Rishabh Pant Wrong Captaincy Decision vs KKR, IPL 2026: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. रविवार को इकाना स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने लखनऊ को सुपर ओवर में धूल चटा दी. यह लखनऊ की लगातार पांचवीं हार है, और इस शर्मनाक हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत की रणनीति और उनके दो बड़े फैसलों पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं. जानकारों का मानना है कि पंत की इन दो गलतियों ने ही लखनऊ की हार की कहानी लिख दी.
पहली गलती - आखिरी ओवर में स्पिनर पर दांव और रिंकू का 'धमाका'
मैच की पहली पारी के दौरान जब केकेआर बल्लेबाजी कर रही थी, तब पंत ने पारी के आखिरी ओवर में एक बड़ा जोखिम लिया. उन्होंने किसी अनुभवी तेज गेंदबाज को विकल्प के तौर पर रखने के बजाय युवा गेंदबाज दिग्वेश राठी को गेंद थमा दी. क्रीज पर मौजूद रिंकू सिंह ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और राठी के ओवर में लगातार 4 छक्के जड़कर केकेआर के स्कोर को 155 तक पहुंचा दिया. अगर यहां किसी तेज गेंदबाज से गेंदबाजी कराई जाती, तो शायद स्कोर 140 के नीचे रहता और मुकाबला सुपर ओवर तक जाता ही नहीं.
दूसरी गलती - सुपर ओवर में पूरन को भेजना पड़ा भारी
जब मुकाबला टाई हुआ और सुपर ओवर की बारी आई, तो पंत ने एक बार फिर चौंकाने वाला फैसला लिया. उन्होंने इन-फॉर्म निकोलस पूरन को स्ट्राइक लेने के लिए भेजा. सुनील नरेन जैसे चतुर स्पिनर के सामने पूरन पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए. इसके बाद खुद पंत और मार्करम भी संघर्ष करते दिखे और पूरी टीम सुपर ओवर में सिर्फ 1 रन बना सकी. निकोलस पूरन के IPL 2026 के प्रदर्शन की बात करें तो पिछले 8 मुकाबलों में उनके बल्ले से मात्र 82 रन आये हैं और उनकी औसत 10.25 और स्ट्राइक रेट 81 की रही है. अब इस बल्लेबाजी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सुपर ओवर में बल्लेबाजी के लिए भेजना तब जब की उनके पास बल्लेबाजों के और भी विकल्प मौजूद थे. ऐसे में पंत के इस फैसले को लेकर किरकिरी हो रही है.
सुपर ओवर का रोमांच और रिंकू का विनिंग शॉट
सुपर ओवर में महज 2 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका जड़कर अपनी टीम को जीत दिला दी. इससे पहले फील्डिंग में रिंकू और रोवमैन पॉवेल की जुगलबंदी ने एडेन मार्करम का जो कैच लपका, उसने लखनऊ की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. लगातार पांच हार के बाद अब लखनऊ के लिए प्लेऑफ की राह और भी मुश्किल हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं