मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होगा. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बुधवार को कहा कि बोर्ड के पास पर्याप्त समय है और इस पद को लेकर कोई भी फैसला इसके बाद ही लिया जाएगा. अगरकर ने 18 सितंबर को बीसीसीआई को सूचित किया था कि वह भारतीय पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के तौर पर अपने तीन साल के कार्यकाल का विस्तार नहीं चाहते हैं.
सैकिया ने पीटीआई वीडियो से कहा, 'जहां तक अजीत अगरकर का सवाल है, उनका कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होने जा रहा है और हमारे पास चार अक्टूबर तक पर्याप्त समय है.' उन्होंने कहा, 'चार अक्टूबर के बाद जो पद रिक्त होगा, उसके संबंध में हम फैसला करेंगे. बीसीसीआई द्वारा कोई भी फैसला किए जाने के बाद हम निश्चित रूप से इसकी सार्वजनिक रूप से घोषणा करेंगे.'
बीसीसीआई सचिव ने उम्मीद जताई कि भारतीय पुरुष टीम भी महिला टीम की उपलब्धि दोहराएगी जिसने जापान में एशियाई खेलों की क्रिकेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है.
सैकिया ने कहा, 'हमें बहुत गर्व है और देश उनकी शानदार जीत का जश्न मना रहा है. महिला टीम ने वास्तव में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और वह एक साल से अधिक समय से अपनी जीत की लय बरकरार रखे हुए है.'
उन्होंने कहा, 'जहां तक पुरुष टीम का सवाल है, हमारा अभियान 28 तारीख से शुरू हो रहा है और फाइनल तीन अक्टूबर को है. हमें उम्मीद है कि पुरुष टीम भी उसी राह पर चलेगी, जो महिला टीम ने जापान में दिखाई है. मुझे उम्मीद है कि तीन अक्टूबर को देश के पास जश्न मनाने का एक और स्वर्णिम अवसर होगा.'
ये भी पढ़ें- मेरे एक फैसले ने उड़ा दी थी रातों की नींद... इंडिया के कोच गौतम गंभीर आखिर अपने किस फैसले पर हैं इतने दुखी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं