा रही पड़ताल की खबरों के बीच वह जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है.

'रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ाई, एक रात में भविष्य नीलाम', NEET पेपर लीक को लेकर भड़के राहुल-प्रियंका
नीट परीक्षा गड़बड़ी पर बरसे विपक्षी नेता.
  • राहुल गांधी ने नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए कहा युवाओं का भविष्य बिक रहा है
  • प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा सरकार में परीक्षाओं में भ्रष्टाचार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है
  • मल्लिकार्जुन खरगे ने अव्यवस्था और अविश्वास का प्रतीक बताते हुए पेपर लीक की घटनाओं को उजागर किया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अरविंद केजरीवाल समेत तमाम विपक्षी नेताओं ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी' में कथित अनियमितता को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया कि नीट अब परीक्षा नहीं, बल्कि नीलामी बन चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के लिए कुछ नहीं कर रही है. वहीं प्रियंका गांधी भी सरकार पर जमकर बरसीं.

परीक्षा नहीं, NEET अब नीलामी

राहुल गांधी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘नीट 2026 के पेपर लीक की खबर सुनी. परीक्षा नहीं - नीट अब नीलामी है. कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले व्हाट्सऐप पर बिक रहे थे. 22 लाख से ज़्यादा बच्चे साल भर रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाज़ार में सरेआम नीलाम हो गया. उन्होंने कहा कि ‘यह पहली बार नहीं है. 10 साल में 89 पेपर लीक, 48 बार दोबारा परीक्षा. हर बार वही वादे, और फिर वही ख़ामोशी.

परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार देश के युवाओं से उनका भविष्य छीन रहा

वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, एक बार फिर से NEET UG की परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी को लेकर खबरें छप रही हैं. बीजेपी राज में पिछले कई साल से परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार देश के युवाओं से उनका भविष्य छीन रहा है. इस बार भी तकरीबन 23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया. उन्होंने कहा कि NEET जैसी परीक्षाओं के लिए बच्चे जी-जान से मेहनत करते हैं. माता-पिता अपना सबकुछ दांव पर लगाते हैं ताकि बच्चों का भविष्य बने. लेकिन हर परीक्षा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है. संसद में पेपर लीक के खिलाफ लाए गये कथित सख्त कानून का क्या फायदा हुआ अगर ज़मीनी तौर पर वही भ्रष्टाचार जारी है? 

करोड़ों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना आदत बन चुकी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने नीट परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर कहा कि परीक्षा प्रणाली पूरी तरह अव्यवस्था, अविश्वास और अराजकता का प्रतीक बन चुकी है. NEET के अब तक कम से कम 4 पेपर लीक हो चुके है - 2026, 2024, 2021, 2016! राजस्थान के सीकर में परीक्षा से पहले handwritten “guess paper” मिलता है, जिसमें से 135 प्रश्न सीधे NEET के असली पेपर से मैच हुए. ये खुलेआम धड़ल्ले से बेचा जा रहा था और केंद्र सरकार को इसकी भनक तक नहीं पड़ती. करोड़ों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करना बीजेपी की आदत बन चुकी है.

पेपर लीक गिरोह युवाओं का विश्वास, मनोबल तोड़ रहे

वहीं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रभावित कर रही हैं. हर साल सात करोड़ युवा इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में दाखिले तथा सरकारी नौकरियों के लिए परीक्षाएं देते हैं, लेकिन पेपर लीक गिरोह इन युवाओं के विश्वास और मनोबल को तोड़ रहे हैं. उन्होंने पेपर लीक मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा की जानी चाहिए.

NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच तेज

NEET-2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में जांच तेज है, लेकिन अब तक इस पूरे प्रकरण में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने अब तक एक दर्जन से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की है और जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है.

3  मई को आयोजित हुई थी NEET की परीक्षा

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि नीट (स्नातक) 2026 का आयोजन पूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत किया गया और कथित अनियमितताओं की राजस्थान एसओजी द्वारा की जा रही पड़ताल की खबरों के बीच वह जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है. बता दें कि स्नातक स्तर पर चिकित्सा शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 3  मई को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित की थी.


ये भी पढ़ें- NEET गड़बड़ी केस: अब तक FIR नहीं, जयपुर-सीकर के दो आरोपी रडार पर... 180 में से 125 सवाल गेस पेपर से हुए रिपीट

ये भी पढ़ें- NTA कैसे करता है अपने पेपर्स की प्रिंटिंग? लीक होने से रोकने के लिए क्या होते हैं इंतजाम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com