विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ सीरीज़ के पहले वनडे में तिरुवनंतपुरम में छक्का लगाकर पहले हाफ़ सेंचुरी और फिर सेंचुरी पूरी की. वनडे में किंग का ये 55वां और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 86वां शतक रहा. विराट कोहली उस दौर में शतक लगा रहे हैं जब उनपर और रोहित शर्मा पर ये सवाल खड़े होते रहे कि उनकी टीम में जगह बनी रहेगी या नहीं? जब भी सवाल उठते हैं ROKO अलग अंदाज़ में दिखते रहे हैं. विराट तो अपनी सुपर फ़िटनेस की वजह से और भी अलग नज़र आते हैं. विराट के फ़ैन्स के बीच बहस तेज हो गई है कि वो सचिन के 100 शतकों के रिकॉर्ड से आगे निकल सकेंगे या नहीं?
विराट रिकॉर्डतोड़ कोहली
सुपर फिट विराट ने तिरुवनंतपुरम में 86वीं शतकीय पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बनाए. सिर्फ़ 88 गेंदों पर नाबाद 139 रनों इस पारी में किंग कोहली ने 10 चौके और 9 छक्के लगाए. भारतीय जीत के लिए खेली गई इस क्लासिक पारी के दौरान विराट कोहली ने 8000, 9000 से लेकर 15,000 तक सभी ज़ार रनों की बाउंड्री सबसे पहले पार करने का रिकॉर्ड भी कायम कर दिया. विराट ने घरेलू मैदान पर सबसे ज़्यादा 7000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया. कमाल की बात ये भी रही कि विराट ने अपने 315वें वनडे में अपने नाम सबसे ज़्यादा छक्के लगा दिये.

वनडे में बने हुए शतक मशीन
किंग कोहली ने 2024 कैरीबियाई वर्ल्ड कप जीतते ही टी-20 को अलविदा कहा था. जबकि, पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में सिडनी टेस्ट के बाद उन्होंने रेड बॉल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को ही अलविदा कह दिया. वनडे का हर नया शतक उन्हें अंतर्राष्ट्रीय शतकों की सेंचुरी की ओर बढ़ाता जा रहा है. विराट 100 शतकों के मील के पत्थर से अब 14 शतक दूर हैं.
विराट के अंतर्राष्ट्रीय शतक
• वनडे: 55 शतक
• टेस्ट: 30 शतक
• टी-20-I: 1 शतक
तिरुवनंतपुरम में शतक लगाने के बाद विराट कोहली ने STAR SPORTS पर रवि शास्त्री के सवाल के जवाब में कहा, “..जिस पड़ाव पर मैं हूं, वहां खुद को शारीरिक रूप से बहुत फिट रखना ज़रूरी है क्योंकि खेल अब ज़्यादातर दिमाग में है. मैं कभी भी बहुत ज़्यादा प्रैक्टिस करने वाला खिलाड़ी नहीं रहा, यहाँ तक कि जब मैं तीनों फॉर्मेट खेलता था, जैसा कि आप जानते हैं."
विराट ने ये भी कहा, "मेरे लिए यह मानसिक रूप से तरोताज़ा रहने, वर्तमान में रहने और वहां जाकर खुलकर खुद को व्यक्त करने के बारे में है, एक खास अंदाज़ में खेलने के बारे में, इस टेम्पलेट की और ज़्यादा आदत डालने के बारे में. मुझे अपने करियर के इस पड़ाव पर एक चुनौती मिली है कि मैं अपने खेल का स्तर थोड़ा और ऊपर ले जाऊँ, एक-दो गियर और तेज़ खेलूँ, और हां, इस पर काम करना मेरे लिए काफी रोमांचक रहा."
क्यों हो सकती है विराट के लिए मुश्किल?
भारत औसतन हर साल 10-15 वनडे मैचों में हिस्सा ले रहा है. विराट ने 2024 से लेकर अबतक करीब तीन साल में 5 शतकीय पारियां खेली हैं. लेकिन इस साल 9 महीनों के वक्त में विराट ने भारत के लिए 7 मैचों में 2 शतक जड़े हैं.
विराट ने हाल ही में बयान दिया है कि 2027 का दक्षिण अफ़्रीकी वनडे वर्ल्ड कप उनका आख़िरी वर्ल्ड कप होगा. इस बीच उम्मीद की जा रही है कि वर्ल्ड कप और उससे पहले 6-7 शतक लगा सकते हैं. ऐसे में 100 शतक के मीलस्तंभ तक पहुंचने के लिए मुमकिन है कि उन्हें वर्ल्ड कप के बाद भी टीम इंडिया में खुद को बनाए रखने की ज़रूरत होगी.
विराट की फ़िटनेस कोई मुश्किल नहीं, लेकिन बड़ी बात ये है कि केवल वनडे खेलते हुए उन्हें अपनी फ़िटनेस और फ़ॉर्म को लगातार ऐसे ही बनाए रखना होगा. वरना क्रिकेट के कई खेमे और सोशल मीडिया के एक्सपर्ट्स उनके करियर पर लंबे वक्त से फुलस्टॉप लगाने की कोशिश करते रहे हैं. 37 साल के सुपर फिट विराट की पारी इस बात का इशारा है कि वो 2027 के बाद तक खेलते हुए भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सचिन के 100 शतकों के रिकॉर्ड से आगे निकल सकते हैं.
विराट के साल-दर-साल शतक
• 2008: 0 शतक
• 2009: 1 शतक
• 2010: 3 शतक
• 2011: 4 शतक
• 2012: 8 शतक
• 2013: 6 शतक
• 2014: 8 शतक
• 2015: 4 शतक
• 2016: 7 शतक
• 2017: 11 शतक
• 2018: 11 शतक
• 2019: 7 शतक
• 2020: 0 शतक
• 2021: 0 शतक
• 2022: 2 शतक
• 2023: 8 शतक
• 2024: 1 शतक
• 2025: 3 शतक
• 2026: 2* शतक (7 वनडे*)
ये भी पढ़ें- विराट कोहली नंबर 1, रोहित शर्मा नंबर 2, सफल रन-चेज में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं