विज्ञापन

NDTV Exclusive: 'हम ट्रॉफी जीतने के आदी हैं', एशियन गेम्स गोल्ड के बाद दीप्ति का गर्व भरा बयान, कोच बोले- इस टीम का भविष्य सुनहरा है

एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल हासिल करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और हेड कोच अमोल मजूमदार ने एनडीटीवी के साथ खास बातचीत की है.

अमोल मजूमदार और दीप्ति शर्मा

भारतीय महिला क्रिकेटरों ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक का रास्ता खोल दिया है. ब्लू टीम की गोल्ड के लिए आज श्रीलंकाई महिला क्रिकेट टीम के साथ निशिन में भिड़ंत हुई. जहां भारतीय महिला टीम 10, 20 रनों से नहीं कुल 147 रनों से बाजी मारने में कामयाब रही. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली इस ऐतिहासिक जीत के बाद महिला टीम की अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा काफी खुश नजर आईं. मैच के बाद उन्होंने एनडीटीवी के साथ खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने अपने दिल की बात साझा की, जो कुछ इस प्रकार है- 

सवाल: भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल बचा लिया है. इसपर आपका क्या विचार है?

दीप्ति शर्मा का जवाब: गोल्ड मेडल जीतना बहुत बड़ी बात है. हमारी मेहनत रंग लाई. हम ट्रॉफी जीतने के आदी हो गए हैं. मगर इस बार हमने गोल्ड मेडल जीता है. साल 2026 का हमारा यह पहला गोल्ड है. इसलिए यह और भी खास है.

सवाल: पीएम मोदी ने कहा था, 'सोना खरीदो मत' तो क्या अब लक्ष्य सोना खरीदने के बजाय जीतने का होना चाहिए?

दीप्ति शर्मा का जवाब: (हंसते हुए) मेरा विचार है कि सोना खरीदने से पहले उसे जीतना चाहिए. भारतीय खिलाड़ियों के लिए यह शानदार अवसर है. मैं एशियन गेम्स में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देती हूं.

सवाल: एशिया कप से लेकर अब तक भारत और बाकी अन्य टीमों के बीच क्या बड़ा अंतर देखने को मिला है?

दीप्ति शर्मा का जवाब: हमारे कई सारे कैंप लगते हैं. जहां हमें पता चलता है कि हमें कहां पर सुधार करना है. हमारा सपोर्ट स्टाफ कमाल के हैं. जब आप इस तरह सोचते हैं तो मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं. यही वजह है कि भारतीय टीम मजबूत है.

सवाल: क्या एशियन गेम्स में खेलना थोड़ा अलग महसूस होता है? क्योंकि यहां 'प्लेयर ऑफ द मैच' या 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' जैसे अवॉर्ड नहीं होते हैं?

दीप्ति शर्मा का जवाब: सामान्य मुकाबले के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी होती है. मगर ऐसे मल्टी-स्पोर्ट इवेंट्स में गोल्ड जीतने का एहसास अलग ही होता है. क्योंकि यह पूरी टीम की मेहनत का परिणाम होता है. 

हेड कोच अमोल मजूमदार का बयान 

दीप्ति शर्मा ही नहीं टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार भी भारतीय महिला टीम की जीत से काफी खुश नजर आए. जीत के बाद उन्होंने एनडीटीवी के साथ अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा, 'यह अविश्वसनीय एहसास है. वनडे वर्ल्ड कप जीतना बेहद खास था. मगर एशियन गेम्स का गोल्ड मेडल हासिल करना भी विशेष है. 

मजूमदार ने अपनी बातों को बढ़ाते हुए कहा, 'मैं अन्य टीमों के साथ तुलना करने पर ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता हूं. हमारा लक्ष्य अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने पर है. हर बार प्रत्येक टूर्नामेंट जीतना संभव नहीं होता है, लेकिन अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं तो ज्यादातर मौकों पर अच्छे परिणाम ही मिलते हैं.'

उन्होंने कहा, 'जिन पांच मुकाबलों में मैं टीम के साथ रहा हूं. उन मुकाबलों में हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है. वनडे फॉर्मेट में हम वर्ल्ड चैंपियन हैं. टी20 वर्ल्ड कप हम भले ही नहीं जीत पाए हैं. मगर हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं. गेंदबाजी यूनिट काफी संतुलित नजर आ रही है. बल्लेबाजी में काफी अनुभव है. टीम का भविष्य काफी उज्ज्वल है.'

अपनी बात को समाप्त करते हुए उन्होंने अंत में  कहा, 'मैं पूरे भारतीय दल को एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं देता हूं. आशा करते हैं कि भारत प्रतियोगिता में कई सारे पदक लेकर आएगा.'

यह भी पढ़ें- जिस शर्मनाक रिकॉर्ड से कोसों दूर भागते हैं बल्लेबाज, उसमें नंबर-1 बन गए अभिषेक शर्मा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Deepti Sharma, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com