विज्ञापन

IPL 2026: होल्डर की मौजूदगी ने गुजरात टाइटंस को एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया, चेतेश्वर पुजारा का बड़ा बयान

Cheteshwar Pujara on Jason Holder Bowling, IPL 2026: चेतेश्वर पुजारा ने कहा की जेसन होल्डर जैसे अनुभवी खिलाड़ी ने टीम का स्तर और बेहतर कर दिया है.

IPL 2026: होल्डर की मौजूदगी ने गुजरात टाइटंस को एक अलग ही लेवल पर पहुंचा दिया, चेतेश्वर पुजारा का बड़ा बयान
Cheteshwar Pujara on Jason Holder Bowling, IPL 2026:

Cheteshwar Pujara on Jason Holder Bowling, IPL 2026: पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने गुजरात टाइटंस की पंजाब किंग्स पर जीत में जेसन होल्डर के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि जेसन होल्डर जैसे अनुभवी खिलाड़ी ने टीम का स्तर और बेहतर कर दिया है. गुजरात टाइटंस के प्रदर्शन पर बात करते हुए पुजारा ने बताया कि जेसन होल्डर ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों में अहम योगदान दिया. उन्होंने कहा कि होल्डर ने जरूरी समय पर विकेट लिए, जिसमें श्रेयस अय्यर का अहम विकेट भी शामिल था. उन्होंने जियोस्टार पर कहा, "जिस तरह से जेसन होल्डर ने इस टीम पर अपना असर डाला है, चाहे वह बल्ले से हो या गेंद से, वह बहुत शानदार रहा है. उन्होंने कई अहम विकेट लेने में योगदान दिया, जिसमें श्रेयस अय्यर का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल है."

पुजारा ने आगे कहा कि होल्डर की खासियत यह है कि वह टीम में कई तरह की भूमिका निभा सकते हैं. उनकी मौजूदगी से टीम का संतुलन मजबूत हुआ है. उन्होंने बताया कि गुजरात टाइटंस को मध्यक्रम की बल्लेबाजी को लेकर थोड़ी चिंता थी, लेकिन होल्डर नंबर 5, 6 या 7 पर कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं, जिससे टीम को मजबूती मिलती है.

रविवार को खेले गए मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले पर बात करते हुए पुजारा ने युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि अंगकृष ने अपनी उम्र से ज्यादा समझदारी दिखाते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने कहा, "कुल मिलाकर, यह एक बेहतरीन प्रदर्शन था. जहां दूसरे खिलाड़ियों ने भी योगदान दिया, वहीं लक्ष्य का पीछा करने में अंगकृष ने सबसे अहम भूमिका निभाई. 47 गेंदों पर उनके बनाए 59 रनों ने टीम को वह स्थिरता दी जिसकी उस समय सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी."

इस युवा खिलाड़ी के संयम और आत्मविश्वास की तारीफ करते हुए पुजारा ने कहा, "उन्होंने जबरदस्त धैर्य और संयम दिखाया और एक 'एंकर' की भूमिका को पूरी तरह से निभाया. इस तरह के लगातार योगदान से लगता है कि केकेआर इस समय बहुत अच्छी लय में है."

आगे बात करते हुए पुजारा ने सोमवार को होने वाले मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपरजायंट्स के मैच को काफी अहम बताया. उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन चुनौती भरा रहा है और टीम को वापसी करने की जरूरत है. उन्हें अपने फैंस, टीम की प्रतिष्ठा और खिलाड़ियों की मेहनत के लिए ये सब जरूरी है.

उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी टीम होने के कारण मुंबई पर उम्मीदें ज्यादा रहती हैं, इसलिए वह अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा, "जब आप इतनी बड़ी टीम होते हैं, तो उम्मीदें भी बहुत ज़्यादा होती हैं और टीम उनका जवाब देने के लिए बेताब रहती है. वहीं दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स को भी अपनी कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. ऐसे में दोनों टीमें प्लेऑफ की स्थिति से हटकर भी अपनी प्रतिष्ठा के लिए खेलती नजर आएंगी."

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com