Rinku Singh Hits 6,6,6,6 vs Digvesh Rathi Proved Virender Sehwag Wrong: रिंकू सिंह एक सुपर फ़िनिशर हैं, बेशक उनको मौक़े कम ही मिले हैं. तीन साल पहले गुजरात के ख़िलाफ़ कोलकाता को जीत के लिए 29 रन चाहिए थे और कोलकाता लगभग मैच हार चुका था. लेकिन तब 25 साल के रिंकू नाम के एक गुमनाम से क्रिकेटर ने अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में तहलका मचाया और क्रिकेट फ़ैन्स और एक्सपर्ट्स के दिमाग में हमेशा के लिए दर्ज हो गया. पूर्व क्रिकेटर विरेन्दर सहवाग ने तब एक बयान दिया था,"ऐसा क्रिकेट इतिहास में कभी नहीं हुआ और रिंकू सिंह ये फिर कभी नहीं कर पाएंगे."
यकीनन ऐसी पारी को दुहरा पाना किसी भी क्रिकेटर के लिए सपने जैसा ही है. लेकिन NDTV संवाददाता विमल मोहन से एक्सक्लूसिव बात करते हुए रिंकू ने कहा था,"पांच छक्के लगे हैं तो दुनिया में और भी बहुत चीज़ें हो सकती हैं. मैंने सर का (विरेन्दर सहवाग का) कमेंट देखा था तो मुझे बहुत अच्छा लगा." वैसे सहवाग ने तब रिंकू की तुलना एमएस धोनी और सचिन तेंदुलकर की शख़्सियत से भी की थी.
लखनऊ के ख़िलाफ़ आख़िरी ओवर में लगातार 4 छक्के
लखनऊ के ख़िलाफ़ कोलकाता की पारी मुश्किल में नज़र आ रही थी जब उनके 31 के स्कोर पर पावरप्ले के फ़ौरन बाद 4 विकेट गिर चुके थे. फ़र्स्ट क्लास मैचों में उत्तर प्रदेश की पारियों को कई बार संवार चुके रिंकू ने कोलकाता के लिए एक बार फिर से अपना वैसा ही जौहर दिखाया. गिरते विकेटों के बीच रिंकू आख़िर तक बल्लेबाज़ी के प्लान के साथ उतरे. 19वें ओवर में उन्होंने दिग्गज मो. शमी को लगातार छक्का और चौका जड़कर छह चौके और एक छक्का लगाकर अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया. 19वें ओवर में रिंकू ने मो. शमी को लगातार तीन बाउंड्री जड़ी.
20वें ओवर की दूसरी गेंद से रिंकू ने लेगस्पिनर दिग्वेश राठी को निशाने पर ले लिया. रिंकू ने दिग्वेश राठी के 19.2, 19.3, 19.4 और 19.5 ओवर में लगातार 4 छक्के जड़े. रिंकू ने 51 गेंदों पर 7 चौके और पांच छक्के लगाकर 163 के स्ट्राइक रेट से अपने करियर का बेस्ट नाबाद 83 रन बनाया और कोलकाता के स्कोर को 155/7 तक पहुंचा दिया.
रातोंरात रिंकू का नाम आया लोगों की ज़ुबां पर
तीन साल पहले अलीगढ़ के रिंकू सिंह ने IPL के मैच में गुजरात के गेंदबाज़ यश दयाल को लगातार 5 छक्के जड़कर कोलकाता के लिए ऐसी जीत दर्ज करवाई जो उसके लिए हमेशा के लिए यादगार बन गई. उस मैच में 19.1, 19.2, 19.3, 19.4 और 19.5 ओवर में उन्होंने लॉन्ग ऑफ़, बैकवर्ड स्क्वैयर और लॉन्ग ऑन यानी विकेट के हर ओर उन्होंने 5 छक्के जड़े और 1 गेंद रहते ही मैच अपने नाम कर लिया.
रिंकू के पिता का निधन
रिंकू के लिए IPL में इस सीज़न की शुरुआत बेहद मुश्किल साबित हुई है. रिंकू के पिता खानचंद सिंह का इसी साल फ़रवरी में निधन हो गया. वो अपने पिता के बेहद करीब थे. लेकिन रिंकू ने बहुत जल्दी क्रिकेट और टीम के प्रति अपने कमिटमेंट को कम नहीं पड़ने दिया. लखनऊ के ख़िलाफ़ 83* से पहले राजस्थान के ख़िलाफ़ भी उन्होंने 53* रनों की पारी खेली थी.
यह भी पढ़ें: IPL में संभल एक्सप्रेस मोहसिन ख़ान ने मारा पंजा, टीम इंडिया के लिए हो गए हैं पूरी तरह तैयार
यह भी पढ़ें: LSG vs KKR IPL 2026: अंगकृष रघुवंशी आउट या नॉट आउट? अंपायर ने दिया ऑब्स्ट्रक्टिंग द फ़ील्ड, फैसले से मचा बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं